वाराणसी दुनिया का 45वां सबसे प्रदूषित शहर:हवा जहरीली, AQI 297 पर पहुंचा; तीन दिन बाद 4 डिग्री गिरेगा तापमान

वाराणसी5 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

वाराणसी में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार सुबह शहर में हल्की ठंड के साथ धुंध छाई रही। इस बीच वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 297 दर्ज किया गया। इसके साथ ही वाराणसी दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 45वें स्थान पर पहुंच गया।

सुबह शहर का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 5 किलोमीटर प्रति घंटे और नमी 56 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है।

हवा में बढ़े प्रदूषण के कण, बच्चों-बुजुर्गों को खतरा

मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। शहर में PM2.5 का स्तर 222 और PM10 का स्तर 261 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। PM2.5 के बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

छह साल के आंकड़ों में 2026 का AQI सबसे ज्यादा

आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी का वर्ष 2026 में औसत AQI 157 रहा, जबकि 2025 में यह 120 था। यानी एक साल में प्रदूषण के औसत स्तर में करीब 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

पिछले वर्षों का औसत AQI इस प्रकार रहा

  • 2020 में 120
  • 2021 में 124
  • 2022 में 103
  • 2023 में 82
  • 2024 में 86
  • 2025 में 120
  • 2026 में 157

14 नवंबर को पांच साल में दूसरा सबसे ज्यादा AQI

14 नवंबर के पिछले पांच वर्षों के तुलनात्मक आंकड़ों में 2026 का AQI 249 दर्ज किया गया। यह इस अवधि का दूसरा सबसे अधिक स्तर रहा। आंकड़े बताते हैं कि सर्दी बढ़ने के साथ काशी में वायु प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है।

.

    UP Latest News Today

    Today Weather Update

    Our Group Site Links