- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Prayagraj
- Prayagraj Weather Update | Fog & Severe Pollution AQI Over 400
प्रयागराज में AQI 400 के पार, प्रदूषण से बिगड़ी हवा:सांस लेने में परेशानी, सुबह धुंध की चादर में लिपटा रहा शहर
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में नवंबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। सोमवार सुबह शहर धुंध की चादर में लिपटा रहा। इस बीच हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होने से लोगों को ठंड के साथ प्रदूषण की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) एक बार फिर 400 के पार पहुंच गया। इससे सांस संबंधी परेशानी और आंखों में जलन का खतरा बढ़ गया है।
दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन सुबह और शाम ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है। रात में ओस और सुबह धुंध के कारण मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, आने वाले एक सप्ताह में ठंड और बढ़ सकती है।

दिवाली के बाद फिर बिगड़ी हवा की गुणवत्ता
दिवाली के बाद पटाखों के धुएं से शहर का AQI 500 के पार पहुंच गया था। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार हुआ, लेकिन सोमवार को एक बार फिर हवा की गुणवत्ता खराब हो गई। सुबह आसमान में छाई धुंध के बीच प्रदूषित कणों का असर साफ दिखाई दिया।

बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह
खराब हवा के कारण आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह के समय खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर मास्क लगाएं। सांस लेने में परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लें।

























