- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Umang Singhar Letter To CM Mohan Yadav | Rehire Covid Health Workers
4000 कोविड स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सिंघार का CM को पत्र:नेता प्रतिपक्ष बोले-स्वास्थ्य संस्थाओं में हजारों पद खाली; फिर अनुभवी कर्मियों की अनदेखी क्यों?
- कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कोविड-19 महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा करने वाले करीब 4,000 स्वास्थ्यकर्मियों को दोबारा रोजगार देने और उनके पुनर्नियोजन की मांग की है।
शनिवार को पत्र के माध्यम से सिंघार ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में हजारों पद रिक्त हैं, तो अनुभवी कर्मचारियों की अनदेखी क्यों की जा रही है?
नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में कहा कि कोविड महामारी के कठिन दौर में डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो वर्षों तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की देखभाल की, लेकिन महामारी के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
सिंघार ने कहा कि आज यही करीब 4,000 अनुभवी स्वास्थ्यकर्मी रोजगार और भविष्य की मांग को लेकर कई दिनों से भोपाल में संघर्ष और प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्वास्थ्य संस्थाओं में हजारों पद रिक्त
उन्होंने कहा कि एक ओर कोविड काल में सेवाएं दे चुके प्रशिक्षित और अनुभवी स्वास्थ्यकर्मी रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न संवर्गों के हजारों पद रिक्त हैं। ऐसे में इन स्वास्थ्यकर्मियों की योग्यता और अनुभव का उपयोग करते हुए उनके समायोजन एवं पुनर्नियोजन के लिए सरकार को स्पष्ट और व्यावहारिक नीति बनानी चाहिए।
पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को रोजगार देने की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कोविड काल में सेवाएं देने वाले पात्र स्वास्थ्यकर्मियों के अनुभव और योग्यता को ध्यान में रखते हुए उन्हें जल्द रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए। इससे लंबे समय से संघर्ष कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिल सकेगी।
सिंघार ने कहा कि जिन्होंने संकट के समय प्रदेश की जनता की सेवा की, उनके भविष्य की जिम्मेदारी भी सरकार की है। कोविड काल के अनुभवी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ न्याय करते हुए सरकार को उनके पुनर्नियोजन का रास्ता तत्काल निकालना चाहिए।






















