• Hindi News
  • National
  • Meta Office Violence Video; Mumbai Hyderabad Youth Congress Protest Photos Update | BJP

मुंबई-हैदराबाद समेत 3 शहरों के मेटा ऑफिस में तोड़फोड़-हंगामा:4 पर FIR; यूथ कांग्रेस बोली- BJP के कहने पर नेताओं के अकाउंट सस्पेंड किए

मुंबई/हैदराबाद/मुंबई2 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में घुस गए। मुंबई में पोस्टर जलाए। - Dainik Bhaskar
हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में घुस गए। मुंबई में पोस्टर जलाए।

इंडियन यूथ कांग्रेस ने विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में शुक्रवार को हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।

हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ की। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा। मुंबई पुलिस ने शनिवार को 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। वहीं, गुरुग्राम में प्रदर्शनकारियों ने ऑफिस के मेन गेट पर ताला लगा दिया।

यूथ कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिए। संगठन ने सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।

मेटा ऑफिस के बाहर प्रदर्शन की 3 तस्वीरें…

मेटा के हैदराबाद ऑफिस में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
मेटा के हैदराबाद ऑफिस में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
मुंबई में यूथ कांग्रेस ने मेटा ऑफिस के बाहर पोस्टर भी जलाए।
मुंबई में यूथ कांग्रेस ने मेटा ऑफिस के बाहर पोस्टर भी जलाए।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुग्राम स्थित मेटा ऑफिस के गेट पर ताला लगा दिया।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुग्राम स्थित मेटा ऑफिस के गेट पर ताला लगा दिया।

मुंबई में प्रदर्शन के दौरान शीशे पर लिखा नारा

मुंबई के BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग इकट्ठा हुए थे। FIR के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा। इससे शीशे को नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने जिन चार लोगों को नामजद किया है, उनमें जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर शामिल हैं। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 और महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है।

हैदराबाद में 20 से 21 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए

तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए।

पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया था। करीब तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया।

यूथ कांग्रेस का दावा- प्रदर्शन के 15 मिनट बाद अकाउंट बहाल हुए

यूथ कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए।

संगठन ने सवाल उठाया कि अकाउंट पर पाबंदी किसके आदेश पर लगाई गई थी। उसने यह भी पूछा कि जब भी लोगों की आवाज दबाई जाएगी, क्या भारतीयों को मेटा के ऑफिस जाना पड़ेगा?

भाजपा बोली- कांग्रेस गुंडों की पार्टी

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा- इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ मेटा के ऑफिस में तोड़फोड़ की, बल्कि सोशल मीडिया पर इसका दिखावा भी कर रहे हैं। राहुल गांधी की कांग्रेस गुंडों की पार्टी है। याद कीजिए कैसे वर्ल्ड AI समिट में बिना कपड़ों के घुसकर यूथ कांग्रेस ने देश का अपमान किया था।

KTR बोले- हैदराबाद की कारोबारी छवि को नुकसान पहुंचा

BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने भी हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा- कल की घटना में सिर्फ शीशे नहीं टूटे, बल्कि ब्रांड हैदराबाद का भरोसा भी टूटा है।

KTR ने कहा- मेटा ने भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में बनाया है और कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल के भरोसे निवेश किया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि पिछले तीन साल में वह कौन-सा बड़ा ग्लोबल ब्रांड है, जिसे वह हैदराबाद लेकर आई है।

---------------------------------

यह खबर भी पढ़ें…

यूजर्स की पोस्ट के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जिम्मेदार होंगे:सरकार नियम बदल सकती है; फेसबुक, इंस्टाग्राम और X की कानूनी सुरक्षा हटाने की तैयारी

केंद्र सरकार फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा खत्म करने पर विचार कर रही है। IT मंत्रालय ने सोशल मीडिया नियमों में बदलाव पर चर्चा शुरू की है। इसके तहत यूजर्स की पोस्ट, वीडियो और कमेंट के लिए प्लेटफॉर्म्स को भी जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। पूरी खबर पढ़ें…

.
खबरें और भी हैं...

Local NEWS

Today Weather Update

Our Group Site Links