- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bihar Winter Session: Samrat Chaudhary, Tejashwi Yadav, Prashant Kishor Face Off
भास्कर एनालिसिसएनकाउंटर, TRE-4 और 'नीतीश सेतु', सरकार पर 6 वार:पहली बार CM सम्राट के सामने होंगे प्रशांत किशोर, तेजस्वी होंगे आक्रामक, जानिए विपक्ष की पूरी प्लानिंग
- कॉपी लिंक

बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र इस बार कई मायनों में खास होने वाला है। सदन में पहली बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और जनसुराज के विधायक प्रशांत किशोर आमने-सामने होंगे। यानी सरकार के सामने विपक्ष की दोहरी चुनौती होगी
एक तरफ तेजस्वी यादव सरकार को घेरने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ प्रशांत किशोर पहली बार सदन के भीतर उन नेताओं से सीधे सवाल करेंगे, जिन पर अब तक वे बाहर से हमलावर रहे हैं।
आखिर वे कौन से मुद्दे हैं, जिन पर शीतकालीन सत्र में सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं? समझिए स्पेशल स्टोरी में...!
सम्राट सरकार को घेरने का विपक्ष का 6 सूत्रीय प्लान
1. कानून-व्यवस्था: एनकाउंटर से लेकर दिनदहाड़े लूट तक पर घिरेगी सरकार
विपक्ष के एजेंडे में सबसे ऊपर कानून-व्यवस्था का मुद्दा है। तेजस्वी यादव लगातार राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर हमलावर रहे हैं। आरजेडी सांसद मीसा भारती ने भी सम्राट सरकार में हो रहे एनकाउंटर पर जाति देखकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के बाद सरकार को भी बैकफुट पर आना पड़ा था। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे तो सरकार ने इसे गलत पुलिसिया कार्रवाई बताया। इसके बाद चर्चा शुरू हुई कि सम्राट चौधरी एनकाउंटर के मामले में पुलिस पर लगाम लगाएंगे। हालांकि, इसके बावजूद एनकाउंटर का सिलसिला जारी रहा।
आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 9 महीने में 14 एनकाउंटर हुए हैं। इनमें 5 अपराधी मारे गए, जबकि 9 के पैर में गोली लगी। सत्र शुरू होने से पहले भरत तिवारी का परिवार एक बार फिर आरा स्थित अपने घर के बाहर धरने पर बैठ गया है। परिवार सरकार से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
विपक्ष सिर्फ एनकाउंटर ही नहीं, डकैती और चोरी की घटनाओं को भी मुद्दा बनाने की तैयारी कर रहा है। नवंबर में बेतिया में एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की लूट हुई। इसी महीने बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय टाइगर के आवास से करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। 24 नवंबर को RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव के हिलसा स्थित आवास में भी चोरी हुई।

2. सरकारी नौकरी और TRE-4: एक करोड़ रोजगार के वादे पर सवाल
कानून-व्यवस्था के बाद दूसरा बड़ा मुद्दा युवाओं को नौकरी देने का होगा। चुनाव से पहले NDA ने अपने घोषणा पत्र में पांच साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया था। अब विपक्ष पूछेगा कि इस वादे को पूरा करने की दिशा में सरकार ने कितनी प्रगति की है।
सबसे ज्यादा सवाल शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर उठेंगे। इसकी परीक्षा कब होगी, यह अब तक तय नहीं है। दूसरी तरफ प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और परीक्षाएं रद्द होने की घटनाओं ने भी सरकार की मुश्किल बढ़ाई है।
सरकार ने सत्र शुरू होने से पहले BPSC की नई अध्यक्ष हरजोत कौर बम्हरा की नियुक्ति कर दी है। उनकी छवि सख्त प्रशासक की रही है। लेकिन विपक्ष परीक्षा व्यवस्था में बार-बार गड़बड़ी और इसकी जवाबदेही तय करने को लेकर गंभीर है।
विधान परिषद की नियुक्तियों को रद्द किए जाने का मामला भी इसी बहस का हिस्सा हो सकता है। एक तरफ परिषद की नियुक्तियां रद्द हुई हैं, दूसरी तरफ विधानसभा में नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में वहां भी गड़बड़ी की आशंका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विधान परिषद के कार्यकारी सभापति ने सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि आगे से परिषद में नियुक्तियां BPSC या BSSC के माध्यम से कराई जाएं। निजी एजेंसियों से परीक्षाएं कराने का भी विरोध हो रहा है। विपक्ष का आरोप है कि परीक्षा में गड़बड़ी होने पर सरकार संबंधित एजेंसी पर जिम्मेदारी डालकर खुद बच निकलती है।
3. चौधरी की असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति: प्रशांत किशोर उठाएंगे सवाल
सम्राट सरकार के मंत्री अशोक चौधरी की असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्ति का मामला भी सदन में गरमा सकता है। MLC और मंत्री रहते हुए उन्होंने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर जॉइन किया था। हालांकि, जॉइनिंग के अगले ही दिन उन्होंने लियन पर छुट्टी के लिए आवेदन दे दिया। इस मामले में कई सवाल उठे।
- पहला- मंत्री और एमएलसी रहते हुए उनकी जॉइनिंग कैसे हुई?
- दूसरा-क्या प्रोबेशन पीरियड में लियन पर छुट्टी मिल सकती है?
राजभवन की टिप्पणी के बाद मामला उलझ गया। फाइल राजभवन से महाधिवक्ता तक पहुंची, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकलता दिखा। विवाद बढ़ने पर अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर का पद छोड़ दिया।
इस पूरे मामले में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर लगातार इस नियुक्ति पर सवाल उठाते रहे हैं। वे आरोप लगाते रहे हैं कि अशोक चौधरी ने परीक्षा तक नहीं दी थी। ऐसे में विपक्ष इस मामले की जांच की मांग कर सकता है।
4. दो निर्दलीय MLC की बीजेपी सदस्यता का मामला
बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय सदस्यों बंशीधर बृजवासी और डॉ. राहुल राज का मामला भी सदन में उठ सकता है।
बंशीधर बृजवासी ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से और डॉ. राहुल राज ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। चुनाव जीतने के बाद दोनों के बीजेपी की सदस्यता लेने का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद तकनीकी पेंच सामने आया तो दोनों अपने बयानों से पलट गए और कहा कि उन्होंने बीजेपी की सदस्यता नहीं ली है।

विपक्षी दलों ने इसे दलबदल का मामला बताते हुए दोनों की सदस्यता खत्म करने की मांग शुरू कर दी। इस संबंध में सभापति को लिखित शिकायत भी दी गई है। जिसे सभापति ने खारिज कर दिया।
माले MLC शशि यादव का कहना है कि विधानमंडल के सत्र लगातार छोटे होते जा रहे हैं, जबकि जनता के सवालों पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए।
वे कहती हैं, ‘पूरे बिहार में अपराध, महिला उत्पीड़न, स्कीम वर्करों को तीन-चार महीने से भुगतान नहीं मिलने और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। दो निर्दलीय MLC के बीजेपी में शामिल होने के मामले में सभापति की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने का सवाल भी विपक्ष मजबूती से उठाएगा।’
5. नीतीश सेतु के नामकरण पर भी उठेंगे सवाल
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने का विवाद भी सदन में पहुंच सकता है।
सम्राट चौधरी सरकार ने इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर को पटना आकर इसका उद्घाटन किया। लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नामकरण पर सवाल उठाए हैं।
तेजस्वी का कहना है कि समाजवादी नेता अक्षयवट राय के नाम पर पुल का नाम रखने को लेकर नीतीश कुमार के साथ सहमति बनी थी। इसके बावजूद सरकार ने उनके नाम पर पुल का नाम नहीं रखा। तेजस्वी ने यह भी याद दिलाया कि सरकार की ओर से सदन में जवाब दिया गया था कि गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल का नाम रखने का प्रस्ताव आया था।
तेजस्वी का एक और तर्क है कि किसी जीवित नेता के नाम पर पुल का नाम रखने की परंपरा ठीक नहीं है।
6. अफसरों का भ्रष्टाचार: पुराने सत्ता प्रतिष्ठान पर भी निशाना
अधिकारियों के भ्रष्टाचार का मामला भी विपक्ष के निशाने पर रहेगा। नीतीश कुमार के शासनकाल में कई विभागों और टेंडर प्रक्रियाओं से जुड़े विवाद सामने आए हैं। रिशुश्री मामले से जुड़े अधिकारियों की भूमिका और टेंडर घोटाले के आरोपों ने सरकार की मुश्किल बढ़ाई है।
विपक्ष का तर्क है कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर गड़बड़ी संभव नहीं है। अब तक सामने आए नामों में संजीव हंस, आनंद किशोर, मुमुक्षु चौधरी, तारणी दास, उमेश कुमार सिंह, विकास झा, साकेत कुमार, सुनील कुमार, संतोष कुमार मल्ल और धर्मेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी शामिल हैं।
RJD विधायक भाई वीरेंद्र के मुताबिक, अपराध और भ्रष्टाचार इस सत्र के सबसे बड़े मुद्दे होंगे। वे कहते हैं, ‘सरकारी दफ्तरों में बिना पैसे दिए काम कराना मुश्किल हो गया है। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड तक भ्रष्टाचार का यही हाल है। इस सरकार में भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया है।’
3 कारणों से शीतकालीन सत्र अबकी बार अलग
1. पहली बार सदन में प्रशांत किशोर: जिन नेताओं को बाहर से घेरा, अब सामने होंगे
इस शीतकालीन सत्र का सबसे दिलचस्प पहलू प्रशांत किशोर की मौजूदगी होगी। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार विधायक के रूप में सदन में पहुंचेंगे।
उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़कर जीत हासिल की। इस सीट से लंबे समय तक नितिन नवीन जीतते रहे थे। उनके राज्यसभा जाने के बाद सीट खाली हुई तो बीजेपी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया। लेकिन उपचुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा और जनसुराज का खाता विधानसभा में खुल गया।
प्रशांत किशोर की पहचान सरकार और नेताओं को सीधे चुनौती देने वाले नेता की रही है। वे अब तक कई मंत्रियों के खिलाफ सिलसिलेवार आरोप लगा चुके हैं। युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरी और पलायन का मुद्दा उनके राजनीतिक अभियान का प्रमुख हिस्सा रहा है।
अब पहली बार ऐसा होगा जब वे सदन के भीतर उन नेताओं के सामने होंगे, जिन्हें अब तक बाहर से घेरते रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनके मंत्रियों के सामने प्रशांत किशोर किस तेवर में सवाल उठाते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।
सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में भी प्रशांत किशोर ने अधिकारियों की जवाबदेही का मुद्दा उठाया।

गलत जवाब देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि सदन में सवाल पूछे जाने के बाद भी कई बार विभागों की ओर से दिए गए आश्वासन पर अमल नहीं होता। कई विभागों के अधिकारी गलत जवाब तैयार करके दे देते हैं।
उन्होंने मांग की कि पिछले 20 सालों में सदन में पूछे गए सवालों और उनके जवाबों को सामने रखा जाए। जिस विभाग या अधिकारी ने गलत जवाब दिया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
2. विधान परिषद की बहाली में धांधली को लेकर नए सभापति पर नजर
विधानसभा के साथ विधान परिषद का सत्र भी इस बार कई वजहों से महत्वपूर्ण होगा। कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय के सामने पहली बड़ी चुनौती सदन का संचालन करना है।
- हाल के दिनों में विधान परिषद पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह के कार्यकाल में हुई नियुक्तियों को रद्द किए जाने को लेकर चर्चा में रही है। प्रो. रामवचन राय जेडीयू से आते हैं, लेकिन उन्होंने बीजेपी से जुड़े पूर्व सभापति के कार्यकाल में हुई बहालियों पर सवाल उठाए और उन्हें रद्द कर दिया।
- उन्होंने इसके पीछे कारण भी बताए। इसके बाद एक और बड़ा फैसला लेते हुए सरकार को पत्र लिखा कि आगे से विधान परिषद में नियुक्तियां बिहार लोकसेवा आयोग या बिहार कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से कराई जाएं।
- अब देखना होगा कि कार्यकारी सभापति के रूप में प्रो. रामवचन राय सदन को किस तरह संचालित करते हैं।
3. कई चेहरे नए दिखेंगे
इस बार विधान परिषद में कुछ चर्चित चेहरों की कमी भी खलेगी। छात्रों और शिक्षकों से जुड़े सवाल उठाने वाले सीपीआई के संजय कुमार सिंह चुनाव हार गए हैं। बीजेपी के प्रो. नवल किशोर यादव भी इस बार सदन में नहीं होंगे। दरभंगा के सर्वेश कुमार भी चुनाव हार गए। पिछली बार वे निर्दलीय जीते थे, लेकिन इस बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े थे।
हालांकि, विपक्ष को आरजेडी के संजीव कुमार के रूप में एक मुखर नेता मिला है। JDU के नीरज कुमार भी फिर चुनाव जीतकर सदन में पहुंचे हैं।






















