- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- Canada Declares Goldy Brar Most Wanted In Sukh Dool Gill Murder Case
कनाडा ने गोल्डी बराड़ पर ₹1.62 करोड़ इनाम रखा:मोस्ट वांटेड गैंगस्टर घोषित, सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी आरोप
- कॉपी लिंक

सिद्धू मूसेवाला की हत्या समेत कई मामलों में भारत में वांटेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर कनाडा ने 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (करीब 1.62 करोड़ रुपए) का इनाम घोषित किया है।
यह इनाम उसे पकड़वाने में मदद करने या उसकी पुख्ता जानकारी देने वाले को मिलेगा। भारत से फरार गोल्डी कनाडा के मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में भी अब टॉप पर है।
कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने गुरुवार को उस पर इनाम का ऐलान किया। यह प्रोग्राम पुलिस के साथ मिलकर फरार अपराधियों को पकड़ने में मदद करता है। इनाम की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब अमेरिकी जांच एजेंसी FBI भी गोल्डी को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है।

जानिए, किस मामले में कनाडा पुलिस को तलाश...
कनाडा की विनिपेग पुलिस, सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में गोल्डी बराड़ उर्फ सतिंदरजीत सिंह की तलाश में है। सुखदूल की 20 सितंबर 2023 को हैजेल्टन ड्राइव के 200 ब्लॉक में स्थित एक घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं। फर्स्ट डिग्री मर्डर का आरोप योजनाबद्ध तरीके से की गई हत्या के मामलों में लगाया जाता है।
जानकारी देने वाले को 2 नवंबर 2027 तक मिलेगा इनाम
BOLO प्रोग्राम ने लोगों से गोल्डी बराड़ के बारे में भरोसेमंद जानकारी साझा करने की अपील की है। ऐसी जानकारी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां उसे गिरफ्तार कर सकें, देने वाले को इनाम दिया जाएगा। यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक लागू रहेगा।
FBI भी 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित कर चुकी
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी गोल्डी बराड़ पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 9.32 करोड़ रुपए) का इनाम घोषित किया है। FBI ने 28 सितंबर को उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया था। एजेंसी ने कहा था कि गोल्डी को पकड़वाने में मददगार जानकारी देने वाले को यह रकम दी जाएगी।
अमेरिकी रिपोर्ट में गैंग को लेकर 5 दावे…
1. आरोप सिर्फ अपराधियों पर, सरकार का जिक्र नहीं
पूरे अमेरिकी आरोप पत्र और प्रेस रिलीज में आरोप केवल कथित आपराधिक गिरोहों और उनके सदस्यों पर हैं। किसी भारतीय सरकारी अधिकारी पर कोई आरोप नहीं है।
2. ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत 37 पर आरोप, 24 गिरफ्तार
अमेरिका, कनाडा और यूरोप ने संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' चलाकर भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों पर कार्रवाई की। इसमें 37 लोगों पर आरोप लगाए गए और 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

3. लॉरेंस पर जेल से गैंग चलाने का आरोप
अमेरिकी आरोपपत्र के मुताबिक, लॉरेंस भारत की जेल में रहते हुए मोबाइल और इंटरनेट कॉलिंग (VoIP) डिवाइस के जरिए हत्या, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स और मानव तस्करी जैसे अपराधों का संचालन करता था।
4. निज्जर हत्या का आदेश देने का आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि 18 जून 2023 को कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश लॉरेंस और गोल्डी बराड़ ने दिया था।

5. रंगदारी और ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क
रिपोर्ट के मुताबिक, गिरोह वॉट्सऐप और अन्य एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए धमकी देकर रंगदारी वसूलता था। साथ ही ड्रग्स तस्करी और प्रतिद्वंद्वी गिरोहों से कोकीन लूटकर अपना नेटवर्क चलाता था।
गोल्डी की पढ़ाई के दौरान चचेरे भाई की हत्या हो गई थी
गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। साल 1994 में जन्म हुआ, माता पिता ने नाम रखा सतविंदर सिंह। पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। बेटे को भी पढ़ा लिखा कर काबिल बनना चाहते थे, लेकिन सतविंदर उर्फ गोल्डी ने तो अपनी अलग ही राह चुन ली थी।
गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में हत्या हो गई। गुरलाल को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात गोली मारी गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का छात्र नेता था।
गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी था। गुरलाल बराड़ और लॉरेंस पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) से जुड़े रहे। गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अब नई जंग की शुरुआत है, सड़कों पर खून नहीं सूखेगा।

गुरलाल बराड़ को चंडीगढ़ में एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात को गोली मारी गई थी। इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी बराड़ ने गुरलाल पहलवान को मारा था।
हत्या का बदला लेकर कनाडा भाग गया
इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी ने क्राइम का रास्ता चुना। गोल्डी गैंगस्टर्स के संपर्क में आया। जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई से भी इसकी मुलाकात हुई। फिर गोल्डी ने अपने भाई के कत्ल के आरोपी फरीदकोट में जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गुरलाल सिंह की 8 फरवरी 2021 को गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद गोल्डी गुपचुप तरीके से स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भाग गया।
पुलिस के मुताबिक गोल्डी चेहरा बदल-बदलकर कनाडा में रहता है ताकि पकड़ में ना आ सके। पुलिस के पास इसकी 5 अलग-अलग रूपों की तस्वीरें हैं। गैंगस्टर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।
------------------
यह भी पढ़ें- गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बोला- लॉरेंस घड़े की मछली जैसा:कभी भी मार सकता हूं; अर्श डल्ला को कहा- सिद्धू मूसेवाला तुम्हारी वजह से मरा
कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर पंजाबी गैंगस्टर आमने-सामने आ गए हैं। अमेरिका में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने एक ऑडियो जारी कर गैंगस्टर अर्श डल्ला को उसके आरोपों का जवाब दिया है। लॉरेंस के साथ लड़ाई पर गोल्डी बराड़ ने कहा कि दोनों के बीच पुरानी दोस्ती थी। अब उनके उसूल अलग हैं। पूरी खबर पढ़ें…

खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















