- Hindi News
- Bhaskar khaas
- Bhaskar explainer
- GTA6 Price; Grand Theft Auto VI Gameplay Interesting Facts Budget | GTA Holiday
आज का एक्सप्लेनर:डकैती, रेसिंग, प्यार… GTA-6 के भीतर क्या-क्या होता है, लोग इतने दीवाने क्यों; रिलीज होते ही 14 हजार करोड़ कमाए
- कॉपी लिंक

19 नवंबर के लिए कई देशों में छुट्टी की अर्जियां बढ़ गईं। कुछ कंपनियों ने तो खुद ऑफिशियल छुट्टी घोषित कर दी। वजह कोई त्योहार नहीं, एक वीडियो गेम है। नाम- GTA 6
चाहने वालों को इसका 13 साल से इंतजार था। रिलीज के पहले ही इसने करीब 14 हजार करोड़ रुपए कमा लिए। पीएम मोदी ने भी पोस्ट कर लिखा- इंडिया एक अलग गेम खेल रहा है।
आखिर GTA 6 क्या है, इसके भीतर की दुनिया कैसी है और लोग एक वीडियो गेम के इतने दीवाने क्यों हैं; जानेंगे आज के एक्सप्लेनर में…
सवाल-1: GTA क्या है और इसमें करना क्या होता है?
जवाब: GTA, यानी ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ दुनिया की सबसे मशहूर और सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज है। इसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने 1996-97 में तैयार किया था।
यह एक ‘ओपन-वर्ल्ड एक्शन-एडवेंचर’ गेम है, यानी खिलाड़ी को एक पूरा काल्पनिक शहर दे दिया जाता है, जहां वह अपनी मर्जी से कहीं भी घूम सकता है और कुछ भी कर सकता है।
- इस गेम में काल्पनिक शहर बनाए जाते हैं, जो असली अमेरिकी शहरों जैसे होते हैं। जैसे- GTA V में 'लॉस सैंटोस' नाम का शहर दिखाया गया था, जो कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स जैसा था। जबकि नए GTA 6 में 'वाइस सिटी' है, जो अमेरिका के मियामी शहर पर आधारित है।
- इसमें खिलाड़ी एक या दो मुख्य किरदारों को कंट्रोल करते हैं। नए GTA 6 में पहली बार एक महिला किरदार 'लूसिया' और उसके पुरुष साथी 'जेसन' की जोड़ी है। इनकी कहानी मशहूर अमेरिकी क्रिमिनल जोड़ी- ‘बोनी एंड क्लाइड’ पर बेस्ड है।
- खिलाड़ी शहर में कहीं भी जा सकते हैं। कार, बाइक वगैरह चला सकते हैं। रेसिंग कर सकते हैं। मिशन और एक्टिविटी से कमाई करके गाड़ियां, हथियार, कपड़े और प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं।
- अंडरवर्ल्ड में छोटे अपराधों से शुरुआत करके बड़े मिशन पूरे करते हैं- जैसे बैंक डकैती, गाड़ियां चुराना, गैंग वॉर और पुलिस से बचकर भागना। गेम के ऑनलाइन वर्जन में अपने दोस्तों के साथ मिशन, रेस, चैलेंज और कस्टम मोड खेल सकते हैं।
- इस गेम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई बंधन नहीं है। अगर आप मिशन पूरा नहीं करना चाहते हैं, तो आप शहर में कार या हेलीकॉप्टर चला सकते हैं, समंदर में बोटिंग कर सकते हैं, क्लब जा सकते हैं, शॉपिंग कर सकते हैं या सिर्फ सड़क पर टहलकर शहर की नाइटलाइफ देख सकते हैं।
- गेम में अपराध करने पर आपके ऊपर वर्चुअल पुलिस केस भी होते हैं, जिनसे बचने के लिए गेम के भीतर ही कानूनी प्रोसेस और नियम बनाए गए हैं।

सवाल-2: GTA 6 में नया और अलग क्या है?
जवाब: दो चीजें नई हैं- कहानी और रियलिस्टिक दुनिया।
रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक, GTA 6 में जेसन डुवल और लूसिया दो किरदार बनाए गए हैं। ये दोनों अमेरिका के काल्पनिक शहर लियोनिडा और वाइस सिटी में अंडरवर्ल्ड की दुनिया से निकलकर एक बेहतर जिंदगी जीने की कोशिश करते हैं।
दरअसल, गेम में लूसिया और जेसन का अतीत अपराध से जुड़ा है। लूसिया जेल से बाहर आई है, जबकि जेसन लोकल तस्करों और ड्रग स्मगलरों के लिए काम कर रहा है।
गेम का मकसद है- अपराध की दुनिया को छोड़कर एक सामान्य जीवन शुरू करना। इसके लिए और पैसा जुटाने के लिए लूसिया और जेसन ‘एक आखिरी आसान काम’ करने का फैसला करते हैं। लेकिन वह काम बिगड़ जाता है और वे निकलने के बजाय आपराधिक साजिश में फंस जाते हैं। इसके बाद भी वे सामान्य जीवन शुरू करने की कोशिश करते हैं।
GTA 6 के इतना ज्यादा रियलिस्टिक होने 3 बड़ी वजहें हैं…
1. अपग्रेडेड RAGE गेम इंजन: RAGE (रॉकस्टार एडवांस्ड गेम इंजन) के सबसे मॉडर्न वर्जन का इस्तेमाल किया है। इसके चलते लाइटिंग, पानी की लहरों, किरदारों की त्वचा और भीड़ के बर्ताव को असली दुनिया जैसा दिखाया गया है।
2. RTGI से असली रोशनी जैसा अनुभव: गेम में रे-ट्रेस्ड ग्लोबल इल्यूमिनेशन (RTGI) टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया है, जिससे सूरज की रोशनी और रात में नियॉन लाइट्स की चमक बिल्डिंग और गाड़ियों पर बिल्कुल असली जैसी दिखती है। इसके अलावा गाड़ियों के शीशों, खिड़कियों और पानी में आसपास की दुनिया की साफ परछाई बनती है।
3. 6 लाख एनिमेशन से बनाई असली भीड़: पुराने गेम्स में भीड़ में शामिल लोग एक ही तरह के काम दोहराते थे, लेकिन GTA 6 में हर किरदार के अपने अलग काम और व्यवहार हैं। इसके लिए गेम में 6 लाख से ज्यादा अलग-अलग एनिमेशन डाले गए हैं।

सवाल-3: इस गेम को लेकर लोग इतने दीवाने क्यों हैं?
जवाब: पहला GTA गेम नवंबर 1997 में लॉन्च हुआ। तब गेम 2D कार्टून जैसी स्टाइल में बना था। इसके बाद 2001 में GTA 3 लॉन्च हुआ, जिसमें पहली बार गेम को 3D में तैयार किया गया। फिर 2002 में GTA वाइस सिटी और 2004 में GTA सैन एंड्रियास आए, जिसने दुनियाभर के कई साइबर कैफे में धूम मचा दी। 2013 में GTA 5 आया।
13 साल बाद रॉकस्टार गेम्स ने GTA 6 लॉन्च किया। लोगों ने इसका बेसब्री से इंतजार किया। इसका अंदाजा इससे लगा लीजिए कि दिसंबर 2023 में जब GTA 6 का पहला ट्रेलर लॉन्च हुआ, तब 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर इसके 9 करोड़ से ज्यादा व्यूज हो गए। इसने सबसे ज्यादा देखे जाने वाले नॉन-म्यूजिक वीडियो का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।
इस दीवानगी की सबसे बड़ी वजह है - रॉकस्टार गेम्स की बेहतरीन क्वालिटी, बेस्ट ट्रैक रिकॉर्ड, मॉडर्न टेक्नोलॉजी और नॉस्टैल्जिया। दुनियाभर में लाखों लोगों के लिए GTA सिर्फ गेम नहीं, बल्कि बचपन और जवानी की यादों का हिस्सा है। जिन लोगों ने 2013 का GTA 5 स्कूल या कॉलेज के दिनों में खेला, वे अब नौकरी या परिवार संभाल रहे हैं। उनके लिए GTA 6 खेलना भावुक और रोमांचक अनुभव है।
वहीं रॉकस्टार गेम्स की पहचान है कि वह हर नए गेम के साथ पूरी गेमिंग इंडस्ट्री के लिए बेंचमार्क बदल देता है। 2018 में उसके ‘Red Dead Redemption 2’ की बारीकियों से लोग आज भी हैरान रहते हैं। ऐसे में दुनिया को भरोसा था कि GTA 6 केवल एक अगला सीक्वल नहीं, बल्कि गेमिंग का नया बेंचमार्क बनेगा।
सवाल-4: इसे बनाने में कितना पैसा लगा, भारत में कितने का बिक रहा?
जवाब: रॉकस्टार गेम्स ने इसका ऑफिशियल बजट जारी नहीं किया है। हालांकि गेमिंग एक्सपर्ट्स और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, GTA 6 को बनाने में करीब 1 से 1.5 अरब डॉलर, यानी 9,300 से 14,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इतने में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत 'बुर्ज खलीफा' बनी है।
पिछले 10 सालों से इस गेम पर दुनिया के 12 अलग-अलग स्टूडियो में 4,700 से ज्यादा डेवलपर्स, प्रोग्रामर, आर्टिस्ट और इंजीनियर काम कर रहे थे। नया गेम इंजन बनाने, ग्राफिक्स, मोशन कैप्चर, म्यूजिक लाइसेंसिंग और ग्लोबल मार्केटिंग पर बहुत खर्च हुआ।
रॉकस्टार गेम्स ने भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपए और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपए रखी है। यह कीमत PlayStation 5 और Xbox Series X|S दोनों प्लेटफॉर्म के लिए है। हालांकि जिनके पास पहले से गेमिंग कंसोल नहीं है, उन्हें कंसोल खरीदने के लिए अलग से बड़ा खर्च करना होगा।
यह गेम पुराने PS4 या लैपटॉप-पीसी पर नहीं चलेगा। ऐसे में अगर आप लगभग 44,990 रुपए वाला PlayStation 5 Slim और 5,999 रुपये वाला गेम खरीदते हैं, तो आपका कुल खर्च करीब 50,989 रुपये तक पहुंच जाएगा।
सवाल-5: इन गेम्स पर हिंसा और अपराध बढ़ाने के आरोप लगते हैं, ऐसे में पैरेंट्स क्या करें?
जवाब: 2019 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और 2020 में अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन ने गेमिंग के हिंसा और अपराध संबंध पर रिसर्च की। इसके मुताबिक, दोनों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। हालांकि हिंसक गेम खेलने वाले बच्चों में चीखने-चिल्लाने, धक्का देने जैसे आक्रामक व्यवहार कुछ हद तक पाया गया। गेम्स की कुछ चीजें गुस्सा भड़का सकती हैं, लेकिन अपराध करने को मजबूर नहीं कर सकतीं।
साइकैट्रिस्ट मानते हैं कि GTA 6 जैसे गेम्स पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा रियलिस्टिक हैं, जिनमें खून-खराबा, अपराध और अश्लीलता वगैरह है। कम उम्र के बच्चे काल्पनिक और असली दुनिया के नियमों के बीच फर्क करने में गलती कर सकते हैं, जिससे उनके बर्ताव, बोल-चाल या रिश्तों को देखने के नजरिए पर निगेटिव असर पड़ सकता है।
ऐसे में पैरेंट्स को ये 4 बातें अपनानी चाहिए…
- गेम्स की एज रेटिंग को सख्ती से मानें: GTA 6 जैसे '18+ या Mature (M)' रेटेड गेम्स सिर्फ वयस्कों के लिए हैं। जिस तरह आप बच्चों को 'A-रेटेड' एडल्ट फिल्म नहीं दिखाते, उसी तरह उन्हें ऐसे गेम्स न खेलने दें।
- पैरेंटल कंट्रोल ऑन करें: PlayStation, Xbox और PC वगैरह पर मौजूद 'पैरेंटल कंट्रोल' फीचर का इस्तेमाल करें, ताकि बच्चे आपकी इजाजत के बिना 18+ या Mature रेटेड गेम्स डाउनलोड या खरीद न सकें। अगर बच्चे अन्य गेम्स खेलें भी, तो टाइम लिमिट तय कर सकें।
- लत के संकेत पहचानें: WHO के ICD-11 में गेमिंग डिसऑर्डर के तीन लक्षण हैं- खेलने पर कंट्रोल न रहना, बाकी चीजों से गेमिंग को ऊपर रखना और नुकसान के बावजूद गेमिंग करना। आप बच्चों में ये पैटर्न पहचानें, पाबंदी लगाने के बजाय उनसे बात करें और समझाएं।
- यूट्यूब और स्ट्रीमिंग पर नजर रखें: भले ही घर में कंसोल न हो, बच्चे यूट्यूब या अन्य स्ट्रीमिंग एप्स पर दूसरों को ये गेम्स खेलते हुए देख सकते हैं। उनकी व्यूइंग हिस्ट्री और एप्स पर निगरानी रखें। बच्चों को इसकी भी लत पड़ सकती है।
स्टोरी- वरुण विश्वकर्मा
------------
ये खबर भी पढ़िए…
विदेशी मूल के मुद्दे पर रो पड़ीं सोनिया; पीएम बनने से पीछे क्यों हटीं, राहुल की नाराजगी या डर, किताब में क्या बताया

सोनिया के प्रधानमंत्री पद ठुकराने को लेकर कई कहानियां और दावे चलते हैं। अब पहली बार सोनिया गांधी ने अपनी किताब ’Belonging: A Journey of Love’ में पूरी कहानी बताई है। पूरी खबर पढ़िए…
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















