बात खरी है
RLP की 'बोतल' थामकर भी हार गए पोपटलाल:जिलाध्यक्ष को दी 'पत्नी की हार' की हार्दिक-बधाई; बाड़ेबंदी की 'सुनहरी यादें'

जयपुर9 घंटे पहलेलेखक: आशीष मिश्रा
  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

.

14 बार चुनाव हारने वाले पोपटलाल जी 15वीं बार भी हार गए, उनकी उम्मीद है कि हारती ही नहीं। बाड़मेर में एक भरे हुए कार्यकर्ता ने रिजल्ट के बाद जिलाध्यक्ष को फोन कर दिया और नतीजों के पास भाजपा नेताओं के पास सुनहरी यादें बाड़ाबंदी की हैं।

राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में…

1. एक भरे हुए कार्यकर्ता का 'कॉल'

पंचायत चुनाव में भाजपा को कई जगह बुरी हार झेलनी पड़ी। सूपड़ा साफ हो गया। कहीं-कहीं RLP और BAP जैसी पार्टियां उनसे आगे निकल गईं।

हार पर अब मंथन किया जाएगा। मीटिंग चलेंगी। फीडबैक लिए जाएंगे। भरे हुए कार्यकर्ता का मन छूने की हिम्मत किसी में नहीं। क्योंकि भरा हुआ कार्यकर्ता अक्सर फट पड़ता है।

ऐसे ही एक कार्यकर्ता पृथ्वीराज सिंह भियाड़। पंचायत चुनाव के नतीजे आए। पार्टी भियाड़ में चित हो गई। कार्यकर्ता को अपनी पार्टी का हश्र देख दुखी होना चाहिए था।

लेकिन वे दुखी नहीं हुए। उनके मन में टीस उभरी। उन्होंने जिलाध्यक्षजी को फोन मिलाया और लाउड स्पीकर पर डाल दिया। आस-पास अन्य समर्थक खड़े थे।

लाइन कनेक्ट होने पर उन्होंने कहा- अध्यक्षजी मैं पृथ्वीराज सिंह भियाड़ बोल रहा हूं। आपकी पत्नी चुनाव हार गई, आपको हार्दिक बधाई। आपने मेरी टिकट काटी थी। आपको ऊपरवाले ने फल दे दिया।

उन्होंने दोहा सुनाया- राम किसी को मारत नहीं, नहीं हत्यारा राम..अपने आप मर जावत है कर-कर खोटा काम।

कार्यकर्ता जिलाध्यक्षजी के जख्मों पर नमक छिड़कने लगा। बोला- आप ताकतवर हो, लेकिन आपसे ऊपर भगवान है। बताओ ऐसी हालत क्यों हुई कि आपकी पत्नी भी हार गई। शर्म की बात है।

जिलाध्यक्ष जी ने फोन काट दिया। कार्यकर्ता की टीस इतनी अधिक थी कि फोन करने के बाद भी भीड़ में इधर-उधर झरने बहते रहे।

वे कहते रहे- जैसे कर्म कर रहे हैं, वैसा फल मिल रहा है। भियाड़ में पार्टी की धूणी बुझ गई। बताओ एक सीट आई है।

बाड़मेर के भाजपा कार्यकर्ता पृथ्वीराज सिंह भियाड़। जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई को कॉल करने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर हुआ।
बाड़मेर के भाजपा कार्यकर्ता पृथ्वीराज सिंह भियाड़। जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई को कॉल करने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर हुआ।

2. बोतल थामकर भी हार गए पोपट भाई

राजनीति में जीत के लिए क्या तिकड़म नहीं लगाई जाती? रुपया-पैसा बांटा जाता है। शराब पिलाई जाती है। उपहार भेंट किए जाते हैं। खरीदा-बेचा जाता है।

लेकिन पोपटलालजी हर तिकड़म से दूर हैं। उनका बस एक सपना है कि वे चुनाव जीत जाएं। वे किसी विचारधारा के पीछे नहीं भागते। विचारधाराएं तो सभी अच्छी ही होती हैं। लेकिन राजनीति में सत्ता-सुख मिलने के बाद सभी धाराएं प्राय: एक ही जगह जाकर गिरने लगती हैं।

पोपटलालजी 14 बार चुनाव लड़ चुके हैं। हर बार उन्हें हार नसीब हुई। उनकी उम्मीद है कि टूटने का नाम नहीं लेती। वे चुनाव आते ही सक्रिय हो जाते हैं। फॉर्म भरते हैं और मतदाताओं से दुआ सलाम करने निकल पड़ते हैं।

इस बार उन्हें बोतल का सहारा था। बोतल वह नहीं, जिसे दुख का बहाना कर उठा लिया जाता है और उसमें भरा पेय गटक लिया जाता है। पोपटलाल जी ने हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी का दामन थामा। सिंबल पर चुनाव लड़ा। इस बार अंदरखाने आरएलपी का करंट था।

लेकिन पोपटलालजी तक पहुंचकर करंट भी खत्म हो गया। उन्हें 35 वोट मिले। वे तीसरे स्थान पर रहे। पंद्रहवीं बार हार। इतनी हार के बाद तो हर आशा पर हार चढ़ जाने की नौबत आ जाए।

आपको हैरत होगी कि पोपटलाल कोई सामान्य हारे हुए प्रत्याशी नहीं हैं, अब तक वे लोकसभा के चार, विधानसभा के चार, सरपंच के पांच और जिला परिषद का एक बार चुनाव हार चुके हैं।

इस बार उम्मीद खास इसलिए थी क्योंकि उनकी पत्नी भी निर्दलीय चुनावी मैदान में थी। वे भी हार गईं।

यकीनन पोपटलाल तब तक हार नहीं मानेंगे, जब तक जीत नहीं जाते। वे ऐसी सकारात्मक ऊर्जा के स्रोत बन गए हैं, जो जीते उम्मीदवारों में मिलना भी दुर्लभ।

पंचायत चुनाव में RLP की बोतल सिर चढ़कर बोली। लेकिन पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने वाले पोपटलाल अपना 15वां चुनाव भी हार गए।
पंचायत चुनाव में RLP की बोतल सिर चढ़कर बोली। लेकिन पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने वाले पोपटलाल अपना 15वां चुनाव भी हार गए।

3. चलते-चलते…

बाड़ेबंदी उस मूल भावना की ओर इशारा करता है जिसमें नेतागण बोर्ड बनाने की आकांक्षा के साथ एकजुट रहते हैं। प्रधान-जिला प्रमुख बनने की नीयत से सदस्यों को बांधकर एक जगह रखा जाता है।

दूसरा कारण यह डर भी होता है कि कहीं दूसरे दल के लोग सदस्यों को बहकाकर न ले जाएं, कहीं कोई प्रलोभन न दे दें, कहीं अपने सदस्य लालच में न आ जाएं। कहीं सदस्य बिक न जाएं। ऑफर न स्वीकार कर लें।

पैसे लेकर बैठ जाना, रकम बढ़ाकर तोड़ लेना, यह सब राजनीति में होता है। राजनीति अब सेवा कम और बिजनेस अधिक हो गई है।

आमजन, आम वोटर बाड़े में बंद अपने जनप्रतिनिधियों को किस नजर से देखते होंगे? उनके घर में दूषित पानी आ रहा है, पेयजल कम आ रहा है, मटके फोड़ चुके हैं, उस जनप्रतिनिधि से उम्मीद है जो बाड़े में बंद है और पूल पार्टी कर रहा है।

महंगाई, गरीबी और तमाम जरूरतों से जूझता आम वोटर बाड़े में बंद अपने प्रत्याशियों को गीतों पर थिरकते देखता है, रिसॉर्ट के दालानों में धूप सेंकते देखता है, क्रिकेट खेलते देखता है।

उम्मीद करता है कि बाड़े से निकलकर ये बोर्ड बनाएंगे और फिर हमारा भला करेंगे। गलियां-सड़कें साफ होंगी, गंदगी से मुक्ति मिलेगी, कचरा रोजाना उठेगा, सीवर की सफाई प्राइवेट लोगों से नहीं करानी पड़ेगी, स्कूल के रास्ते का कीचड़ साफ हो जाएगा। अंधेरे इलाके रोशनी से जगमगा उठेंगे।

इस बार बाड़ेबंदी से निकले अधिकतर उम्मीदवारों के दिल टूट गए। वोटर ने उन्हें बुरी तरह धो दिया। सूपड़ा साफ कर दिया। उन उम्मीदवारों की सबसे सुनहरी यादें अब बाड़ाबंदी की ही होंगी।

टोंक में बाड़ाबंदी के दौरान डांस करते प्रत्याशी। चुनाव के नतीजों में इनकी पार्टी को बुरी हार मिली।
टोंक में बाड़ाबंदी के दौरान डांस करते प्रत्याशी। चुनाव के नतीजों में इनकी पार्टी को बुरी हार मिली।

इनपुट सहयोग- महावीर बैरवा (टोंक), विजय कुमार (बाड़मेर)

वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

खबर अभी बाकी है!

पूरी खबर पढ़ें दैनिक भास्कर ऐप पर। साथ पाएं तेज अपडेट और बेहतर रीडिंग अनुभव
  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट
पूरी खबर पढ़ें ऐप पर
प्रीमियम मेंबर है तो लॉगिन करें

खबर अभी बाकी है!

पूरी खबर पढ़ें दैनिक भास्कर ऐप पर। साथ पाएं तेज अपडेट और बेहतर रीडिंग अनुभव
Scan QR to download app
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें
Download android app - Dainik BhaskarDownload ios app - Dainik Bhaskar
  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट
प्रीमियम मेंबर है तो लॉगिन करें

Rajasthan Latest News

Today Weather Update

Our Group Site Links