- Hindi News
- Bhaskar khaas
- Bhaskar explainer
- Bisleri Water Row; Bromate PAHs Health Impact Chemicals Risk | FSSAI
आज का एक्सप्लेनर:बिसलेरी के पानी में कैसे पहुंचा खतरनाक ब्रोमेट और PAH, ये शरीर में क्या करता है; कैसे जानें बोतलबंद पानी सुरक्षित है
- कॉपी लिंक

रेलवे स्टेशन हो, हाईवे का ढाबा या शादी का पंडाल… प्यास लगते ही ज्यादातर लोग बिसलेरी की बोतल उठाते हैं। कंपनी भी कहती है- हर बूंद में गुणवत्ता, जिस पर आप भरोसा कर सकते हैं। फिलहाल इस भरोसे पर सवाल उठ रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI के मुताबिक बिसलेरी पानी के सैंपल में खतरनाक ब्रोमेट तय सीमा से ज्यादा और PAH भी पाया गया है। 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी केस चलाने की मंजूरी दे दी। हालांकि बिसलेरी कंपनी ने पानी सुरक्षित होने का दावा किया है।
मामले की पूरी कहानी और 6 अहम सवालों के जवाब; आज के एक्सप्लेनर में…
सवाल-1: बिसलेरी में खतरनाक केमिकल मिलने का पूरा मामला क्या है? जवाबः कहानी की शुरुआत 14 महीने पहले होती है…
30 सितंबर 2025 को FSSAI की टीम ने बिसलेरी के गोवा प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए। ये सितंबर 2025 में तैयार हुए एक बैच के थे।
शुरुआती जांच में 5 सैंपल पास हो गए, लेकिन छठे में ब्रोमेट की मात्रा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की सीमा से ज्यादा मिली।
कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस नतीजे के खिलाफ अपील की। जिसके बाद सैंपल दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया।
FSSAI के मुताबिक रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित बताया और इस बार वजह थी पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAH की मौजूदगी। FSSAI के मानकों के हिसाब से पैकेज्ड पानी में PAH बिल्कुल नहीं होना चाहिए।
इसी आधार पर रविवार, 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी, यानी अब कंपनी पर कानूनी केस चल सकेगा।
23 नवंबर को बिसलेरी ने कहा कि उसके प्रोडक्ट्स के 90 से ज्यादा क्वालिटी टेस्ट होते हैं। उनका पानी पूरी तरह सुरक्षित है।
कंपनी के मुताबिक, उसने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मंजूर एक और लैब में करवाई। वहां ब्रोमेट सीमा के भीतर निकला। इस रिपोर्ट को कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को FSSAI में जमा किया।
कंपनी का दावा है कि उसे आज तक FSSAI की ओर से ईमेल या हार्ड कॉपी में कोई नोटिस नहीं मिला और FSSAI की वेबसाइट पर भी नोटिस नहीं दिखा।

सवाल-2: सैंपल में मिला ब्रोमेट क्या है और शरीर पर क्या असर करता है? जवाबः ब्रोमेट एक केमिकल है। आमतौर पर कपड़ों की डायिंग, यानी रंगाई में इसका इस्तेमाल होता है। बेकरी में ब्रेड और पाव के आटे में भी इसका इस्तेमाल होता था, ताकि ब्रेड ज्यादा फूले।
रिसर्च में पता चला कि बेकिंग के बाद भी ब्रोमेट के तत्व ब्रेड में रह जाते हैं। इसलिए भारत, यूरोप, ब्रिटेन जैसे कई देशों ने इस पर बैन लगा दिया।
पीने के पानी में मौजूद ब्रोमाइड, ओजोन गैस (O₃) से रिएक्ट होकर ब्रोमेट बन जाता है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के मुताबिक एक लीटर पीने के पानी में 10 माइक्रोग्राम से ज्यादा ब्रोमेट नहीं होना चाहिए। लंबे समय तक ब्रोमेट युक्त पानी पीने से...
- किडनी की कोशिकाओं को नुकसान और किडनी फेलियर का खतरा रहता है।
- यह इंसानों का DNA डैमेज कर सकता है।
- इससे पाचन में समस्या, चक्कर आना, सुस्ती, सुनने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।
इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने इसे कार्सिनोजेन, यानी कैंसर पैदा करने वाला तत्व भी बताया है। ब्रोमेट से किडनी, थायरॉइड और पेट का कैंसर हो सकता है।
सवाल-3: PAH क्या है और शरीर के लिए कितना खतरनाक है? जवाबः कोयला, पेट्रोल, डीजल, प्लास्टिक, या दूसरी चीजों के अधूरे जलने पर PAH बनता है। गाड़ियों और इंडस्ट्रीज से निकलने वाले धुएं, खराब मिट्टी, ज्यादा तापमान में पके खाने में भी PAH हो सकता है।
यह कोई एक केमिकल नहीं, 100 से ज्यादा केमिकल कम्पाउंड्स का समूह है। हालांकि सभी PAH खतरनाक नहीं होते। जो खतरनाक होते हैं उनसे ये रिस्क हो सकते हैं...
- PAH फैमिली के एक सदस्य बेंजो(ए)पाइरीन को IARC ने कैंसर कारक बताया है। ऐसे कुछ और भी PAH हैं।
- कुछ PAH प्रजनन, मनुष्यों के विकास और इम्यून-सिस्टम पर असर डाल सकते हैं।

सवाल-4: बोतलबंद पानी में ये केमिकल पहुंचते कैसे हैं? जवाबः दोनों के बोतलबंद पानी तक पहुंचने के अलग रास्ते हैं… 1. प्यूरिफिकेशन के दौरान ब्रोमेट बनता है: ब्रोमेट रसायन प्रकृति में नहीं होता। पीने के पानी के प्यूरिफिकेशन के दौरान एक स्टेप है- ओजोनाइजेशन। इस दौरान पानी में ओजोन गैस मिलाई जाती है, जो बैक्टीरिया, वायरस और दूसरे सूक्ष्मजीवों को खत्म करती है। ओजोन पानी में मौजूद ब्रोमाइड से रिएक्ट कर ब्रोमेट बनाती है। अगर पानी में पहले से ब्रोमाइड ज्यादा हो या ओजोनाइजेशन के दौरान ज्यादा ओजोन डाली गई हो, तो तय मात्रा से ज्यादा ब्रोमेट बनेगा।
2. PAH बाहरी स्रोतों से आता है: PAH प्यूरिफिकेशन के दौरान नहीं बनता, लेकिन प्रोसेस में चूक से पानी में रह जाता है। अगर स्रोत से आए पानी में PAH वाला इंडस्ट्रियल वेस्ट मिला हो, प्यूरिफिकेशन के फिल्टरों की मरम्मत नहीं हुई हो, जिससे वो PAH सोख न पाएं, पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल हो रही प्लास्टिक बोतलें PAH से दूषित हो या स्टोरेज के दौरान PAH से संपर्क हुआ हो तो पानी दूषित हो जाता है।

सवाल-5: साफ दिखने वाला बोतलबंद पानी सुरक्षित है या नहीं, कैसे जानें? जवाबः पानी में पाए जाने वाले हानिकारक रसायन खुली आंखों से नहीं दिखते। पानी पीने पर इनका अलग स्वाद या गंध भी नहीं आती, इसलिए इनकी पहचान नहीं की जा सकती। FSSAI खुद कहता है कि सिर्फ पानी के साफ दिखने से उसे सुरक्षित नहीं माना जा सकता है। फिर भी कंज्यूमर्स को कुछ जांच करनी चाहिए…
- बोतल की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट कंफर्म करने के बाद ही पानी लें।
- अगर बोतल का लेबल फीका, कटा-फटा या गलत तरीके से चिपका हो तो उसे न खरीदें।
- सीलबंद बोतल ही लें। बोतल के कैप के नीचे लगी हुई सुरक्षा रिंग पूरी तरह ठीक और कसी हुई हो। बोतल में कोई दरार, लीकेज या डेंट न हो।
- बोतल खोलते ही सड़े अंडे जैसी, केमिकल या मिट्टी जैसी अजीब गंध न आए। स्वाद सामान्य पानी जैसा हो। अगर प्लास्टिक जैसा या कड़वा स्वाद आए तो न पीएं।
- धूप या गर्मी वाली जगह रखा पानी न खरीदें।
इसके अलावा बोतल पर ब्रांड के FSSAI लाइसेंस रजिस्ट्रेशन नंबर चेक करें। यह 14 अंकों का नंबर होता है, जिसे FoSCoS पोर्टल पर डालकर पता कर सकते हैं कि कंपनी का लाइसेंस एक्टिव, कैंसिल, एक्सपायर या सस्पेंड है।
हालांकि पानी के बैक्टीरिया, ब्रोमेट, पेस्टीसाइड की जांच लैब में ही होती है। कंज्यूमर्स इसे घर में नहीं जांच सकते। अगर खरीदे हुए पानी में कोई समस्या लगे, तो FSSAI की हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2100 पर शिकायत करें।
सवाल-6: इस पूरे मामले में आगे क्या होगा? जवाबः FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की इजाजत दे दी है। अब यह मामला कोर्ट जाएगा, जहां बिसलेरी को पक्ष रखने का मौका मिलेगा। फैसला आने पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की धारा 59 के तहत अगर दूषित भोजन से किसी को हानि या मृत्यु नहीं हुई है, तो 3 महीने की कैद और 3 लाख तक का जुर्माना लग सकता है। बिसलेरी दो टेस्ट में अलग-अलग रिपोर्ट और नोटिस न भेजे जाने की दलीलें देकर कोर्ट में केस मजबूत करेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अब FSSAI पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाले बाकी कंपनियों के सैंपल्स की भी जांच करेगी।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















