- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Ramayan Movie Update | Sunny Deol As Hanuman Nitesh Tiwari Shooting
रामायण के मेकर बोले- हनुमान भारत के आयरन मैन जैसे:सनी देओल इस रोल के लिए परफेक्ट थे; पार्ट-2 की 60% शूटिंग पूरी
- कॉपी लिंक

फिल्म रामायण के मेकर नमित मल्होत्रा ने भगवान हनुमान को भारत का आयरन मैन बताया है। नमित मल्होत्रा ने गल्ड डर्बी को दिए इंटरव्यू में यह बात कही।
दो हिस्सों में बन रही इस फिल्म के क्रेडिट सीन में सनी देओल की भगवान हनुमान के रूप में झलक दिखाई गई है। वहीं, डायरेक्टर नितेश तिवारी ने बताया कि इस भूमिका के लिए सनी देओल को क्यों चुना गया। इसके साथ ही सीक्वल की 60 प्रतिशत शूटिंग पूरी होने की जानकारी भी सामने आई है।

हनुमान को बताया भारत का ‘आयरन मैन’
प्रड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बातचीत में भगवान हनुमान के किरदार की अहमियत पर बात की। उन्होंने कहा कि रामायण में हनुमान सबसे पसंदीदा किरदारों में से एक हैं और भारत में उनकी लोकप्रियता सुपरहीरो 'आयरन मैन' जैसी है।
नमित ने बताया कि पहले पार्ट के अंत में हनुमान की सिर्फ एक झलक दिखाना एक सोचा-समझा क्रिएटिव फैसला था। मेकर्स उनके पूरे परिचय को दूसरे पार्ट के लिए बचाकर रखना चाहते थे, ताकि दर्शकों के मन में यह उत्सुकता बनी रहे कि सीता हरण के बाद भगवान राम आगे क्या कदम उठाएंगे।

'गुस्से में पहाड़ हिलने वाली छवि के कारण सनी देओल को चुना'
डायरेक्टर नितेश तिवारी ने हनुमान के किरदार के लिए सनी देओल की कास्टिंग के पीछे की वजह बताई। उन्होंने कहा कि भारत में दारा सिंह जैसे दिग्गज कलाकार पहले यह भूमिका निभा चुके हैं, जिनकी छवि आज भी लोगों के मन में बसी है।
नितेश के मुताबिक, इस किरदार में मासूमियत और लोकप्रियता के साथ-साथ ऐसा रौद्र रूप भी चाहिए था कि गुस्सा आने पर पहाड़ भी हिल जाए।
उन्होंने कहा कि देश में सनी देओल की छवि बिल्कुल ऐसी ही है। भले ही उन्होंने पहले कभी सुपरहीरो का रोल नहीं किया, लेकिन दर्शक उन्हें आज भी एक सुपरहीरो की तरह पसंद करते हैं।

पहले पार्ट में सीता हरण तक की कहानी
बॉक्स ऑफिस पर 1700 करोड़ रुपए की ग्लोबल कमाई करने वाली 'रामायण: पार्ट 1' में दो समानांतर कहानियां दिखाई गई हैं।
एक ओर रावण के पाताल लोक से निकलकर लंका की राजगद्दी हासिल करने और शक्तिशाली बनने का सफर है, तो दूसरी ओर भगवान राम के जन्म, सीता स्वयंवर और वनवास के दौरान सीता हरण तक का घटनाक्रम दिखाया गया है।
60% शूटिंग पूरी, पहले पार्ट से ज्यादा भव्य होगा दूसरा हिस्सा
फिल्म के दूसरे भाग को लेकर सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए एक अलग इंटरव्यू में बताया कि 'रामायण: पार्ट 2' की 60 प्रतिशत शूटिंग पहले ही पूरी कर ली गई है।
हालांकि, फिल्म में अभी बड़े स्तर पर वीएफएक्स और मोशन कैप्चर का काम बाकी है। डायरेक्टर नितेश तिवारी और सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार दोनों का मानना है कि असली कहानी अब शुरू होगी और स्केल तथा स्टोरीटेलिंग के मामले में दूसरा पार्ट पहली फिल्म से कहीं अधिक बड़ा होगा।























