मुजफ्फरपुर में दादर पुल पर मिला युवक का शव:कोहरे के बीच सड़क हादसे की आशंका; सिर पर पहना था हेलमेट, 20 मीटर दूर पड़ी थी बाइक

मुजफ्फरपुर3 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर पुल पर गुरुवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मृत युवक के सिर पर हेलमेट लगा हुआ था, जबकि उसकी बाइक 20 मीटर दूर पड़ी थी।

प्रारंभिक स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारी हो। मृतक की पहचान मछली कारोबारी 45 साल के यशवंत सिंह के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी उस वक्त हुई, जब स्थानीय लोग रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले। लोगों की नजर दादर पुल के पास सड़क पर पड़े युवक के शव पर गई। शव को देखते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना अहियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी।

पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद पुलिस कर्मी और मृतक के गांव के लोग।
पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद पुलिस कर्मी और मृतक के गांव के लोग।

शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।

घटनास्थल के आसपास मौजूद साक्ष्यों और क्षतिग्रस्त बाइक की स्थिति का भी पुलिस अधिकारियों ने बारीकी से निरीक्षण किया। इस संबंध में अहियापुर थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यह सड़क हादसा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात स्कार्पियो वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक के बारे में जानकारी देता उनका भतीजा।
मृतक के बारे में जानकारी देता उनका भतीजा।

मृतक के भतीजे ने हत्या का आरोप लगाया

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के बाद मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, मृतक के भतीजे रंधीर कुमार ने बताया कि मेरे फूफा यशवंत सुबह घर से जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि मुझे ये सोची समझी साजिश के तहत की गई हत्या लग रही है।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links