पटना की स्लम बस्ती में बनेगा सामुदायिक मंडप:नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक में 17 एजेंडों को मंजूरी, पटेल पार्क में 15 लाख से बनेगा तालाब

पटना2 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

पटना नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 27वीं साधारण बैठक आज मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 17 एजेंडों को मंजूरी दी गई। इसमें प्रकाश पर्व में तैयारी से लेकर नगर निगम से जुड़े विकास, आधारभूत संरचना और प्रशासनिक मामलों पर चर्चा हुई। वार्ड संख्या 8 की स्लम बस्ती में सामुदायिक मंडप बनाने का निर्णय लिया गया।

360वें प्रकाश पर्व के लिए बढ़ेगा मानवबल

आगामी 360वें प्रकाश पर्व के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पटना पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगम ने पटना सिटी और अजीमाबाद अंचल में दो सप्ताह के लिए चालक सहित 700 से अधिक अतिरिक्त मानवबल उपलब्ध कराने को मंजूरी दी।

सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरी वाहन, सफाई उपकरण और अन्य सामग्री खरीदने या किराये पर लेने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

निगम का पुराना विधिक पैनल होगा निरस्त

बैठक में पटना नगर निगम के वर्ष 2017 में गठित वर्तमान अधिवक्ता पैनल को निरस्त कर नया विधिक पैनल गठित करने का निर्णय लिया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से प्रस्तावित छह अधिवक्ताओं को पैनल में शामिल करने की मंजूरी दी गई।

इसके अलावा वरीय अधिवक्ता जसवीर सिंह अरोड़ा को निगम के वरीय विधि अधिवक्ता-सह-वरीय विधि परामर्शी के रूप में पैनल में शामिल करने की स्वीकृति दी गई।

पटेल पार्क में 15 लाख से बनेगा तालाब

कंकड़बाग अंचल के वार्ड 35 स्थित पटेल पार्क में करीब 15 लाख रुपये की लागत से तालाब बनाने की योजना को मंजूरी दी गई। तालाब के साथ सीढ़ियां और रेलिंग भी बनाई जाएंगी। इससे पार्क में नागरिक सुविधाएं बढ़ने के साथ छठ के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने की सुविधा मिलेगी।

तीन इलाकों में लगेंगे हाई यील्ड ट्यूबवेल

शहर की जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने के लिए तीन स्थानों पर हाई यील्ड ट्यूबवेल लगाने की स्वीकृति दी गई। न्यू विग्रहपुर वार्ड 30, सोरंगपुर वार्ड 31 और कमला देवी अस्थान शनिचरा अखाड़ा वार्ड 49 में ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। प्रत्येक परियोजना पर करीब 1.36 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links