ईरानी सिंगर ने बिना हिजाब गाना गाया, 74 कोड़े पड़े:साथियों को भी सजा मिली; 2 साल तक गाने और विदेश जाने पर रोक

तेहरान19 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
सिंगर परस्तू अहमदी ने दिसंबर 2024 में बिना हिजाब पहने गाना गाया था। - Dainik Bhaskar
सिंगर परस्तू अहमदी ने दिसंबर 2024 में बिना हिजाब पहने गाना गाया था।

ईरान की सिंगर और उनके साथियों को सोमवार को 74-74 कोड़े मारे गए। जून 2026 में कुम शहर की क्रिमिनल कोर्ट ने उन्हें यह सजा सुनाई थी।

कोर्ट ने आर्टिस्ट परस्तू अहमदी पर अश्लील कंटेट पब्लिश करने और सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने सभी पर 2 साल तक देश छोड़ने और उनके किसी भी आर्टिस्टिक एक्टिविटी पर रोक लगा दी है।

यह मामला दिसंबर 2024 का है। 29 साल की परस्तू ने उस समय बिना हिजाब पहने यूट्यूब पर एक लाइव कॉन्सर्ट किया था। उन्होंने ईरान का लोकप्रिय देशभक्ति गीत 'अज खूने जवानाने वतन' (मातृभूमि के युवाओं के खून से) गाया था। इस दौरान वे बिना हिजाब और स्लीवलेस ड्रेस में थीं।

कॉन्सर्ट का वीडियो कुछ ही समय में वायरल हो गया। इस वीडियो को यूट्यूब पर 10 लाख से ज्यादा बार देखा गया।

यूट्यूब पर परस्तू के गाने को 24 घंटे में 2 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे।
यूट्यूब पर परस्तू के गाने को 24 घंटे में 2 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे।

गाने में 4 पुरुषों के साथ स्लीवलेस ड्रेस में दिखीं

27 मिनट के वीडियो में परस्तू अहमदी स्लीवलेस ड्रेस पहनकर चार पुरुष संगीतकारों के साथ गाना गाती नजर आ रही थीं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने इसे काल्पनिक कॉन्सर्ट बताया था।

परस्तू के इस वीडियो को कई लोगों ने महिलाओं की अभिव्यक्ति की आजादी का प्रतीक बताया। ईरानी अधिकारियों ने इसे कानून के खिलाफ माना।

ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। अधिकारियों ने बिना हिजाब पहनकर गाने को नियमों का उल्लंघन माना।

अक्टूबर में एमनेस्टी इंटरनेशनल ने सजा बरकरार रखे जाने का विरोध किया था। संगठन ने ईरान के अधिकारियों से कोड़े मारने की सजा लागू नहीं करने की मांग की थी।

ईरान में हिजाब विरोधी प्रदर्शन के समय महिलाओं के समर्थन में गाना गाने के लिए परस्तू पर कार्रवाई की गई थी।
ईरान में हिजाब विरोधी प्रदर्शन के समय महिलाओं के समर्थन में गाना गाने के लिए परस्तू पर कार्रवाई की गई थी।

पब्लिक में अकेले गाना नहीं गा सकती ईरानी महिलाएं

ईरान में महिलाओं पर कई सामाजिक प्रतिबंध हैं। कानून के अनुसार वे सार्वजनिक जगह पर अकेले गाना नहीं गा सकतीं और बिना हिजाब लोगों के सामने नहीं आ सकतीं। उन्हें सादे कपड़े पहनने का नियम भी मानना पड़ता है।

परस्तू अहमदी ने इन नियमों का खुलकर विरोध किया। वे पहली बार 2022 में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आई थीं। उन पर इन प्रदर्शनों के समर्थन में गाना गाने का आरोप लगा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की और उनके घर की तलाशी भी ली थी।

ईरान में हिजाब को लेकर लंबे समय से विवाद

ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से महिलाओं के लिए हिजाब पहनना कानूनी रूप से जरूरी है। कई महिलाएं इन नियमों का विरोध करती रही हैं।

यह मुद्दा 2022 में पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया था, जब 22 साल की महसा अमिनी को तेहरान में हिजाब सही तरीके से न पहनने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तारी के तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई थी।

ईरानी सरकार ने कहा था कि उनकी मौत पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हुई। मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र की जांच टीम ने इस दावे पर सवाल उठाए। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में कहा गया था कि अमीनी की मौत ईरानी अधिकारियों की पिटाई के कारण हुई।

महसा अमीनी की मौत के बाद पूरे ईरान में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं और हिजाब कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई। सरकार ने इन प्रदर्शनों को सख्ती से दबाया।

ईरान में महसा अमिनी की मौत के बाद कई महीने तक सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए थे।
ईरान में महसा अमिनी की मौत के बाद कई महीने तक सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए थे।
.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links