- Hindi News
- Local
- Haryana
- Hisar
- Haryana Weather Update | Cold Wave Hits Border Areas; Dry Till Nov 28
हरियाणा में 8.9 डिग्री तक पहुंचा तापमान:सीमावर्ती इलाकों में सबसे ज्यादा ठंड; एक्सपर्ट बोले-28 नवंबर तक मौसम रहेगा खुश्क
- कॉपी लिंक

हरियाणा में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात की ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हिसार का बालसमंद 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पूरे राज्य में सबसे ठंडा रहा।
यहां एक ही दिन में रात के पारे में 2.5 डिग्री की बड़ी गिरावट देखी गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान अब सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) में पहुंच गया है।
महेंद्रगढ़ जिले का नारनौल 9.0 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा करनाल और यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री और पंचकूला में 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इतने डिग्री तक लुढ़क गया पारा
तापमान में गिरावट के लिहाज से देखें तो बालसमंद (-2.5°C) के बाद गुरुग्राम में रात का पारा 2.0 डिग्री लुढ़ककर 11.8 डिग्री पर आ गया।
वहीं करनाल में 1.5°C, झज्जर में 1.4°C, और रोहतक, पलवल व यमुनानगर में 1.2°C की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, अंबाला (13.4°C) और जींद (13.0°C) में न्यूनतम तापमान में 1.0 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी भी देखी गई।
अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री तक पहुंचा
रात में जहां सर्दी जोर पकड़ रही है, वहीं दिन में खिली धूप लोगों को राहत दे रही है। हालांकि प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले 0.3 डिग्री की हल्की कमी आई है, लेकिन यह सामान्य के करीब बना हुआ है।
राज्य में सबसे अधिक दिन का तापमान फरीदाबाद और हिसार में 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद चरखी दादरी में 28.0°C और रोहतक में 27.6°C रहा। भिवानी (24.0°C) और नारनौल (24.2°C) में दिन का तापमान सबसे कम रहा।

28 नवंबर तक सुबह धुंध और रात को बढ़ेगी ठंड
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा राज्य में 28 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क (शुष्क) रहने की संभावना है।
इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल भी छा सकते हैं। उत्तर व उत्तर-पश्चिमी दिशा से हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इसके असर से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी, जबकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।






















