भोपाल में एमडी ड्रग्स बेचने पहुंचे 2 युवक गिरफ्तार:2.46 ग्राम एमडी के साथ बाइक और मोबाइल जब्त, 2.50 लाख रुपए का माल मिला

भोपाल9 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.46 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। - Dainik Bhaskar
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.46 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की।

भोपाल में एमडी ड्रग्स बेचने पहुंचे दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों बुधवार रात कमला नगर थाना क्षेत्र में खुशीलाल अस्पताल के पास खाली मैदान में मोटरसाइकिल पर बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी में दोनों के पास से कुल 2.46 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। पुलिस ने बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। गुरुवार दोपहर क्राइम ब्रांच ने मामले का खुलासा किया।

मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कमला नगर थाना क्षेत्र में खुशीलाल अस्पताल के पास खाली मैदान में दो युवक मोटरसाइकिल से आने वाले हैं। उनके पास एमडी ड्रग्स है और वे इसे बेचने की फिराक में हैं।

सूचना की तस्दीक के बाद क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कुछ दूरी से निगरानी की तो मुखबिर के बताए हुलिए के दो युवक मोटरसाइकिल पर बैठे दिखाई दिए। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

खुशीलाल अस्पताल के पास एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी।
खुशीलाल अस्पताल के पास एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी।

दोनों के पास अलग-अलग मिली ड्रग्स

पूछताछ में उनकी पहचान सतनाम भाटिया उर्फ सरदार (25), निवासी कैंची छोला और दर्शन दवे (23), निवासी राजेंद्र नगर कॉलोनी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सतनाम की जेब से पारदर्शी पन्नी में सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। वहीं, दर्शन के पास सिगरेट की डिब्बी में इसी तरह का पदार्थ रखा था।

तौल कराने पर सतनाम के पास से 1.12 ग्राम और दर्शन के पास से 1.34 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। कुल बरामदगी 2.46 ग्राम रही।

एक आरोपी पर पहले से एनडीपीएस का केस

पुलिस के अनुसार, सतनाम भाटिया के खिलाफ क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 29 के तहत पहले भी अपराध दर्ज है। वहीं, दर्शन दवे के खिलाफ बजरिया थाने में चोरी और चोरी का माल रखने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज होने का रिकॉर्ड है।

इस बार दोनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

मोबाइल से सप्लाई नेटवर्क की तलाश

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि उन्हें एमडी ड्रग्स किससे मिली थी और वे अस्पताल के पास किस ग्राहक को इसकी डिलीवरी देने पहुंचे थे। जब्त मोबाइल की जांच से सप्लायर और खरीदारों के संपर्कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों किसी बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हैं या अपने स्तर पर नशे की बिक्री कर रहे थे।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links