आगरा पुलिस ने मस्जिदों से लाउड स्पीकर उतरवाए:हिंदू महासभा ने 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, कहा था- हनुमान चालीसा पढ़ेंगे

3 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

आगरा में धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर हटाने को लेकर शुक्रवार को हलचल रही। अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौड़ ने मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटवाने के लिए प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। शुक्रवार को वह कार्यकर्ताओं के साथ तेलीपाड़ा, बसई स्थित बड़ी मस्जिद जाने वाली थीं। हालांकि, उनके रवाना होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें ताजगंज स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया।

इधर, पुलिस प्रशासन ने ताजगंज थाना क्षेत्र की कई मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटवा दिए। इसकी जानकारी मिलने के बाद मीरा राठौड़ ने थाना प्रभारी ताजगंज, पुलिस कमिश्नर और अन्य संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद दिया।

आगरा पुलिस ने मस्जिदों से उतरवाए लाउडस्पीकर।
आगरा पुलिस ने मस्जिदों से उतरवाए लाउडस्पीकर।

मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा पढ़ने का किया था ऐलान

मीरा राठौड़ ने चेतावनी दी थी कि यदि पुलिस ने मस्जिदों से लाउडस्पीकर नहीं हटवाए तो वह मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल लाउडस्पीकर हटाने की मांग की थी। साथ ही कहा था कि कार्रवाई नहीं होने पर वह खुद लाउडस्पीकर उतारेंगी।

दोपहर 12:30 बजे निकलने वाली थीं, पहले ही पहुंच गई पुलिस

घोषणा के बाद शुक्रवार को मीरा राठौड़ अपने कैलाश टॉकीज स्थित आवास से दोपहर करीब 12:30 बजे कार्यकर्ताओं के साथ तेलीपाड़ा, बसई जाने वाली थीं। इससे पहले ही भारी पुलिस बल उनके ताजगंज स्थित आवास पर पहुंच गया और उन्हें नजरबंद कर दिया।

इस दौरान हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अज्जू चौहान, प्रदेश प्रवक्ता अवतार सिंह गिल, मनीष पंडित, जितेंद्र कुशवाहा, बबलू निषाद और सौरभ शर्मा समेत कई कार्यकर्ता भी उनके आवास पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई।

हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद किया।
हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद किया।

कार्रवाई के बाद अधिकारियों का जताया आभार

मीरा राठौड़ के मस्जिद पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने ताजगंज क्षेत्र की कई मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटवा दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने थाना प्रभारी ताजगंज, पुलिस कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links