- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Prayagraj
- UP Special TET Result Declared | Prayagraj Commission Success Rate
स्पेशल टीईटी का परिणाम घोषित, 41.53 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल:प्राथमिक में 15,159 और उच्च प्राथमिक में 23,743 अभ्यर्थी उत्तीर्ण
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी), प्रयागराज ने बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत आयोजित इस परीक्षा में कुल 38,902 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
इस परीक्षा के लिए कुल 1,06,547 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 93,681 (87.92 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। अब परिणाम जारी हुआ तो 41.53 प्रतिशत अभ्यर्थियों को सफलता पाई है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी करने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।

स्तरवार नतीजों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08 तक) के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन अधिक बेहतर रहा। उच्च प्राथमिक स्तर में पंजीकृत 48,194 में से 43,015 (89.25 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 23,743 अभ्यर्थी सफल रहे। यह सम्मिलित अभ्यर्थियों का 55.20 प्रतिशत है।
वहीं, प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5 तक) में पंजीकृत 58,353 में से 50,666 (86.80 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 15,159 अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 29.92 प्रतिशत रहा।

दरअसल बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए यह लिखित परीक्षा गत 03 नवम्बर 2026 को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा के परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी। प्रयागराज स्थित आयोग मुख्यालय के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की गई थी।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि परिणाम घोषित किए जाने के साथ ही सभी सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.upessc.up.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ये प्रमाण-पत्र डिजिलॉकर (DigiLocker) के माध्यम से भी यथाशीघ्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे।






















