धरती को गर्म होने से बचाने पर सहमति नहीं बनी:कोयला-तेल के इस्तेमाल पर बंटे देश; 17 साल में पहली बार बिना समझौते खत्म हुआ COP समिट

अंताल्या3 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) के दौरान वार्ता के अध्यक्ष क्रिस बोवेन रविवार को काफी निराश नजर आए। - Dainik Bhaskar
संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) के दौरान वार्ता के अध्यक्ष क्रिस बोवेन रविवार को काफी निराश नजर आए।

तुर्किये के अंताल्या में हुआ संयुक्त राष्ट्र का जलवायु सम्मेलन (COP31) बिना किसी बड़े समझौते के खत्म हो गया। करीब 200 देशों के प्रतिनिधि दो हफ्ते तक इस बात पर चर्चा करते रहे कि धरती का तापमान बढ़ने से कैसे रोका जाए, लेकिन कोयला, तेल और गैस का इस्तेमाल कम करने के मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी।

सम्मेलन के आखिरी प्रस्ताव में जीवाश्म ईंधन यानी कोयला, तेल और गैस का नाम तक नहीं था। इस पर यूरोपीय संघ और कई छोटे देशों ने कड़ी आपत्ति जताई। दूसरी तरफ, सऊदी अरब और रूस जैसे तेल-गैस उत्पादक देश ऐसे किसी प्रस्ताव के खिलाफ थे, जिसमें जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल घटाने की स्पष्ट बात हो।

आखिरकार देश किसी साझा फैसले पर नहीं पहुंच सके। यह 2009 के बाद पहला मौका है, जब संयुक्त राष्ट्र का जलवायु सम्मेलन बिना मुख्य राजनीतिक समझौते के खत्म हुआ।

तुर्किये के अंताल्या में रविवार को संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) की बैठक के दौरान की तस्वीर।
तुर्किये के अंताल्या में रविवार को संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) की बैठक के दौरान की तस्वीर।

सऊदी- रूस ने सबसे ज्यादा विरोध किया

सम्मेलन में सबसे बड़ा विवाद इस बात पर हुआ कि क्या अंतिम समझौते में कोयला, तेल और गैस का इस्तेमाल धीरे-धीरे कम करने की समयसीमा तय की जाए।

सऊदी अरब इस मांग का विरोध कर रहा था। कई देशों के वार्ताकारों का आरोप था कि सऊदी अरब ने सम्मेलन में अपने पक्ष में फैसले करवाने के लिए काफी दबाव बनाया। उसने अंतिम समझौते में कोयला, तेल और गैस का नाम शामिल करने का भी विरोध किया। इसके बजाय वह कार्बन कैप्चर तकनीक को बढ़ावा देने के पक्ष में था।

कार्बन कैप्चर एक ऐसी तकनीक है, जिसमें कारखानों और बिजलीघरों से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड गैस को हवा में फैलने से पहले ही पकड़कर जमा कर लिया जाता है।

सऊदी अरब का कहना था कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए किसी एक तरीके पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी तरह की तकनीकों का इस्तेमाल होना चाहिए। उसका तर्क था कि तेल और गैस की सप्लाई तेजी से घटाई गई तो उनकी कीमतें बढ़ सकती हैं। इससे गरीब देशों को ज्यादा परेशानी होगी।

रूस ने भी जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल घटाने से जुड़ी भाषा का विरोध किया। उसका तर्क था कि तेल और गैस की सप्लाई तेजी से कम करने से ऊर्जा की कमी और कीमतों में उछाल आ सकता है।

यूरोपीय संघ और छोटे देशों ने प्रस्ताव को रोक दिया

दूसरी तरफ, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, पनामा, बेलीज, वानुअतु, मार्शल आइलैंड्स और नॉर्वे जैसे देशों ने अंतिम प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। इन देशों का कहना था कि जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी वजह कोयला, तेल और गैस हैं। ऐसे में इनके इस्तेमाल को कम करने की बात किए बिना कोई जलवायु समझौता कैसे हो सकता है?

यूरोपीय संघ की ओर से आयरलैंड के जलवायु मंत्री डैराग ओ'ब्रायन ने कहा कि जिस समझौते में जीवाश्म ईंधन का जिक्र तक नहीं है, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

पनामा ने भी प्रस्ताव का विरोध किया। उसका कहना था कि दुनिया को अब केवल बातचीत करने के बजाय ठोस कदम उठाने की जरूरत है। मार्शल आइलैंड्स ने कहा कि प्रस्ताव जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की जरूरतों को पूरा नहीं करता।

दरअसल, करीब 130 देशों ने सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे देशों को एक चिट्ठी भेजकर मांग की थी कि अंतिम समझौते में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने की बात शामिल हो। इसके बावजूद नए मसौदे में इसका जिक्र नहीं किया गया।

भारत-चीन ने जीवाश्म ईंधन पर जल्दबाजी का विरोध किया

इस विवाद में भारत और चीन की भूमिका भी अहम रही। दोनों दुनिया के बड़े ऊर्जा उपभोक्ता हैं। उनकी अर्थव्यवस्थाएं अब भी कोयले, तेल और गैस जैसे ईंधनों पर काफी हद तक निर्भर हैं।

भारत ने सम्मेलन के अंतिम प्रस्ताव का औपचारिक विरोध नहीं किया, लेकिन उसके कुछ हिस्सों पर अपनी आपत्ति जरूर जताई। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्य समझौता नहीं हो पाने का यह मतलब नहीं है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की कोशिशें रुक जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारत बातचीत और सभी देशों के बीच सहमति बनाने की प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है।

चीन ने भी अंतिम प्रस्ताव को स्वीकार किया, हालांकि उसने कुछ मुद्दों पर चिंता जताई। चीन ने सभी देशों से अपील की कि वे समझौते तक पहुंचने के लिए एक-दूसरे के विचारों को समझें और जरूरत के मुताबिक लचीलापन दिखाएं।

COP31 सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया।
COP31 सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया।

जलवायु के लिए पैसे देने पर भी नहीं बनी बात

सम्मेलन में एक और बड़ा विवाद जलवायु से होने वाले नुकसान से निपटने के लिए आर्थिक मदद को लेकर था। विकासशील देश चाहते थे कि अमीर देश बाढ़, सूखा, समुद्र का जलस्तर बढ़ने और दूसरी आपदाओं से निपटने के लिए ज्यादा पैसा दें।

शुरुआती प्रस्ताव में 2035 तक जलवायु के असर से निपटने के लिए दी जाने वाली आर्थिक मदद को तीन गुना करने और इसे 120 अरब डॉलर तक पहुंचाने की बात थी। लेकिन बाद के मसौदे से यह तय रकम हटा दी गई। विकसित देश पहले से तय जलवायु वित्त की जिम्मेदारी के तहत अलग से कोई निश्चित रकम देने को तैयार नहीं हुए।

इससे विकासशील देशों की नाराजगी बढ़ी। उनका कहना था कि जलवायु परिवर्तन का असर झेलने वाले गरीब देशों को पर्याप्त आर्थिक मदद नहीं मिल रही है।

संयुक्त राष्ट्र के फैसले लेने के तरीके पर भी सवाल

इस सम्मेलन के बेनतीजा रहने के बाद संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलनों में फैसले लेने के तरीके पर भी सवाल उठने लगे हैं। यहां फैसले बहुमत के आधार पर नहीं, बल्कि सभी देशों की सहमति से लिए जाते हैं। इसका मतलब है कि कुछ देश भी किसी प्रस्ताव का विरोध कर दें तो समझौता अटक सकता है।

अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति अल गोर ने इस नतीजे को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया को जीवाश्म ईंधन से दूर जाने और प्रभावित देशों को आर्थिक मदद देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। ऑस्ट्रेलिया के जलवायु मंत्री क्रिस बोवेन ने भी माना कि सर्वसम्मति से फैसले लेने का मौजूदा तरीका बड़ी समस्या बन रहा है।

हालांकि संयुक्त राष्ट्र के जलवायु प्रमुख साइमन स्टील ने इस व्यवस्था का बचाव किया। उनका कहना था कि इसी प्रक्रिया के जरिए 2015 में पेरिस जलवायु समझौता हुआ था, जिसने दुनिया को जलवायु संकट से निपटने के लिए साझा लक्ष्य दिया।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links