- Hindi News
- Lifestyle
- Junk Food Habits; Children Healthy Eating Foods List | Parental Control
जरूरत की खबर- बच्चों की जंकफूड की आदत कैसे छुड़ाएं:डॉक्टर से जानें 10 जंकफूड के हेल्दी विकल्प, हेल्दी ईटिंग के 13 टिप्स
- कॉपी लिंक

बच्चे को भूख लगी और उसने खाने की बजाय चिप्स का पैकेट मांग लिया। कभी पिज्जा खाने की जिद, तो कभी टिफिन में रोज कुछ नया और चटपटा रखने की फरमाइश। पेरेंट्स बच्चे की जिद के आगे झुक जाते हैं। धीरे–धीरे बच्चों को लत लग जाती है।
आखिर बच्चों को जंकफूड इतना पसंद क्यों आता है? इसकी एक वजह इसका स्वाद है। चिप्स, पिज्जा, बर्गर और चॉकलेट में नमक, चीनी और फैट का ऐसा कॉम्बिनेशन होता है, जो खाने को टेस्टी के साथ एडिक्टिव भी बनाता है। लेकिन जंकफूड बहुत नुकसानदायक भी है। इससे कम उम्र में बच्चों को हेल्थ प्रॉब्लम्स होने लगती हैं।
ऐसे में सबसे जरूरी सवाल है कि बच्चों को जंक फूड से कैसे बचाएं। इसलिए आज 'जरूरत की खबर' में बात करेंगे कि जंकफूड एडिक्शन की। साथ ही जानेंगे कि-
- बच्चा जंकफूड की जिद करे तो पेरेंट्स क्या करें?
- बच्चे की जंकफूड खाने की आदत कैसे छुड़ाएं?
एक्सपर्ट- डॉ. बिलाल खान, सीनियर कंसल्टेंट, पीडियाट्रिक मेडिसिन एंड पीआईसीयू, नारायणा हॉस्पिटल, गुरुग्राम और दिल्ली
सवाल- बच्चे जंक फूड की ओर इतना क्यों आकर्षित होते हैं?
जवाब- इसके पीछे कई वजहें होती हैं। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- पहली वजह इसका स्वाद है। चिप्स, पिज्जा, बर्गर और पैकेज्ड स्नैक्स में नमक, चीनी और फैट की मात्रा अधिक हो सकती है। इनका स्वाद बच्चों को जल्दी पसंद आता है और वे इन्हें बार-बार खाना चाहते हैं।
- रंगीन पैकेजिंग, कार्टून कैरेक्टर और आकर्षक विज्ञापन भी बच्चों का ध्यान खींचते हैं।
- स्कूल के आसपास दुकानें, दोस्तों के साथ बाहर खाना और ऑनलाइन फूड डिलीवरी की आसानी भी इस आकर्षण को बढ़ाती है।
- घर का माहौल भी इसमें अहम भूमिका निभाता है। अगर माता-पिता खुद बार-बार चिप्स, बिस्किट या शुगरी ड्रिंक लेते हैं तो बच्चे भी इन्हें सामान्य खाने का हिस्सा मानने लगते हैं।
सवाल- पेरेंट्स की किन गलतियों से बच्चे जंक फूड की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं?
जवाब- बच्चों की खाने की पसंद काफी हद तक घर के माहौल और माता-पिता की आदतों से बनती है। वे बड़ों को देखकर सीखते हैं और धीरे-धीरे वही आदतें अपनाने लगते हैं। ऐसे में पेरेंट्स की कुछ छोटी-छोटी गलतियां बच्चों को जंकफूड का आदी बना सकती हैं। मसलन, बार-बार जंकफूड देना, हर जिद पूरी करना या अच्छे व्यवहार के बदले चॉकलेट देना। ऐसी गलतियों से बचना जरूरी है।

सवाल- जंक फूड से बच्चों की सेहत पर क्या असर पड़ता है?
जवाब- जंकफूड में आमतौर पर नमक, चीनी और अनहेल्दी फैट की मात्रा ज्यादा होती है, जबकि जरूरी पोषक तत्व न के बराबर होते हैं। इसका नियमित और ज्यादा सेवन बच्चों के वजन, दांतों, पाचन और मेटाबॉलिक हेल्थ पर असर डाल सकता है। इसके सभी नुकसान ग्राफिक में देखिए-

सवाल- बच्चा जंक फूड खाने की जिद करे तो क्या करें?
जवाब- ऐसे में गुस्सा करने या तुरंत उसकी मांग मानने की बजाय धैर्य से काम लें। बच्चे को प्यार से समझाएं कि रोज जंकफूड खाना ठीक नहीं है। उसकी पसंद को पूरी तरह नकारने की बजाय दूसरे विकल्प दें।
क्या करें?
- शांत रहें, गुस्सा न करें।
- बच्चे की बात सुनें और वजह समझें।
- जंकफूड की जगह पसंद का हेल्दी स्नैक दें।
- ध्यान खेल या दूसरी गतिविधि में लगाएं।
- जंकफूड खाने की मात्रा और समय तय करें।
क्या न करें?
- जिद पर चिल्लाएं या डांटें नहीं।
- हर बार मांग पूरी न करें।
- जंकफूड को इनाम न बनाएं।
- हेल्दी खाना जबरदस्ती न खिलाएं।
- खाने को लेकर धमकी न दें।

सवाल- बच्चों को जंक फूड से दूर कैसे रखें?
जवाब- सिर्फ बच्चे को समझाने से जंकफूड की आदत नहीं बदलेगी। इसके लिए घर में भी कुछ बदलाव करने होंगे। जंकफूड की उपलब्धता कम करें और बच्चों के सामने हेल्दी विकल्प रखें। इसके लिए-
- घर में चिप्स, कुरकुरे और सॉफ्ट ड्रिंक का स्टॉक न रखें।
- बाजार से जंकफूड खरीदने की फ्रीक्वेंसी कम करें।
- टिफिन में रोज अलग-अलग हेल्दी विकल्प दें।
- खाने के बीच बार-बार पैकेट वाले स्नैक्स न दें।
- टीवी और मोबाइल पर फूड विज्ञापनों के प्रभाव से बचाएं।
- जंकफूड को रोज की बजाय कभी-कभार की ट्रीट रखें।
सवाल- बच्चों को हेल्दी फूड हैबिट्स कैसे सिखाएं?
जवाब- बच्चों में हेल्दी फूड हैबिट्स विकसित करने के लिए उन्हें छोटी उम्र से ही खाने के सही तरीके सिखाना जरूरी है। इसके लिए माता-पिता खुद उदाहरण बनें और बच्चों को खाने से जुड़ी छोटी-छोटी गतिविधियों में शामिल करें।

सवाल- खाने को लेकर कोई इनाम या सजा रखना कितना सही है?
जवाब- खाने को इनाम या सजा बनाना सही नहीं है, क्योंकि इससे बच्चों का भोजन के साथ स्वस्थ संबंध प्रभावित हो सकता है।
इसके नुकसान
- जंक फूड का आकर्षण बढ़ता है।
- हेल्दी भोजन मजबूरी जैसा लगने लगता है।
- भोजन के प्रति डर या नकारात्मक भावनाएं विकसित हो सकती हैं।
- कुछ फूड आइटम्स से नफरत बढ़ सकती है।
- आगे चलकर इमोशनल ईटिंग की आदत बन सकती है।
क्या करें?
- इनाम के रूप में स्टिकर, खेल, कहानी या घूमने का मौका दें।
- बिना दबाव के बार-बार हेल्दी भोजन ऑफर करें।
सवाल- क्या बच्चों को शॉपिंग और किचन एक्टिविटीज में शामिल करने से मदद मिलती है?
जवाब- हां, बिल्कुल। बच्चों को किराने की खरीदारी और किचन की एक्टिविटीज में शामिल करना हेल्दी फूड हैबिट्स विकसित करने का एक प्रभावी तरीका माना जाता है।
शॉपिंग के फायदे
- बच्चे फल, सब्जियां और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को पहचानना सीखते हैं।
- हेल्दी और अनहेल्दी विकल्पों का फर्क समझते हैं।
- खुद चुनी हुई चीजें खाने में ज्यादा रुचि दिखाते हैं।
किचन एक्टिविटीज के फायदे
- भोजन के प्रति रुचि और जिम्मेदारी बढ़ती है।
- नए खाद्य पदार्थ चखने के लिए तैयार रहते हैं।
- जरूरी लाइफ स्किल्स सीखते हैं।
उम्र के अनुसार जिम्मेदारियां दें
- छोटे बच्चे: फल-सब्जियां धोना, सलाद सजाना।
- बड़े बच्चे: सैंडविच बनाना, सामग्री मापना और सरल रेसिपी तैयार करना।
सवाल- घर में कौन-सी हेल्दी चीजें हमेशा उपलब्ध रखनी चाहिए?
जवाब- जब घर में पौष्टिक चीजें आसानी से उपलब्ध होंगी, तो बच्चों को जंकफूड की जगह हेल्दी स्नैक्स देना आसान होगा। इसके लिए किचन ये चीजें हमेशा रखें-

सवाल- बच्चों के लिए जंक फूड के हेल्दी विकल्प क्या हो सकते हैं?
जवाब- बच्चों को जंकफूड से दूर रखने के लिए उनकी पसंद का स्वाद पूरी तरह छीनने की जरूरत नहीं है। बस खाने में थोड़े बदलाव करके उन्हीं चीजों के पौष्टिक विकल्प दिए जा सकते हैं। इससे बच्चों को पसंद का स्वाद भी मिलेगा और शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलेंगे, जैसेकि-
- चिप्स: भुना चना, मखाना या मूंगफली।
- बर्गर: घर का बना वेज या पनीर सैंडविच।
- पिज्जा: होल-व्हीट बेस पर घर का बना वेज पिज्जा।
- इंस्टेंट नूडल्स: सब्जियों वाला दलिया या होल-व्हीट नूडल्स।
- क्रीम बिस्कुट: ओट्स कुकीज या मेवे।
- चॉकलेट: फल, खजूर या ड्राई फ्रूट्स।
- सॉफ्ट ड्रिंक: नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी।
- आइसक्रीम: फ्रोजन फ्रूट योगर्ट या घर की बनी फ्रूट कुल्फी।
- कैंडी: ताजे फल या सूखे मेवे।
- पैकेट केक: कम चीनी वाला घर का बना केक या मफिन।
………………………
ग्राफिक- अजीत सिंह
……………………..
यह खबर भी पढ़ें….
जरूरत की खबर- क्या खाली पेट चाय-कॉफी पीना ठीक है:डाइटीशियन से समझें क्या कहता है साइंस, चीनी–दूध मिलाकर पीने के फायदे-नुकसान

‘कॉफी बोर्ड ऑफ इंडिया’ के एक सर्वे के मुताबिक, 84% भारतीय नियमित रूप से चाय-कॉफी पीते हैं। इनमें कई लोग ऐसे हैं, जिनके दिन की शुरुआत खाली पेट सीधे चाय-कॉफी पीने से होती है। पूरी खबर पढ़ें…
जरूरत की खबर- तुलसी पत्ती के फायदे: शुगर-बीपी कम करे, हार्ट को रखे हेल्दी, डॉक्टर से जानें इससे जुड़े मिथ और फैक्ट, ये लोग न खाएं
1:26जरूरत की खबर- पासपोर्ट कैसे बनवाएं: ये डॉक्यूमेंट्स हैं जरूरी, इन 7 गलतियों के कारण रिजेक्ट होता आवेदन, समझें पूरा प्रोसेस
1:16जरूरत की खबर- नौतपा में हीटवेव: ये 10 संकेत दिखें तो आपको लू लगी, तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, बचाव के लिए करें ये 14 काम
1:44






















