- Hindi News
- Lifestyle
- Relationship Breakup Threat; Boyfriend Emotional Manipulation Impacts | Advice & Tips
रिलेशनशिप एडवाइज- बॉयफ्रेंड हर वक्त ब्रेकअप की धमकी देता है:मैं उससे प्यार करती हूं, लेकिन धमकियों से तंग आ चुकी हूं, क्या करूं?
- कॉपी लिंक

सवाल– मेरी उम्र 25 साल है और मैं दो साल से रिलेशनशिप में हूं। मेरा पार्टनर हर छोटी बात पर ब्रेकअप की धमकी देता रहता है। किसी मामूली बात पर बहस होती है और वह तुरंत ब्रेकअप की बात करने लगता है। कभी मैं उसके मैसेज का जवाब देर से दूं, कभी दोस्तों के साथ बाहर चली जाऊं या उसकी किसी बात से असहमत हो जाऊं, तो वह कहता है कि अगर तुम्हें इस रिश्ते की परवाह नहीं है तो हम अलग हो जाते हैं।
बाद में खुद ही माफी मांगकर सब ठीक करने की कोशिश करता है। मैं उससे प्यार करती हूं, लेकिन ब्रेकअप की धमकियों से ऊब गई हूं। इस डर के साथ नहीं जीना चाहती। क्या बार-बार ब्रेकअप की बात करना इमोशनल मैनिपुलेशन है?
एक्सपर्ट– डॉ. जया सुकुल, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, नोएडा
सवाल पूछने के लिए शुक्रिया। हां, आपके बताए व्यवहार में इमोशनल मैनिपुलेशन के साफ संकेत हैं। खासकर तब, जब आपका पार्टनर हर असहमति या छोटी नाराजगी को रिश्ता खत्म करने की धमकी में बदल देता है। मनोविज्ञान की भाषा में इसे भावनात्मक दबाव बनाने वाला व्यवहार कहा जा सकता है।
रिश्ते में मतभेद होना सामान्य है। दो लोगों की पसंद, सोच और जरूरतें हमेशा एक जैसी नहीं हो सकतीं। लेकिन हर मतभेद का जवाब ब्रेकअप की धमकी नहीं होता।
जब कोई व्यक्ति बार-बार रिश्ता खत्म करने की बात करता है, तो दूसरा व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी बात कहना बंद कर सकता है। उसे लगने लगता है कि कहीं मेरी किसी बात से पार्टनर नाराज न हो जाए। कहीं वह मुझे छोड़ न दे। यहीं से रिश्ते में प्यार के साथ डर भी जुड़ने लगता है।

बार-बार ब्रेकअप की धमकी मैनिपुलेशन कैसे?
इमोशनल मैनिपुलेशन का मतलब है, अपनी भावनाओं, शब्दों या व्यवहार से दूसरे व्यक्ति को इस तरह प्रभावित करना कि वह अपनी इच्छा के बजाय आपके दबाव में फैसले लेने लगे।
- आपके मामले में पार्टनर तीन स्थितियों में ब्रेकअप की बात करता है।
- आप उसके मैसेज का तुरंत जवाब नहीं देतीं।
- आप अपने दोस्तों के साथ समय बिताती हैं।
- आप उसकी किसी बात से असहमत होती हैं।
इनमें से कोई भी बात रिश्ता खत्म करने की वजह नहीं है। ये आपकी सामान्य जिंदगी और व्यक्तिगत आजादी का हिस्सा है। लेकिन आपका पार्टनर इन बातों को रिश्ते के प्रति आपकी बेरुखी बताता है। फिर अलग होने की धमकी देता है।
इसका असर यह होता है कि अगली बार आप अपनी मर्जी से कोई भी काम करने से पहले कई बार सोचेंगी। आप उसकी नाराजगी से बचने के लिए अपनी जरूरतों और पसंद को पीछे रखने लगेंगी। इस तरह ब्रेकअप की धमकी इमोशनल प्रेशर बनाने का एक औजार बन जाती है।

बॉयफ्रेंड क्यों करता है मैनिपुलेट?
मैनिपुलेट करने के पीछे असुरक्षा, भावनाओं पर नियंत्रण न होना और रिश्ते में डॉमिनेट करने की इच्छा जैसे कारण हो सकते हैं। कुछ लोग गुस्से या असहमति को संभाल नहीं पाते और पार्टनर को डराकर अपनी बात मनवाने की कोशिश करते हैं।
कारण जो भी हो, इस तरह का व्यवहार बिल्कुल वाजिब नहीं है। मैनिपुलेशन के सभी संभावित कारण नीचे ग्राफिक में देखें–

क्या ये इमोशनल ब्लैकमेल है?
यह इस बात पर निर्भर करता है कि ब्रेकअप की बात किस इरादे और किस तरीके से की जा रही है। अगर कोई व्यक्ति लगातार धमकी देता है कि मेरी बात नहीं मानी तो मैं रिश्ता खत्म कर दूंगा, तो यह इमोशनल ब्लैकमेल का रूप ले सकता है।
उदाहरण के लिए, आप दोस्तों के साथ बाहर जाना चाहती हैं। लेकिन पार्टनर कहता है कि अगर तुम्हें उनके साथ ही समय बिताना है तो हम अलग हो जाते हैं। अब आपके सामने दो विकल्प हैं। या तो आप अपनी इच्छा छोड़ दें या रिश्ता टूटने का डर झेलें। दोनों ही स्थितियों में यह हेल्दी नहीं है।
इमोशनल मैनिपुलेशन का मेंटल हेल्थ पर असर
लगातार ब्रेकअप की धमकियां मिलने से रिश्ते में भावनात्मक असुरक्षा पैदा होती है। धीरे-धीरे आप कई तरह के बदलाव महसूस कर सकती हैं, जैसेकि आप–
- हर बात कहने से पहले सोचने लगेंगी।
- पार्टनर के मूड को लेकर सतर्क रहेंगी।
- अपनी पसंद और जरूरतों को इग्नोर करेंगी।
- दोस्तों और परिवार से मिलने में अपराधबोध महसूस करेंगी।
- छोटी असहमति पर भी रिश्ता टूटने का डर रहेगा।
- खुद को हर झगड़े के लिए जिम्मेदार मानने लगेंगी।
लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने पर तनाव, बेचैनी, आत्मविश्वास में कमी और भावनात्मक थकान हो सकती है।

क्या आपको पार्टनर से बात करनी चाहिए?
हां। किसी शांत समय में इस बारे में खुलकर बात करें। पार्टनर को बताएं कि हर छोटी–छोटी असहमति पर ब्रेकअप की धमकी देना आपको कितना परेशान करता है। स्पष्ट रूप से कहें कि आप रिश्ते में रहना चाहती हैं, लेकिन डर के साथ नहीं।
एक स्पष्ट सीमा तय करें। समझाएं कि ब्रेकअप कोई ऐसी बात नहीं है जिसे हर झगड़े में इस्तेमाल किया जाए। अगर वह सच में रिश्ता खत्म करना चाहते हैं, तो उस पर गंभीरता से बात होनी चाहिए। अगर नहीं, तो धमकी देना बंद करना होगा।
कैसे जानें कि पार्टनर सच में बदलना चाहता है?
यह समझने का सिर्फ एक ही तरीका है। व्यक्ति के शब्दों और वादों के बजाय उसके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे। अगर वह सच में बदलाव चाहता है, तो कुछ संकेत दिखाई देंगे–
- वह अपनी गलती स्वीकार करेगा।
- हर असहमति पर ब्रेकअप की बात नहीं करेगा।
- आपकी व्यक्तिगत आजादी का सम्मान करेगा।
- दोस्तों से मिलने या अपनी पसंद के काम करने पर नाराज नहीं होगा।
- गुस्से में भी अपमानजनक या धमकी भरी भाषा नहीं बोलेगा।
- गलती दोहराने पर सिर्फ माफी नहीं मांगेगा, बल्कि उसे सुधारने की कोशिश करेगा।

स्वस्थ रिश्ते की बुनियाद
एक स्वस्थ रिश्ता वह है, जिसमें आप बिना डरे अपनी बात कह सकें। जहां असहमति के बावजूद सम्मान बना रहे। प्यार का मतलब किसी को खोने का डर दिखाकर अपने साथ बनाए रखना नहीं है।
आपको यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि आप अपने पार्टनर से कितना प्यार करती हैं। देर से मैसेज का जवाब देना, दोस्तों के साथ बाहर जाना या किसी बात पर असहमत होना प्यार की कमी नहीं है।
किसी भी स्वस्थ, सुंदर रिश्ते में ये 5 डोर होती हैं, जो दो लोगों को बांधकर रखती हैं–

अंतिम बात
रिश्ते में प्यार का मतलब हर हाल में साथ बने रहना नहीं, बल्कि एक-दूसरे को सम्मान और आजादी देना है। बार-बार ब्रेकअप की धमकी को सामान्य झगड़ा समझकर नजरअंदाज न करें। माफी मांगने से ज्यादा जरूरी है व्यवहार का बदलना। याद रखें, स्वस्थ रिश्ता डर नहीं, भरोसा पैदा करता है। …………………..…..…..
रिश्तों से जुड़ी कोई उलझन है? दिल की बात खुलकर कहें।
MyTalkIndia by Dainik Bhaskar एक सेफ, कॉन्फिडेंशियल और नॉन-जजमेंटल स्पेस है, जहां आप अपनी मेंटल और इमोशनल सेहत के लिए हमारे प्रोफेशनल काउंसिलर्स से बिल्कुल फ्री में चैट कर सकते हैं।
चैट करने के लिए यहां क्लिक करें।
…………………..…..…..
यह खबर भी पढ़िए
रिलेशनशिप एडवाइज- गर्लफ्रेंड उम्र में 4 साल बड़ी है: दोस्त मजाक उड़ाते हैं, उनकी बातें अब परेशान करने लगी हैं, कैसे डील करूं

एक बात हमेशा याद रखिए कि दुनिया का कोई भी रिश्ता उम्र या जन्म की तारीख से मजबूत या कमजोर नहीं होता। रिलेशनशिप एक बहुत पर्सनल और वलनरेबल स्पेस है। दोस्तों का उस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करना चिढ़ाना नहीं, बल्कि आपके रिश्ते और फैसले का अनादर करने की तरह है। पूरी खबर पढ़िए…
रिलेशनशिप एडवाइज- इस दिवाली ससुराल नहीं जाना: अपने घर पर अकेले त्योहार मनाना था, लेकिन घरवाले मुंह फुलाकर बैठ गए, मैं क्या करूं
1:29रिलेशनशिप एडवाइज– पति साइलेंट ट्रीटमेंट देते हैं: झगड़ा हो तो बात नहीं करते, जब तक मैं माफी न मांगूं, क्या ये इमोशनल एब्यूज है
1:39रिलेशनशिप एडवाइज- पार्टनर कभी नाराज नहीं होता: मैं कितना भी लड़ूं, गुस्सा करूं, वह शांत रहता है, क्या वो रिश्ते के लिए सीरियस है
1:39रिलेशनशिप एडवाइज- मेरे दोनों बॉयफ्रेंड्स टॉक्सिक थे: मैं ऐसे लोगों की तरफ ही क्यों अट्रैक्ट होती हूं, मुझे सच्चा प्यार कैसे मिलेगा
1:55






















