- Hindi News
- Local
- Bihar
- Banka
- Banka Crop Residue Burning | Agriculture Department Strict Action Plan
बांका में सेटेलाइट से पराली जलाने वाले खेतों की पहचान:किसानों को 3 साल तक कृषि योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा
- कॉपी लिंक

बांका में धान की कटाई के बाद पराली जलाकर खेत खाली करने वाले किसानों पर कृषि विभाग सख्ती बरतने की तैयारी में है। सेटेलाइट के माध्यम से खेतों पर नजर रखी जा रही है।
पराली जलाने की तस्वीरें अक्षांश और देशांतर के साथ जिला कृषि कार्यालय को भेजी जा रही हैं। इसके आधार पर खेत की पहचान कर स्थल जांच कराई जाएगी। पराली जलाने की पुष्टि होने पर संबंधित किसान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय नियमों के अनुसार, पराली जलाने के मामले में चिह्नित किसानों को तीन साल तक कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा सकता है।
ऐसे किसान पैक्स के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान भी नहीं बेच सकेंगे। यानी खेत जल्दी खाली करने के लिए पराली जलाना किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।
पिछले साल 20 से अधिक किसान हुए थे ब्लैकलिस्टेड
पिछले साल भी कृषि विभाग ने पराली जलाने के मामलों में सख्ती दिखाई थी। इस दौरान जिले के 20 से अधिक किसानों को चिह्नित कर ब्लैकलिस्टेड किया गया था। विभागीय जानकारी के अनुसार, पराली जलाने की सबसे अधिक घटनाएं शंभूगंज प्रखंड से सामने आई थीं।
इस बार भी धान की कटाई के साथ ही निगरानी और कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है। किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी जा रही है।
जिला कृषि पदाधिकारी त्रिपुरारी शर्मा ने बताया कि पराली जलाने वाले खेत की तस्वीर निदेशालय स्तर से अक्षांश और देशांतर के साथ जिला कृषि कार्यालय को भेजी जाती है। तस्वीर में उपलब्ध लोकेशन के आधार पर खेत की पहचान की जाती है।
इसके बाद अनुमंडल कृषि पदाधिकारी को स्थल जांच की जिम्मेदारी दी जाती है। जांच में पराली जलाने की पुष्टि होने पर संबंधित किसान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक भी रखेंगे नजर
पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग सेटेलाइट से मिलने वाली तस्वीरों के साथ स्थानीय स्तर पर भी निगरानी कर रहा है।
किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखने और इसकी सूचना विभाग को देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सेटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर भी संदिग्ध खेतों को चिह्नित किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य किसानों को दंडित करने के साथ खेतों में फसल अवशेष जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है।

मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर पड़ता है असर
धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली को कुछ किसान गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बोआई के लिए जल्दी खेत खाली करने के उद्देश्य से जला देते हैं। इससे खेत कम समय में साफ हो जाता है और जुताई करना आसान होता है।
हालांकि, पराली जलाने से मिट्टी के पोषक तत्व नष्ट होते हैं। मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्म जीवों को भी नुकसान पहुंचता है। इससे खेत की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। साथ ही धुएं से वायु प्रदूषण भी बढ़ता है।
कृषि विभाग की ओर से किसानों को पराली नहीं जलाने और फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
कंबाइंड हार्वेस्टर की सूची मांगी
धान कटाई में इस्तेमाल होने वाले कंबाइंड हार्वेस्टर को लेकर भी कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में संचालित हार्वेस्टर की सूची मांगी है।
इस संबंध में अगले एक-दो दिनों में बैठक भी आयोजित की जाएगी। विभाग हार्वेस्टर के संचालन और धान कटाई की गतिविधियों पर भी नजर रखेगा।
हालांकि, पिछले दिनों हुई बारिश के कारण खेतों में अभी नमी बनी हुई है। इस वजह से कई स्थानों पर कंबाइंड हार्वेस्टर से धान की कटाई नहीं हो पा रही है।
जिला कृषि पदाधिकारी त्रिपुरारी शर्मा ने बताया कि धान की कटाई के बाद पराली प्रबंधन को लेकर किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। सेटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर खेतों की जांच कराई जाती है। मामला सही पाए जाने पर संबंधित किसानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















