- Hindi News
- Local
- Bihar
- Kishanganj
- Guru Nanak Parkash Parv | Kishanganj Nagar Kirtan Shobhayatra Update
किशनगंज-गुरु नानक प्रकाश पर्व पर निकली कीर्तन शोभायात्रा:पंच प्यारों ने की अगुवाई, गतका पार्टी ने दिखाए पारंपरिक करतब
- कॉपी लिंक

किशनगंज के महावीर मार्ग स्थित गुरुद्वारे से सोमवार को गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सिख समुदाय के महिला, पुरुष और बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पंच प्यारों ने शोभायात्रा की अगुवाई की। श्रद्धालु पूरे रास्ते गुरु नानक देव के जयकारे लगाते रहे।
नगर कीर्तन दोपहर में गुरुद्वारे से शुरू हुआ। यह धर्मगंज चौक, धर्मगंज बस्ती, केला बगान, सरावगी अतिथि सदन रोड, बाल मंदिर रोड, केल्टैक्स चौक, मनोरंजन क्लब, धर्मशाला रोड, फल चौक, भगत टोली रोड और गांधी चौक होते हुए महावीर मार्ग पहुंचा। इसके बाद शोभायात्रा के गुरुद्वारे लौटने का कार्यक्रम था।
देखें, मौेके से आई तस्वीरें…



गतका पार्टी ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
शोभायात्रा में गतका पार्टी के युवाओं ने तलवारों और अन्य पारंपरिक शस्त्रों से करतब दिखाए। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर हुए प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही।
श्रद्धालुओं ने रास्ते में की सेवा
नगर कीर्तन के दौरान सिख समुदाय के महिला और पुरुष श्रद्धालु सड़क की सफाई करते हुए पानी का छिड़काव कर रहे थे। वहीं, विभिन्न चौक-चौराहों पर सामाजिक संगठनों ने संगत के लिए शरबत, ठंडे पानी और अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था की। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
गुरु नानक की शिक्षाओं का दिया संदेश
गुरुद्वारे के सेवादारों ने संगत को गुरु नानक देव की शिक्षाओं और उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
सेवादारों ने बताया कि गुरु नानक देव ने देश-विदेश की यात्राएं कर लोगों को सत्य, ईमानदारी और मानव सेवा के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी।

आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान लखविंदर सिंह लक्खा ने कहा कि गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। प्रकाश पर्व पर सभी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।
नगर कीर्तन में कमेटी के सचिव सरदार अजीत सिंह, सरदार गगनदीप सिंह, सरदार जसपाल सिंह, सरदार अमरदीप सिंह, सरदार नरेंद्र सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, सरदार अमोलक सिंह, सरदार निशान सिंह, सरदार अमनदीप सिंह, सरदार बलदेव सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















