- Hindi News
- Local
- Bihar
- Samastipur
- Samastipur Bangra Police Constable Resham Kumari Dies At IGIMS Patna
समस्तीपुर- बंगरा थाने में तैनात महिला सिपाही की मौत:तीन दिन पहले अचानक बिगड़ी थी तबीयत, सदर अस्पताल से IGIMS पटना किया गया था रेफर
- कॉपी लिंक

समस्तीपुर जिले के बंगरा थाने में तैनात महिला सिपाही रेशम कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने रविवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, महिला सिपाही की तबीयत तीन दिन पहले अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें शहर के आदर्शनगर स्थित एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। इसके बाद पटना के एक निजी अस्पताल में भी उनका इलाज कराया गया। बाद में उन्हें IGIMS में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की गई
रेशम कुमारी मूल रूप से भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित तुलसी मिश्रा लेन की रहने वाली थी। बंगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला सिपाही पहले से भी बीमार चल रही थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
महिला सिपाही की असामयिक मौत से उनके सहकर्मियों और पुलिसकर्मियों में शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन की ओर से परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। इसके बाद परिवार के लोग पटना से पार्थिव शरीर लेकर भागलपुर के लिए रवाना हो गए।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















