- Hindi News
- Local
- Bihar
- Supaul
- Araria Bihar Scorpio Car Accident River Supaul Youth Photo
अररिया हादसे में सुपौल के 6 युवकों की मौत:तिलक समारोह से लौटते समय नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 7 युवक थे सवार
- कॉपी लिंक

अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में सुपौल के छह युवकों की मौत हो गई। सभी तिलक समारोह में शामिल होकर स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर नदी में गिरी स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार, सुपौल से कई लोग अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। रस्म पूरी होने के बाद सभी घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक ने स्कॉर्पियो से नियंत्रण खो दिया। वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक छह युवकों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों में पांच थुमहा और एक राघोपुर का
मृतकों की पहचान यश कुमार (16), सौरभ कुमार (15), आदित्य अमन (20), मुन्ना कुमार (22), आर्यन (15) और चालक कुंदन यादव (28) के रूप में हुई है। इनमें पांच युवक पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा और एक राघोपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर सुपौल पहुंचते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। जिन परिवारों में कुछ दिन पहले तक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है।
एक साथ हुआ चार युवकों का अंतिम संस्कार
गुरुवार को सुपौल में चार युवकों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। एक साथ चार चिताएं जलती देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं, दो अन्य युवकों का अंतिम संस्कार अलग-अलग स्थानों पर किया जाना है।
पिपरा विधायक रामबिलास कामत और जदयू के सुपौल जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















