- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- Dhirendra Shastri Pathankot Statement | Hindu Unity & Gaushala Support
सिख गुरुओं के बलिदान का हम सब पर बड़ा कर्ज:धीरेंद्र शास्त्री बोले-वे एक पार्टी के नहीं, गौशालाओं का बिल माफ करने पर पंजाब सरकार की सराहना
- कॉपी लिंक

पठानकोट के लमीनी स्टेडियम में चल रहे तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा महोत्सव के दूसरे दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू-सिख एकता, सनातन की एकजुटता, गौ संरक्षण और धर्म की राजनीति पर खुलकर अपने विचार रखे। पंजाबी अंदाज में
राजनीतिक आरोपों पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी एक पार्टी के नहीं हैं, बल्कि जिस-जिस पार्टी में हिंदू हैं, वे उन सबके हैं, क्योंकि गुरु सूर्य, चंद्रमा और गंगा की तरह सबका होता है। जो सबका न हो वो गुरु ही नहीं होता।
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सिख परंपरा को नमन करते हुए कहा कि समस्त सनातनियों और भारतीयों पर सिख परंपरा के नवम गुरु और दशम गुरु का बहुत बड़ा कर्ज है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, यदि वे न होते तो आज हिंदू न होता। उन्होंने हिंदुत्व, सनातन और कश्मीरी पंडितों को बचाने के लिए अपने साहिबजादों की शहादत तक करवा दी और अपने प्राणों का बलिदान दे दिया।
पंजाब की धरती पर रहने वाले हमारे सिख भाई और सनातनी दिखने में दो हैं, लेकिन वास्तव में एक ही हैं। दूसरे दिन की कथा में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरभजन सिंह ईटीओ, अमनशेर सिंह शैरी कलसी भी शामिल हुए।

पंजाब सरकार की तारीफ, कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी पर ली चुटकी
कथा पंडाल में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और विजय शर्मा की मौजूदगी पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि आज व्यास पीठ और राजपीठ एक साथ बैठी हैं। उन्होंने पंजाब की सभी गौशालाओं का बिजली बिल माफ करने, पटियाला में काली माता मंदिर के सौंदर्यीकरण और हिंदू नववर्ष की शुरुआत करवाने के लिए पंजाब सरकार की सराहना की।
हल्के-फुल्के अंदाज में मंत्री अमन अरोड़ा की ओर इशारा करते हुए उन्होंने चुटकी ली, आज हमें डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि गृह मंत्री खुद यहां बैठे हैं, इसलिए अभी हमें एफआईआर नहीं करवानी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ज्यादा बोलना है लिमिट में ही बोलना है।

हिंदुओं को दूसरे मजहब से नहीं, आपसी फूट से ज्यादा खतरा
सनातनियों से एकजुट होने की अपील करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे किसी बाबा पर नहीं, बल्कि बजरंगबली पर भरोसा करें। उन्होंने कहा, व्यास पीठ से वचन देता हूं कि प्राण भले ही चले जाएं, लेकिन कभी हिंदुओं की नाक नीची नहीं होने दूंगा। वर्तमान समय में हिंदू धर्म को दूसरे मजहब से उतना खतरा नहीं है, जितना खुद हिंदुओं की आपसी ईर्ष्या, द्वेष और जातिवाद से है। इसके साथ ही उन्होंने 17 दिसंबर को चंडीगढ़ में होने वाले 'गौ सम्मान आवाहन अभियान' को अपना समर्थन देते हुए कहा कि गाय बचेगी तभी राष्ट्र और सनातन बचेगा।
कल दोपहर 12 बजे लगेगा दिव्य दरबार, इसके बाद मुंबई रवाना होंगे
कार्यक्रम के समापन की जानकारी देते हुए बताया गया कि मंगलवार 24 नवंबर को शाम की बजाय दोपहर 12 बजे से दिव्य दरबार लगाया जाएगा और सामूहिक अर्जी स्वीकार की जाएगी। इसके तुरंत बाद धीरेंद्र शास्त्री मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां वे पहली बार 26/11 आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों और शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए तीन दिवसीय कथा करेंगे। इस अवसर पर वीर शहीदों के परिवारों, सर्व समाज के अध्यक्षों और जम्मू-कश्मीर व पंजाब से आए संतों का अभिनंदन भी किया गया।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















