कोटा-नेत्रहीन को हत्या का आरोपी, दिव्यांग को बताया मुख्य हमलावर:एक 9 माह और दूसरा 27 महीने जेल में रहा, अभियोजन कोर्ट में साबित नहीं कर सका आरोप, कोर्ट ने किया बरी

कोटा9 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा में दिव्यांग भिखारी की हत्या के मामले में आरकेपुरम पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस ने हत्या के मामले को सुलझाने की जल्दबाजी में एक ऐसे व्यक्ति को आरोपी बना दिया, जो जन्म से ही पूरी तरह अंधा है। इतना ही नहीं, पुलिस ने उससे घटनास्थल की तस्दीक करवाने का भी दावा किया। वहीं, दूसरे आरोपी को मुख्य हमलावर बताया गया, जबकि वह अपने पैरों पर बिना सहारे खड़ा तक नहीं हो सकता।

पुलिस की जांच और चार्जशीट के आधार पर अंधे व्यक्ति को 9 महीने और दूसरे दिव्यांग को 27 महीने जेल में बिताने पड़े। हालांकि, अभियोजन पक्ष अदालत में आरोप साबित नहीं कर सका और दोनों आरोपियों को बरी कर दिया गया।

बंशीलाल उर्फ चड्डा ने बताया कि उसे घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं था। फैसले के बाद लगा भगवान है।
बंशीलाल उर्फ चड्डा ने बताया कि उसे घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं था। फैसले के बाद लगा भगवान है।

जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश सत्यनारायण व्यास ने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में असफल रहा कि मृतक कल्ला जोगी उर्फ कल्लू की बंशीलाल उर्फ चड्डा और बृजमोहन ने मारपीट कर हत्या की थी। मृतक खड़े गणेशजी मंदिर के बाहर भीख मांगता था। पुलिस ने भीख मांगने वाले दो अन्य व्यक्तियों को इस मामले में आरोपी बनाया था।

मामला 28 दिसंबर 2023 का है। इस दिन कल्लू मंदिर परिसर में लहूलुहान हालत में मिला था। उसके सिर पर गहरे घाव थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बंशीलाल और बृजमोहन को गिरफ्तार किया था। लेकिन अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस की जांच और बरामदगी से जुड़े कई दावों पर सवाल उठे।

पुलिस ने बृजमोहन बैरवा को मुख्य हमलावर बताया था। आरोप था कि उसने लाठी से कल्लू के सिर पर वार किए थे।
पुलिस ने बृजमोहन बैरवा को मुख्य हमलावर बताया था। आरोप था कि उसने लाठी से कल्लू के सिर पर वार किए थे।

1. अंधे व्यक्ति से करवाई घटनास्थल की तस्दीक- पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया कि आरोपी बंशीलाल उर्फ चड्डा पुलिस को घटनास्थल पर लेकर गया था और खड़े गणेशजी मंदिर के उस टिनशेड तथा शौचालय की तस्दीक करवाई थी, जहां हत्या होना बताया गया। जबकि बंशीलाल बचपन से ही पूरी तरह अंधा है। जिरह के दौरान इस बात पर सवाल उठे कि जो व्यक्ति देख ही नहीं सकता, वह घटनास्थल की पहचान और तस्दीक कैसे करवा सकता है। गिरफ्तारी के समय उसके पास लाठी होने और उसकी सूचना पर लाठी बरामद करने के पुलिस के दावे को भी अदालत ने संदेह की नजर से देखा।

2. चलने में असमर्थ व्यक्ति को बताया मुख्य हमलावर- पुलिस ने दूसरे आरोपी बृजमोहन बैरवा को मुख्य हमलावर बताया था। आरोप था कि उसने लाठी से कल्लू के सिर पर वार किए थे। जबकि बृजमोहन की शारीरिक स्थिति ऐसी है कि वह बिना सहारे अपने पैरों पर खड़ा तक नहीं हो सकता। अदालत ने मृतक के बैग को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। बैग में कोई ऐसी कीमती वस्तु नहीं थी, जिसे लूटने का उद्देश्य माना जा सके। पुलिस यह भी स्पष्ट नहीं कर सकी कि बैग कहां से बरामद हुआ। जब्ती की वीडियोग्राफी नहीं करवाई गई और न ही बरामदगी का कोई स्वतंत्र गवाह पेश किया गया। अदालत ने बृजमोहन से बैग की बरामदगी और उसके द्वारा दूसरे आरोपी से लाठी लेने के अभियोजन पक्ष के दावों को भी संदेहास्पद माना।

3. कथित प्रत्यक्षदर्शी ने कोर्ट में कहा- हत्या होते नहीं देखी-पुलिस ने बंशी नाम के एक अन्य भिखारी को मामले में प्रत्यक्षदर्शी गवाह बनाया था। लेकिन अदालत में उसने रोते हुए बताया कि उसने हत्या होते हुए नहीं देखी। उसका आरोप था कि पुलिस उसे जबरन उठाकर थाने ले गई और छह दिन तक हिरासत में रखा। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। उसने यह भी कहा कि आरोपियों के नाम पुलिस ने ही उसे बताए थे। अदालत ने गवाह के बयानों को विश्वसनीय नहीं माना। अभियोजन पक्ष की ओर से हत्या का कोई अन्य प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी पेश नहीं किया गया।

4. बैग की बरामदगी और सीसीटीवी फुटेज पर भी सवाल-पुलिस के अनुसार, 3 जनवरी 2024 को बृजमोहन को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास केवल पहने हुए कपड़े थे। इसके अगले ही दिन 4 जनवरी को पुलिस ने उसके पास से मृतक कल्लू का बैग बरामद करने का दावा किया। इस बरामदगी का कोई स्वतंत्र गवाह नहीं था। खड़े गणेशजी मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद जांच अधिकारी राजेश कुमार अदालत में फुटेज पेश नहीं कर सके। इससे भी अभियोजन पक्ष के मामले पर सवाल खड़े हुए।

बंशीलाल बोला- फैसले के बाद लगा भगवान है

बरी होने के बाद बंशीलाल उर्फ चड्डा ने बताया कि उसे घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं था। मृतक कल्लू उनके साथ ही सोया था। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे वे उठे और भीलवाड़ा चले गए। तीन दिन बाद लौटते समय रास्ते में पुलिस मिली। पुलिसकर्मियों ने कहा कि उसकी मां ने गुमशुदगी दर्ज करवाई है, इसलिए थाने चलना होगा। थाने पहुंचने पर पूछताछ शुरू हुई और पुलिस ने उन पर कल्लू की हत्या करने का आरोप लगाया।

बंशीलाल के अनुसार, उसने हत्या करने से इनकार किया तो पुलिस ने दो दिन तक उसके साथ मारपीट की। पैरों पर लाठियां मारीं और बाल पकड़कर पीटा। मारपीट के डर से उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली, जबकि उसे घटना के बारे में कुछ पता ही नहीं था। वह 9 महीने जेल में रहा। इस दौरान उसकी पत्नी और बच्चे ससुराल में रहने को मजबूर हो गए। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया। उसकी बुजुर्ग मां ने लोगों से 50 हजार रुपए से अधिक उधार लेकर उसे जेल से छुड़ाने के लिए खर्च किए।

उसने कहा, 'पुलिस चाहती तो मेरे साथ ऐसा नहीं होता। मैं तो जन्म से ही अंधा हूं। मैं किसी के सिर पर वार कैसे कर सकता था। मुझे और मेरे दिव्यांग साथी बृजमोहन को बेवजह आरोपी बना दिया गया। जेल में हम खूब रोते थे। फैसले के बाद लगा भगवान है।

एडवोकेट इमरान खान ने बताया कि बंशीलाल और बृजमोहन आज भले ही जेल से बाहर आ गए हैं, लेकिन उनके जीवन का जो समय पुलिसिया अत्याचार की भेंट चढ़ गया, उसका हिसाब कौन देगा? दोनों परिवारों ने यह पीड़ा भुगती है। यह जांच पूरी तरह से गलत हुई थी। इस मामले में हम कानून के तहत हाईकोर्ट में अपील करेंगे और गलत जांच करने वाले पुलिसकर्मियों को सजा दिलवाएंगे। जो व्यक्ति इतने समय तक जेल में रहे, उनको हर्जाना दिलाने के लिए भी कोर्ट में अपील करेंगे। गलत काम करने की यह पराकाष्ठा है।

.
खबरें और भी हैं...

Rajasthan Latest News

Today Weather Update

Our Group Site Links