सलमान से पिता सलीम ने कहा था:गब्बर को गब्बर ही मार सकता है; कनिका पर भड़के एक्टर, रोहित शेट्टी ने री-पोस्ट किया वीडियो

2 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

'बिग बॉस-20' के होस्ट सलमान खान ने कंटेस्टेंट काजी तौकीर को फटकार लगाते हुए अपने पिता और लेखक सलीम खान की पुरानी सलाह का जिक्र किया है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर सलमान का टेस्टेंट कनिका मान को नाराजगी से घूरते हुए एक विडियो तेजी से वायरल हो रहा है। निर्देशक रोहित शेट्टी ने भी इस वीडियो को री-पोस्ट किया है।

सलीम खान की सीख -‘गब्बर को गब्बर ही मार सकता है’

वीकेंड का वार एपिसोड में काजी तौकीर को मिली तारीफों के सिर चढ़ने और खुद की छवि खराब करने को लेकर चेतावनी देते हुए सलमान खान ने 1989 में फिल्म 'मैंने प्यार किया' के दौर की बात याद की।

सलमान के मुताबिक, सलीम खान ने उनसे कहा था कि भगवान, परिवार या फैंस में से कोई भी तुम्हारे खिलाफ नहीं है, लेकिन तुम्हारे खिलाफ जाने वाला एक ही शख्स हो सकता है और वह तुम खुद हो। उन्होंने कहा, “गब्बर को गब्बर ही मार सकता है।”

काजी तौकीर को पिता की सलाह बताते सलमान।
काजी तौकीर को पिता की सलाह बताते सलमान।

इससे पहले एक अन्य वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान ने साल 2008 में आए टीवी शो 'दस का दम' को लेकर भी बताया था कि कोर्ट केस, रिश्तों और फिल्मों को लेकर फैली नकारात्मकता के बीच वे इसे करने से हिचक रहे थे, लेकिन पिता ने उन पर अपनी परवरिश, दिल और व्यक्तित्व पर भरोसा रखने की सलाह दी और शो करने को कहा।

कनिका मान पर रोहित शेट्टी की री-पोस्ट वायरल

'बिग बॉस-20' में कनिका मान की हालिया बयानबाजी पर सलमान के फटकार लगाए जाने और गुस्से में घूरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रोहित शेट्टी ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इस वीडियो को री-पोस्ट किया है। हालांकि बाद में उन्होंने इसे हटा दिया।

कनिका मान को गुस्से में देखते सलमान खान।
कनिका मान को गुस्से में देखते सलमान खान।

बता दें कि रोहित शेट्टी और कनिका मान के बीच 'खतरों के खिलाड़ी-12' (2022) के दौरान भी विवाद सुर्खियों में रहा था। उस सीजन के एक टास्क के दौरान कंटेस्टेंट रुबीना दिलैक ने कनिका पर टास्क से पहले फोन ले जाकर उस टास्क से जुड़े वीडियो देखने व चीटिंग करने का आरोप लगाया था।

जिस पर रोहित शेट्टी ने रुबीना का पक्ष लेते हुए कहा था कि इस तरह की हरकत बाकी कंटेस्टेंट्स के साथ अन्याय है। हालांकि, बाद में कनिका ने माफी मांगी थी।

4 दिसंबर को रिलीज होगी सलमान की फिल्म 'मातृभूमि'

इस बीच सलमान खान अपनी आगामी वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

फिल्म में चित्रांगदा सिंह, जैन शॉ, अनूप बिक्रम शाही, मुकेश ऋषि, यशपाल शर्मा और प्रशांत तमांग जैसे कलाकार नजर आएंगे, जबकि इसका निर्माण सलमान खान फिल्म्स और वितरण जियो स्टूडियोज ने किया है।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links