- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Prayagraj
- Prayagraj Weather Update | Cold Wave & Fog Forecast; Temperature Drop
प्रयागराज में बढ़ने लगी ठंड और कोहरे की चादर:पुरवा हवाओं से बदलेगा मौसम, 3 दिसंबर तक 10 डिग्री पहुंच सकता है पारा
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार, 29 नवंबर की सुबह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कोहरा और धुंध छाई रही। सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों, राहगीरों और कामकाज के लिए घर से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम गलन भी महसूस होने लगी है।
मौसम में बदलाव के बीच अब पुरवा हवाओं के चलने से वातावरण में नमी बढ़ने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का घनत्व बढ़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के तराई क्षेत्रों और पूर्वांचल के कुछ जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है।

पुरवा हवाओं से बढ़ेगी वातावरण में नमी
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से चल रही शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं की दिशा में बदलाव होकर अब पुरवा हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में जारी गिरावट पर फिलहाल विराम लग सकता है। तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह के समय कोहरा ज्यादा घना हो सकता है।
प्रदेश में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, तराई और पूर्वांचल के कुछ इलाकों में घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन
प्रयागराज में रविवार को दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है।
हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। ठंडी हवाओं और बढ़ती नमी के कारण लोगों को सुबह-शाम ज्यादा सर्दी महसूस हो सकती है।
3 दिसंबर तक 10 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 नवंबर को सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। इसके बाद एक दिसंबर से न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने के आसार हैं। एक से तीन दिसंबर के बीच रात का तापमान गिरकर करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

ऐसे में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही प्रयागराज में रात की ठंड और बढ़ने की संभावना है। दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और रात के समय सर्दी का एहसास अधिक रहेगा।
स्कूल जाने वाले बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी
सुबह के समय कोहरा और ठंड बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को हो रही है। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहन चलाना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं, सुबह और शाम दोपहिया वाहन चालकों को ठंडी हवाओं के कारण गलन का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ प्रयागराज में सर्दी का असर और बढ़ने के आसार हैं।























