ब्रिटेन में पुलिस को मुस्लिमों से बर्ताव की गाइडलाइन:मस्जिद के बाहर जूते उतारें, नमाज में दखल नहीं; विपक्ष बोला पुलिस जरूरत से ज्यादा झुक रही

51 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक

ब्रिटेन में पुलिसकर्मियों को मुस्लिमों से कैसा बर्ताव करना चाहिए इसे लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। इसके तहत कहा गया है कि पुलिसकर्मी मस्जिद में जूते उतारें, नमाज पढ़ रहे लोगों को बीच में न रोकें और महिला-पुरुष से जुड़े धार्मिक रीति-रिवाजों का ध्यान में रखें।

इस गाइडलाइन को लेकर ब्रिटेन में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस जरूरत से ज्यादा झुक रही है और धार्मिक आधार पर अलग-अलग नियम अपना रही है।

गाइडलाइन जारी करने वाली संस्था NPCC का कहना है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस कानून के मुताबिक ही कार्रवाई करेगी।
गाइडलाइन जारी करने वाली संस्था NPCC का कहना है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस कानून के मुताबिक ही कार्रवाई करेगी।

गाइडलाइन में यह सुझाव भी शामिल

  • मस्जिद या मुस्लिम परिवार के घर में जाते समय जूते उतारें।
  • कपड़े ऐसे पहनें जो धार्मिक मान्यताओं के हिसाब से मर्यादित हों।
  • नमाज पढ़ रहे लोगों को बीच में न रोकें और शांति बनाए रखें।
  • मस्जिद या घर में पुलिस के कुत्तों को ले जाने से बचें।
  • मुस्लिम महिला से बातचीत या पूछताछ के दौरान महिला पुलिसकर्मी को भेजें।
  • महिला के पोस्टमॉर्टम में परिवार के पुरुष सदस्य की मौजूदगी रहे।

ये सुझाव नेशनल पुलिस चीफ्स काउंसिल (NPCC) की ओर से दिए गए हैं। विवाद के बाद NPCC ने कहा है कि धार्मिक मान्यताएं कानून या पुलिस की ड्यूटी से ऊपर नहीं हैं। जरूरत पड़ने पर पुलिस कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी।

NPCC का कहना है कि इस गाइडलाइन का मकसद अलग-अलग धर्मों और समुदायों को समझना है, ताकि पुलिस उनसे बेहतर तरीके से जुड़ सके। इसमें ईसाई, सिख, मुस्लिम और दूसरे समुदायों के संगठनों ने भी योगदान दिया है।

विपक्ष बोला- पुलिस कुछ समुदायों को खुश करने में लगी है

ब्रिटेन की विपक्षी पार्टी रिफॉर्म यूके के नेता निगेल फराज ने इस गाइडलाइन का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी लोगों के साथ समान व्यवहार करने के बजाय कुछ समुदायों को खुश करने में लगी है। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड का सबूत बताया और गाइडलाइन वापस लेने की मांग की।

वहीं, शैडो होम सेक्रेटरी क्रिस फिल्प ने भी कहा कि पुलिस को धर्म और रंग के आधार पर भेदभाव किए बिना सभी के साथ समान व्यवहार करना चाहिए।

ग्रूमिंग गैंग पर कार्रवाई न करने को लेकर घिरी थी पुलिस

ब्रिटेन में पुलिस की इस गाइडलाइन को लेकर इसलिए भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि वहां पहले भी धार्मिक मामलों में पुलिस के रवैये पर विवाद हो चुका है।

ब्रिटेन के रोदरहैम, रॉचडेल और टेलफोर्ड जैसे शहरों में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के मामले सामने आए थे। इन मामलों में पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई न करने के आरोप लगे थे।

2025 में हुई एक सरकारी जांच में भी पुलिस और प्रशासन की गलतियां सामने आई थीं। जांच में बताया गया कि कुछ अधिकारी नस्लवाद के आरोप लगने के डर से आरोपियों की जांच करने से बचते रहे। इसका नुकसान यौन शोषण की शिकार लड़कियों को उठाना पड़ा।

अब पुलिस की नई धार्मिक गाइडलाइन आने के बाद फिर सवाल उठ रहे हैं कि क्या धार्मिक भावनओं का ध्यान रखते हुए पुलिस अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट सकती है।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links