- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bhagalpur
- Sahibganj Bhagalpur Rail Crisis | Passengers Risk Lives Hanging On Trains
साहिबगंज-भागलपुर रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनें कम:सुबह यात्रियों को गेट से लटककर करनी पड़ती है यात्रा, बैठने के लिए भी नहीं मिलती सीट
- कॉपी लिंक

साहिबगंज-भागलपुर रेलखंड पर सुबह यात्रियों की भीड़ के मुकाबले पैसेंजर ट्रेनें कम हैं। नौकरी, मजदूरी, कारोबार और पढ़ाई के लिए रोजाना भागलपुर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को ट्रेन में जगह पाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। कई बार उन्हें जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
एकचारी स्टेशन पर झारखंड के महगामा, गोड्डा और पथरगामा जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ती है। एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करना हर यात्री के बस की बात नहीं है।
सुबह के व्यस्त समय में इस रेलखंड पर मुख्य रूप से दो पैसेंजर ट्रेनें यात्रियों का सहारा हैं। इनमें साहिबगंज-जमालपुर लोकल और साहिबगंज-भागलपुर के बीच चलने वाली धुलियान पैसेंजर शामिल हैं।
हजारों दैनिक यात्रियों की जरूरत के मुकाबले इन ट्रेनों की संख्या कम है। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन जाती है।

एकचारी स्टेशन पर उमड़ती है कई इलाकों की भीड़ इस परेशानी की सबसे बड़ी तस्वीर कहलगांव और भागलपुर के बीच स्थित एकचारी रेलवे स्टेशन पर देखने को मिलती है। यह स्टेशन केवल आसपास के गांवों का ही नहीं, बल्कि झारखंड के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों के लिए भी रेल यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र है। महगामा, गोड्डा और पथरगामा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर ट्रेन पकड़ते हैं। कोई मजदूरी करने भागलपुर जाता है तो कोई दुकान, प्रतिष्ठान और निजी संस्थानों में काम करने। कई लोग अपने जरूरी काम और कारोबार के सिलसिले में भी रोजाना इस रूट पर सफर करते हैं। शाम को यही यात्री अपने घर लौटते हैं। इस तरह एकचारी स्टेशन पर सुबह और शाम दोनों वक्त यात्रियों का भारी दबाव रहता है।
चार ट्रेनें, लेकिन पैसेंजर का विकल्प सिर्फ दो सुबह भागलपुर की ओर जाने के लिए एकचारी स्टेशन पर जिन प्रमुख ट्रेनों का सहारा यात्रियों को मिलता है, उनमें जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, मालदा टाउन से जमालपुर की ओर जाने वाली ट्रेन, साहिबगंज -जमालपुर लोकल और धुलियान पैसेंजर शामिल हैं। इनमें दो ट्रेनें एक्सप्रेस श्रेणी की हैं, जबकि दो पैसेंजर ट्रेनें हैं। यही सबसे बड़ी परेशानी है। सामान्य और निम्न आय वर्ग के दैनिक यात्रियों के लिए एक्सप्रेस ट्रेन हमेशा सुविधाजनक विकल्प नहीं होती। मजदूरी करने जाने वाले लोग किराये का हिसाब लगाकर चलते हैं। उनके लिए पैसेंजर ट्रेन ही सबसे सस्ता और व्यावहारिक साधन है। लेकिन जब पैसेंजर ट्रेन में क्षमता से अधिक भीड़ हो जाती है तो यात्रियों के सामने मजबूरी में जोखिम उठाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता।

मजदूरों की मजबूरी को कौन समझेगा? इस रेलखंड पर सफर करने वाले अधिकांश दैनिक यात्रियों की दिनचर्या सुबह की ट्रेन से शुरू होती है। किसी को समय पर काम पर पहुंचना है तो किसी को दिहाड़ी मजदूरी मिलने की चिंता है। ट्रेन छूट गई तो पूरे दिन की कमाई पर संकट आ सकता है।
यही वजह है कि यात्री भीड़ के बावजूद ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हैं। कई बार दरवाजे पर लटककर और पायदान पर खड़े होकर सफर करने की नौबत आ जाती है। यह स्थिति यात्रियों की मजबूरी के साथ-साथ उनकी सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। रेलवे आखिर कब बढ़ाएगा पैसेंजर ट्रेनों की संख्या? स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रेलवे को इस रेलखंड पर दैनिक यात्रियों की संख्या और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनें चलानी चाहिए। खासकर सुबह भागलपुर की ओर और शाम को साहिबगंज की ओर जाने के लिए अतिरिक्त लोकल ट्रेनों की जरूरत है। इससे न केवल भीड़ का दबाव कम होगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर भी मिल सकेगा। सवाल रेलवे के अधिकारियों से है कि जब इस रेलखंड पर रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं तो उनकी जरूरतों के मुताबिक ट्रेनें क्यों नहीं चलाई जा रही हैं? क्या रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? आखिर यात्रियों की जान की कीमत पर रेल परिचालन की व्यवस्था कब तक चलती रहेगी? रेलवे को चाहिए कि हादसे के बाद जागने के बजाय पहले ही जागे, क्योंकि यात्रियों को सिर्फ टिकट नहीं, सुरक्षित सफर का अधिकार भी चाहिए।






















