- Hindi News
- Local
- Bihar
- Muzaffarpur
- Demand For Installation Of Mahatma Jyotiba Phule's Statue
महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा स्थापना की मांग
- कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | मुजफ्फरपुर
समाज सुधारक ज्योतिबा राव फुले की पुण्यतिथि पर विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रमों में वक्ताओं ने बालिका शिक्षा, नारी उत्थान और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध उनके संघर्ष को याद किया।
चेंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में माली-मालाकार कल्याण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, नगर विधायक रंजन कुमार, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी और अध्यक्ष प्रभात मालाकार ने दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने महिला विद्यालय, विधवा आश्रय स्थल और पानी के हौज को सार्वजनिक करने जैसे उनके कार्यों का उल्लेख किया। सभा में शहर के बीचोंबीच ज्योतिबा फुले की आदमकद प्रतिमा लगाने तथा फुले दंपती को भारत रत्न देने की पहल सदन में उठाने की मांग की गई। कार्यक्रम का संचालन सुधीर मालाकार और धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद भगत ने किया।
वहीं, डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक कॉलेज परिसर में एआईडीएसओ की नगर इकाई ने स्मृति दिवस मनाया। संगठन के बिहार राज्य सचिव पवन कुमार ने 1848 में लड़कियों के लिए विद्यालय स्थापना सहित जातिवाद और रूढ़ियों के खिलाफ उनके संघर्ष पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता अभिषेक कुमार ने की।
इधर, नवयुवक समिति ट्रस्ट व नागरिक मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में शहीद भगवान लाल स्मारक पुस्तकालय भवन के सभागार में ज्योतिबा राव फुले व स्वतंत्रता सेनानी रामदयालु सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा हुई। अध्यक्षता डॉ. दीपक सिद्धार्थ और संचालन मोहन प्रसाद सिंहा ने किया।






















