गंभीर हालत होने के बाद भी न इलाज किया, न ही किया रेफर

मुजफ्फरपुर9 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

भास्कर न्यूज | मुजफ्फरपुर

एसकेएमसीएच में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि मरीज का समुचित इलाज नहीं किया जा रहा था। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने उसे एक इंजेक्शन दिया। इंजेक्शन देने के करीब पांच मिनट बाद ही मरीज की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मरीज की हालत गंभीर होने के बावजूद न तो बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई और न ही उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। घटना शनिवार की देर शाम की है।

मृतक की बहन रानी देवी ने बताया कि राजेपुर थाना क्षेत्र के भुरकुड़वा निवासी रेखा देवी को शुक्रवार की रात करीब 11 बजे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया था। मरीज का शुगर बढ़ा हुआ था। इसके बावजूद इलाज में गंभीरता नहीं दिखाई गई। परिजनों के अनुसार, बार-बार कहने के बाद भी डॉक्टर या अन्य स्वास्थ्यकर्मी मरीज को देखने नहीं पहुंच रहे थे।

परिजनों ने सवाल उठाया कि जब अस्पताल में मरीज का समुचित इलाज नहीं किया जा रहा था तो उसे दूसरे अस्पताल में रेफर क्यों नहीं किया गया? उनका कहना है कि समय रहते रेफर कर दिया जाता तो वे दूसरे अस्पताल में इलाज कराने का प्रयास कर सकते थे। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने बताया कि मरीज की मौत और परिजनों की ओर से लगाए गए लापरवाही के आरोप का मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links