- Hindi News
- Local
- Bihar
- Muzaffarpur
- Young Researcher Award Given To Five Teachers
पांच शिक्षकों को दिया गया यंग रिसर्चर अवॉर्ड
- कॉपी लिंक
मुजफ्फरपुर| बिहार विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामदयालु प्रसाद सिंह की 82वीं पुण्यतिथि सीनियर सिटीजन कौंसिल कार्यालय में रामनाथ प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मनाई गई। मौके पर सदस्यों से रविवार को ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में फोटो पहचान पत्र के साथ शामिल होने का आग्रह किया गया। बैठक में त्रिलोकी प्रसाद वर्मा, ई. के.के. प्रसाद, रमेश प्रसाद श्रीवास्तव, देवेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, हरेराम मिश्रा व यदुवीर श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
मुजफ्फरपुर | शहर के मोतीझील स्थित रामदयालु सिंह स्मारक भवन में महान स्वतंत्रता सेनानी और बिहार विधान सभा के प्रथम अध्यक्ष रामदयालु सिंह की 82वीं पुण्यतिथि मनाई गई। स्मारक भवन के सचिव और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व मंत्री ने कहा कि रामदयालु सिंह केवल स्वतंत्रता आंदोलन के योद्धा नहीं थे, बल्कि कुशल प्रशासक और शिक्षाविद भी थे। उन्होंने प्रथम अध्यक्ष के रूप में संसदीय मर्यादाओं की मजबूत नींव रखी, जो आज भी लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए मार्गदर्शक है। कार्यक्रम के अध्यक्ष चंद्रिका पाण्डेय ने उनके शिक्षा-केन्द्रित दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि वे मानते थे कि शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं। आयोजन में स्मरण-सत्र के साथ उनके त्याग, सादगी और जनसेवा के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
एजुकेशन रिपोर्टर | मुजफ्फरपुर आरडीएस कॉलेज में शनिवार को कॉलेज के संस्थापक रामदयालु बाबू का स्मृति दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान बीआरएबीयू के कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने मुख्य वक्ता प्रो. अरुण कुमार सिंह व प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार के साथ रामदयालु बाबू स्मारक स्थल और नवनिर्मित साइकिल स्टैंड का उद्घाटन किया। समारोह में कॉलेज के शिक्षक डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सौरभ राज, डॉ. भगवान कुमार, डॉ. प्रियंका दीक्षित व डॉ. प्रेमलता को यंग रिसर्चर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्मारक स्थल पर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, कुलगीत, स्वागत गान व राष्ट्रगान हुआ। प्राचार्य ने अतिथियों का अंगवस्त्र व सम्मान पट्ट प्रदान कर स्वागत किया। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि आरडीएस कॉलेज का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने वाला केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, राष्ट्र निर्माण और शैक्षणिक मूल्यों की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। रामदयालु बाबू जैसे महान संस्थापकों ने जिन आदर्शों, संकल्पों और कर्तव्यों के साथ इस संस्थान की नींव रखी, उन्हें आत्मसात करना आज की पीढ़ी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान उसकी उपलब्धियों के साथ उसके संस्कार, अनुशासन व समाज के प्रति प्रतिबद्धता से होती है। मुख्य वक्ता प्रो. अरुण कुमार सिंह ने रामदयालु बाबू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि उनका संपूर्ण जीवन समाज, राष्ट्र और शिक्षा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता ने रामदयालु बाबू के संघर्ष, सामाजिक प्रतिबद्धता, राजनीतिक योगदान पर चर्चा की । प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कॉलेज की शैक्षणिक, आधारभूत व सांस्कृतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।






















