मैट्रिमोनियल ऐप पर दोस्ती कर शिक्षिका से 5.90 लाख ठगे:शादी और रायपुर ट्रांसफर का झांसा देने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई2 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

दुर्ग में मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए एक विधवा शिक्षिका से दोस्ती कर शादी और रायपुर ट्रांसफर कराने का झांसा देकर 5.90 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा किया था। उसने ट्रांसफर के लिए 7 लाख रुपए खर्च होने की बात कही।

महिला ने बैंक से 6 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया और आरोपी को 90 हजार रुपए ऑनलाइन और 5 लाख रुपए नकद दिए। शिकायत के बाद दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपी अर्जुन कसेर (34) को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। जांच में एक दूसरी महिला से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपए लेने का आरोप भी सामने आया है।

मैट्रिमोनियल ऐप पर हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक, सुषमा ठाकुर (36) दुर्ग के नयापारा की रहने वाली हैं। उनके पति का 24 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया था। वह शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा), विकासखंड धमधा में शिक्षिका हैं। उनके साथ सास और दो नाबालिग बच्चे रहते हैं।

23 मई 2026 को मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए उनकी पहचान अर्जुन कसेर से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में क्लर्क बताया।

उसने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का हवाला देकर तत्काल शादी से इनकार कर दिया।

रायपुर ट्रांसफर कराने का दिया भरोसा

इसके बाद आरोपी ने महिला को रायपुर के आसपास ट्रांसफर कराने का भरोसा दिया। उसने बताया कि वह इंद्रावती भवन, सेक्टर-19 में पदस्थ है और सीईओ चौधरी नाम के अधिकारी से उसकी बात हो चुकी है।

ट्रांसफर के लिए 7 लाख रुपए खर्च होने की बात कही। आरोपी ने महिला से 6 लाख रुपए देने और एक लाख रुपए खुद मिलाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही भरोसा दिलाया कि रायपुर ट्रांसफर होते ही वह उससे शादी कर साथ रहेगा।

आरोपी की बातों में आकर महिला ने एसबीआई की मालवीय नगर शाखा, दुर्ग से 6 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया। इसमें से 90 हजार रुपए फोन-पे के जरिए आरोपी के बताए मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर कर दिए।

रेस्टोरेंट में लिए 5 लाख, अधिकारियों को देने का दावा

30 मई 2026 को महिला 5 लाख रुपए लेकर दुर्ग से रायपुर पहुंची। आरोपी ने उसे तेलीबांधा थाना के पास बुलाया। वहां से वह महिला को एक रेस्टोरेंट ले गया और सुरक्षित जगह बताकर नकदी अपने पास रख ली।

इसके बाद आरोपी अधिकारियों को रकम देने की बात कहकर महिला की एक्टिवा लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद लौटकर उसने दावा किया कि सीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पैसे दे दिए हैं। जल्द ही ट्रांसफर हो जाएगा।

दस्तावेज मांगे तो बनाने लगा बहाने

1 जून को महिला ने आरोपी से तलाक प्रमाण पत्र और सिंचाई विभाग में नौकरी का ज्वाइनिंग आदेश मांगा। इस पर उसने दस्तावेज पिता के पास होने और पारिवारिक परेशानी का हवाला देकर बात टाल दी।

संदेह होने पर महिला ने 4 जून को आरोपी से शादी और ट्रांसफर का भरोसा तोड़ने की बात कही। साथ ही अपने 5.90 लाख रुपए वापस मांगे। आरोप है कि आरोपी रकम लौटाने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा।

दूसरी महिला से नौकरी के नाम पर 1.50 लाख लेने का आरोप

जांच में आरोपी का नाम स्मृति नगर चौकी के एक अन्य मामले में भी सामने आया है। आरोप है कि उसने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर उससे 1.50 लाख रुपए लिए।

ओडिशा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

सुषमा ठाकुर की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 336/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी अर्जुन कसेर (34), निवासी सारंगढ़, छत्तीसगढ़ को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links