हिसार में OPS बहाली के लिए कर्मचारियों का संकल्प मार्च:सरकार को दी चेतावनी; पुरानी पेंशन बहाल नहीं हुई तो करेंगे हड़ताल

हिसार56 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार के क्रांतिमान पार्क में पुरानी पेंशन की मांग को लेकर प्रदर्शन करते कर्मचारी।  - Dainik Bhaskar
हिसार के क्रांतिमान पार्क में पुरानी पेंशन की मांग को लेकर प्रदर्शन करते कर्मचारी।

हिसार में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है।

इसी कड़ी में मंगलवार को पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा के बैनर तले हिसार में विशाल ओपीएस संकल्प मार्च निकाला गया। जिले के विभिन्न सरकारी विभागों के हजारों कर्मचारी और अधिकारी सुबह 9 बजे क्रांतिमान पार्क में एकत्रित हुए।

यहां से जोरदार नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इस प्रदर्शन में समिति के राज्य प्रधान विजेंद्र धारीवाल और महासचिव ऋषि नैन ने मुख्य रूप से शिरकत की और कर्मचारियों में जोश भरा।

हिसार के क्रांतिमान पार्क में प्रदर्शन करते हिसार के कर्मचारी।
हिसार के क्रांतिमान पार्क में प्रदर्शन करते हिसार के कर्मचारी।

जानिए कर्मचारी नेताओं ने मंच से क्या कहा…

नेताओं की पेंशन पर कसा तंज : समिति के नेताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक नेता अपने परिवार की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोटी पेंशन लेते हैं। वहीं दूसरी ओर गरीब मजदूर, किसान और छोटे दुकानदार का बच्चा मेहनत से सरकारी सेवा में आकर जब बुढ़ापे के सहारे की उम्मीद करता है, तो उसका भविष्य असुरक्षित कर दिया जाता है।

पेंशन बंद कर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया : उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर आर्थिक बोझ का बहाना बनाकर 2006 के बाद पुरानी पेंशन बंद की गई और बाजार आधारित एनपीएस (NPS) थोपी गई। कर्मचारियों के वेतन का 10 प्रतिशत और सरकार का 14 प्रतिशत शेयर मार्केट में बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए निवेश किया जा रहा है, जिसकी वापसी की कोई गारंटी नहीं है।

समिति के राज्य प्रधान विजेंद्र धारीवाल पत्रकारों से बातचीत करते हुए।
समिति के राज्य प्रधान विजेंद्र धारीवाल पत्रकारों से बातचीत करते हुए।

14% शेयर से 12 साल मिल सकती है पुरानी पेंशन

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है और बंद कमरे की बैठकों में अधिकारी भी इस मांग को जायज मानते हैं।

उन्होंने दावा किया कि सरकार यदि कर्मचारियों के नाम पर बाजार में लगाए जाने वाले अपने 14 प्रतिशत शेयर को अपने पास ही रख ले, तो उससे एक कर्मचारी को रिटायरमेंट के बाद 12 साल तक आसानी से पुरानी पेंशन का लाभ दिया जा सकता है।

हिसार में कर्मचारी नेता दिनेश पाबड़ा क्रांतिमान पार्क में नारे लगाते हुए।
हिसार में कर्मचारी नेता दिनेश पाबड़ा क्रांतिमान पार्क में नारे लगाते हुए।

दिसंबर तक सभी जिलों में मार्च, फिर प्रदेशव्यापी हड़ताल

आंदोलन की आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए समिति ने चेतावनी दी कि दिसंबर महीने तक प्रदेश के सभी जिलों में 'ओपीएस संकल्प मार्च' पूरे कर लिए जाएंगे।

इसके बाद 7 फरवरी को कुरुक्षेत्र में एक राज्य स्तरीय महारैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के कर्मचारियों, अधिकारियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

समिति ने दो-टूक कहा कि यदि इसके बावजूद सरकार ने अन्यायपूर्ण एनपीएस नीति को रद्द कर पुरानी पेंशन बहाल नहीं की, तो सभी विभागों के कर्मचारी संगठन एक मंच पर आकर पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसा बड़ा फैसला लेने को मजबूर होंगे।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links