- Hindi News
- Local
- Haryana
- Hisar
- Jindal Chowk Lawyer Assault Case | Urban Estate Police Probe & DSP Inquiry
हिसार पुलिस ने FIR में नाम वाला कॉलम खाली छोड़ा:वकीलों से मारपीट केस; बार एसोसिएशन बोलीं- DSP को सौंपी जा सकती है जांच
- कॉपी लिंक

हिसार में जिंदल चौक के पास वकील के साथ कथित मारपीट, बदसलूकी और अभद्रता के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
मगर एफआईआर में अभियुक्तों के कॉलम में अज्ञात दर्ज है, जबकि शिकायत में कुछ कर्मियों के नामों का जिक्र किया गया है। इससे पीड़ित एडवोकेट विशाल यादव और सूरज यादव अंतुष्ट नजर आए।
वहीं हिसार बार का कहना है कि पुलिस ने उनको निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी ओर होमगार्ड की शिकायत के आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में आरोपी वकील विशाल और सूरज जमानत पर बाहर हैं।

बार एसोसिएशन बोलीं- मारपीट करना गलत
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और हिसार बार एसोसिएशन के उपप्रधान राहुल सिंह लुहाच और सचिव समीर सिहाग ने बताया कि करीब 12-13 पुलिसकर्मियों ने दोनों एडवोकेट के साथ मारपीट की है जो गलत है।
पुलिस को इस तरह सरेआम सड़क पर पीटने का कोई हक नहीं है। मामले में जो भी दोषी पुलिसकर्मी हैं, उनकी शिनाख्त करवाई जाएगी और इसके बाद एफआईआर में बेल्ट नंबर के साथ उनका नाम जोड़ा जाएगा। एडवोकेट साहिल मंडेरना के मुताबिक, एसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच के नाम जोड़ दिए जाएंगे। इस मामले की जांच डीएसपी को सौंपी जा सकती है।

FIR में क्या-क्या लिखा, जानिए पूरा घटनाक्रम
- एकदम से ब्रेक लगाए, बाल-बाल बचा जवान: FIR के मुताबिक, हरियाणा पुलिस में होमगार्ड (HGH) के पद पर तैनात राजबीर की ड्यूटी 24 नवंबर को दोपहर 1 से रात 9 बजे तक जिंदल चौक पर थी। शाम करीब 6 बजे जिंदल अस्पताल की तरफ से टेंपरेरी नंबर की एक गाड़ी आई। चालक ने ड्यूटी पॉइंट के पास अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे राजबीर बाल-बाल बच गए।
- 'तुम पुलिस वाले गुंडे हो, अभी और वकीलों को बुलाता हूं': राजबीर के मुताबिक, उन्होंने जब कार चालक को रुकने का इशारा किया तो नशे में धुत चालक नीचे उतरा और उनकी गर्दन पकड़ ली। आरोप है कि उसने उनकी वर्दी फाड़ दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा- तुम पुलिस वाले गुंडे हो, तूने मेरी गाड़ी कैसे रुकवा ली? मैं वकील हूं, अभी और वकीलों को बुलाकर बताता हूं।
- कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़ा: जवान ने वॉकी-टॉकी से कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी PSI विनोद सांगवान की टीम ने दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ में कार चालक की पहचान सेक्टर 1-4 निवासी विशाल यादव और कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान कैमरी रोड स्थित माल कॉलोनी निवासी सूरज यादव के रूप में हुई।
- जेब से निकालकर सौंपी फटी वर्दी: थाने में राजबीर ने अपनी जेब से सफेद रंग की फटी हुई वर्दी निकालकर जांच अधिकारी को सौंपी। पुलिस ने इसे सीजर मेमो के जरिए सबूत के तौर पर जब्त किया। नए कानून के तहत ई-साक्ष्य प पर इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।

प्रत्यक्षदर्शी बोले-10-12 पुलिसकर्मियों ने पीटा
हिसार बार एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी साहिल मदेरणा ने पुलिस के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि एडवोकेट विशाल यादव पत्नी और बच्चों के साथ शादी समारोह से सेक्टर 1-4 स्थित घर लौट रहे थे।
चौक पर अचानक हाथ देने से उन्हें इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े, जिससे कार हल्की-सी टच हो गई। आरोप है कि इसी बात पर पुलिसकर्मी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
मदेरणा के मुताबिक, विशाल यादव परिवार को घर छोड़कर सूरज यादव और अन्य साथियों के साथ वापस मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद 10-12 पुलिसकर्मियों ने उन पर हमला कर दिया और उल्टा वकीलों के खिलाफ ही केस दर्ज कर लिया।






















