- Hindi News
- Sports
- Cricket
- Sydney Thunder Beats Brisbane Heat | Laura Harris Fastest WBBL Fifty
लौरा हैरिस की WBBL इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी:15 गेंदों में 50 रन बनाए; सिडनी थंडर ने ब्रिसबेन हीट को हराया
- कॉपी लिंक

ऑस्ट्रेलिया की विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में गुरुवार रात ब्रिसबेन के एलन बॉर्डर फील्ड पर दो बहनों के बीच मुकाबला देखने को मिला। बड़ी बहन लौरा हैरिस की तूफानी बल्लेबाजी छोटी बहन ग्रेस हैरिस की शतकीय पारी पर भारी पड़ गई। लौरा ने टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी लगाते हुए सिडनी थंडर को ब्रिसबेन हीट पर 6 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिलाई।
इस हाई-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 451 रन बनाए, जो WBBL इतिहास का रिकॉर्ड है। सिडनी थंडर 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करने वाली लीग की पहली टीम भी बन गई।
छोटी बहन ग्रेस हैरिस ने जड़ा चौथा WBBL शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ब्रिसबेन हीट की स्टार बल्लेबाज ग्रेस हैरिस ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए। लौरा की छोटी बहन ग्रेस ने 121 रन की नाबाद पारी खेली। यह WBBL में उनका चौथा शतक है। उनकी पारी के दम पर ब्रिसबेन ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 225 रन बनाए। लौरा की पारी नहीं होती, तो ग्रेस मैच की प्लेयर ऑफ द मैच होतीं।
अनिका लियरॉयड और हीथर नाइट ने संभाली पारी
226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिडनी थंडर आधे मैच पर 2 विकेट पर 84 रन बना चुकी थी। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं अनिका लियरॉयड ने नाबाद 60 रन बनाए। हीथर नाइट ने भी 44 रन का योगदान दिया।
क्रीज पर आते ही बहन की गेंदों पर जड़े चौके
मैच का रोमांच तब बढ़ा, जब सिडनी थंडर का स्कोर 14.4 ओवर में 4 विकेट पर 145 रन था। इस समय लौरा हैरिस क्रीज पर आईं। टीम को जीत के लिए 15 से ज्यादा के रन रेट से रन बनाने थे। लौरा ने अपनी पहली दो गेंदों पर चौके लगाकर इरादे साफ कर दिए।
15 गेंदों में फिफ्टी लगाकर तोड़ा टेस फ्लिंटॉफ का रिकॉर्ड
लौरा हैरिस ने ब्रिसबेन के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह WBBL इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने मेलबर्न स्टार्स की टेस फ्लिंटॉफ का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 16 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
लौरा ने 20 गेंदों की नाबाद पारी में 7 चौके और 5 छक्के लगाकर 63 रन बनाए। उनकी पारी की मदद से सिडनी थंडर ने 4 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
दोनों टीमों की जीत और हार की स्ट्रीक टूटी
इस ऐतिहासिक जीत के साथ सिडनी थंडर ने लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला तोड़ दिया। दूसरी ओर, ब्रिसबेन हीट की लगातार चार जीत की स्ट्रीक भी समाप्त हो गई।






















