- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bhojpur
- Ara Haldi Ceremony Firing Case | CCTV Footage Shows Youth Shot
आरा- हल्दी समारोह में 2 गुटों के बीच मारपीट:डांस देखने को लेकर हुआ विवाद, एक युवक को मारी गोली; CCTV में वारदात कैद
- कॉपी लिंक

आरा में शनिवार देर रात हल्दी समारोह के दौरान नाच देखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इसी दौरान पिटाई से बचकर भाग रहे एक युवक ने पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी
जिसके बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल को उसके दोस्तों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे महावीर टोला स्थित प्राइवेंट हॉस्पिटल ले गए, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। फिलहाल हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर मोहल्ले की है।

आरोपी को लोगों ने पीटा
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें समारोह स्थल पर दो गुटों के बीच मारपीट के बीच सफेद रंग की जैकेट पहने एक युवक अपनी जान बचाकर भागता दिख रहा है। कुछ दूर जाने के बाद वह पिस्टल निकालकर फायरिंग कर देता है।
गोली चलते ही वहां भगदड़ मच जाती है। हालांकि, फायरिंग के बाद कुछ लड़के आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई भी करते हैं, लेकिन अफरा-तफरी के बीच वह किसी तरह मौके से फरार हो जाता है। घटना के समय जख्मी युवक गली के किनारे खड़ा था और विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचा था।

कार्यक्रम के दौरान हुआ था विवाद
घायल राधे श्याम के पिता मुन्ना प्रसाद आरण्य देवी मोड़ के पास गुड़ बेचते हैं। जख्मी के भाई कृष्णा ने बताया कि मोहल्ले में पिंटू तेली की बेटी का हल्दी समारोह आयोजित था। कार्यक्रम में महिला डांसरों को बुलाया गया था। प्रोग्राम चल रहा था इसी दौरान कुछ लड़कों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

जब वे लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसके भाई को गोली मार दी। गोली लगते ही राधे श्याम जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में स्कूटी से अस्पताल पहुंचाया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वहीं, इस संबंध में एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। उसका इलाज कराया जा रहा है और वह खतरे से बाहर है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।






















