- Hindi News
- Local
- Bihar
- Jamui
- Jackal Attack In Jamui | 6 People Including Children Injured In Jhajha
जमुई-गीदड़ ने 4 बच्चों समेत 6 लोगों को काटा:आधे घंटे तक गांव में घूमकर करता रहा हमला, पीछा करने पर जंगल की ओर भागा
- कॉपी लिंक

जमुई के झाझा थाना क्षेत्र के टहवा बलियाडीह गांव में सोमवार को गीदड़ के हमले से दहशत फैल गई। जंगली जानवर ने चार बच्चों समेत छह लोगों को काटकर घायल कर दिया।
करीब आधे घंटे तक गीदड़ गांव में इधर-उधर घूमता रहा और लोगों पर हमला करता रहा। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए झाझा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमले में घायल बच्चों की पहचान इतशाम अंसारी (10), सनाउल अंसारी (5), आनास अंसारी (7) और तौसीफ अंसारी (12) के रूप में हुई है। बच्चों ने बताया कि वे घर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान गीदड़ अचानक वहां पहुंचा और उन्हें काटकर घायल कर दिया।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…



चाय पीने निकले व्यक्ति को भी काटा
घायल अलीम अंसारी ने बताया कि वह घर से चाय पीने के लिए निकले थे। इसी दौरान पीछे से आए गीदड़ ने उनके पैर में काट लिया। वहीं, लालमोहन यादव ने बताया कि गांव में मौजूद रहने के दौरान अचानक पीछे से आए जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया।
आधे घंटे तक गांव में मची रही अफरा-तफरी
ग्रामीणों के अनुसार, गीदड़ करीब आधे घंटे तक गांव में घूमता रहा। इस दौरान उसने कई लोगों पर हमला किया। लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
इसके बाद गांव के लोग एकजुट होकर उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वह उनके हाथ नहीं आया। ग्रामीणों के पीछा करने पर गीदड़ अंधेरे का फायदा उठाकर गांव से सटे जंगल की ओर भाग गया।

चार महीने बाद फिर जंगली जानवर का हमला
ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार महीने पहले भी गांव में जंगली जानवर के हमले की घटना हुई थी। दोबारा ऐसी घटना होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
खासकर बच्चों के घरों के बाहर खेलने और शाम के समय लोगों के आने-जाने को लेकर अभिभावक परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास जंगल होने के कारण जंगली जानवर आबादी में पहुंच जाते हैं।
वन विभाग से टीम भेजने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में वनकर्मियों की टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेने और जरूरी कदम उठाने की मांग की है। इधर, रेंजर रवि कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी।
वनकर्मियों को गांव भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















