- Hindi News
- Local
- Bihar
- Motihari
- Motihari Teenager Found Dead In Mango Orchard | Murder Probe Updates
मोतिहारी-2 दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर का शव मिला:आम के बगीचे में मिला; एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
- कॉपी लिंक

मोतिहारी के ढाका थाना क्षेत्र के विश्वंभरपुर गांव में रविवार को दो दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
27 नवंबर से लापता था सोनू
मृतक की पहचान विश्वंभरपुर गांव के रामजी दूबे टोला निवासी सुरेश प्रसाद यादव के बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में छोटा था और करसहिया यूएचएस में दसवीं कक्षा का छात्र था। इसी साल उसे मैट्रिक की परीक्षा देनी थी।
परिजनों के मुताबिक, सोनू 27 नवंबर की दोपहर से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। उसकी मां ने ढाका थाना में आवेदन देकर पुलिस से उसे खोजने की गुहार लगाई थी।
आवेदन में पड़ोस के तीन लोगों को नामजद किया गया था। इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
पड़ोस के परिवार से विवाद की बात
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक के परिवार का पिछले कुछ दिनों से पड़ोस के एक परिवार से विवाद चल रहा था। बताया गया कि सोनू का बड़ा भाई गांव की एक युवती से विवाह कर उसे घर ले आया था।
सोनू भी गांव की एक किशोरी से फोन पर बात करता था। इसकी जानकारी परिजनों को मिलने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोगों ने साजिश के तहत सोनू की हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने पहले सोनू को जान से मारने की धमकी दी थी। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने की छापेमारी, जांच जारी
बताया जा रहा है कि शनिवार रात मामले में नामजद एक महिला के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसके घर से लेकर मायके तक छापेमारी की, लेकिन वह नहीं मिली।
रविवार को सोनू का शव गांव के एक बगीचे में मिला। घटनास्थल के पास उसकी चप्पल भी पड़ी थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






















