- Hindi News
- Local
- Bihar
- Nalanda
- Nalanda Meghi Nagma Panchayat Controversy | Mukhiya Urmila Devi Signboard
नालंदा- मेघी नगमा पंचायत में सरकारी राशि से व्यक्तिगत प्रचार:साइन बोर्ड पर मुखिया और संयोजक की तस्वीर; BDO ने पेंट से ढकने के दिए निर्देश
- कॉपी लिंक

बिहारशरीफ के मेघी नगमा पंचायत में सरकारी धन के दुरुपयोग और विभागीय नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। पंचायत क्षेत्र में दो स्थानों पर सरकारी राशि से लगाए गए साइन बोर्ड पर प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए स्थानीय मुखिया उर्मिला देवी और संयोजक विजय
सार्वजनिक स्थान पर लगे इन बोर्डों में जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें सामने आने के बाद अब प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते दिखे अधिकारी
मामला उजागर होने के बाद जब जिम्मेदार पदाधिकारियों से इस संबंध में पक्ष जाना गया, तो उन्होंने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए तस्वीरों को हटाने की बात कही। मेघी नगमा पंचायत के सचिव नीतीश कुमार रंजन ने पूरे प्रकरण से अनभिज्ञता जताई।
उन्होंने कहा कि ये साइन बोर्ड कितनी लागत से तैयार हुए हैं और उन पर जनप्रतिनिधियों की तस्वीर किसके आदेश से लगाई गई है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उनकी पोस्टिंग हाल ही में हुई है। अभी तक उन्हें पंचायत के लेखा-जोखा का प्रभार नहीं सौंपा गया है।
दूसरी ओर, बिहारशरीफ के प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। नियमों के खिलाफ लगी तस्वीरों को तत्काल पेंट कर ढकने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
वहीं, सदर अनुमंडल पदाधिकारी का प्रभार संभाल रहे मनोज कुमार राय ने कहा कि मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन सरकारी बोर्ड पर किसी भी स्थानीय जनप्रतिनिधि की तस्वीर लगाना पूरी तरह अनुचित है। सरकारी प्रोटोकॉल के तहत मुखिया भी शिलापट्ट या बोर्ड पर केवल अपना नाम और पद ही लिखवा सकती हैं, तस्वीर नहीं।

जानिए पंचायती राज विभाग के नियम और प्रोटोकॉल
केंद्र और बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग की ओर से सरकारी योजनाओं के शिलापट्ट और सूचना पट्ट को लेकर बेहद स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। नियमों के मुताबिक, पंचायत स्तर पर लगने वाले किसी भी सरकारी बोर्ड पर केवल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर या सरकार की ओर से अधिकृत राष्ट्रीय प्रतीकों और योजनाओं के आधिकारिक लोगो की तस्वीर ही लगाई जा सकती है।
पंचायत के मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य या किसी अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि की तस्वीर लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उद्घाटनकर्ता या शिलान्यासकर्ता के रूप में इनका केवल नाम और पद अंकित किया जा सकता है। यहां तक कि प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के नाम से जुड़ी विशेष योजनाओं में भी विभागीय दिशा-निर्देश के अनुरूप ही तस्वीर ही लग सकती है। किसी स्थानीय नेता या प्रतिनिधि की नहीं।

जनता के पैसे से व्यक्तिगत प्रचार और विवाद रोकने के लिए लागू है प्रतिबंध
पंचायत में होने वाले सभी विकास कार्य आम जनता के टैक्स के पैसे से होते हैं। न कि किसी प्रतिनिधि की निजी संपत्ति से। ऐसे में सरकारी खर्च पर किसी व्यक्ति विशेष का प्रचार लोकतांत्रिक निष्पक्षता के खिलाफ माना जाता है। इसके अतिरिक्त, पंचायत प्रतिनिधि हर पांच साल में बदल जाते हैं।
यदि कोई प्रतिनिधि सरकारी बोर्ड पर अपनी तस्वीर लगवाता है, तो सत्ता परिवर्तन के बाद नए प्रतिनिधि के आने पर बोर्ड तोड़ने या बदलने का अनावश्यक विवाद खड़ा होता है। जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है। मेघी नगमा पंचायत का यह प्रकरण सीधे तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग और विभागीय आदेशों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है, जिस पर स्थानीय स्तर पर सख्त कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।






















