बिहार फाइल्स
6 गोलियां, 4 गिरफ्तारियां, 300 पन्नों की चार्जशीट:जिन्हें हत्यारा बता पुलिस ने पकड़ा, वो कोर्ट से बरी; पहेली बनकर रह गई इंडिगो मैनेजर की हत्या

पटना3 घंटे पहलेलेखक: अमित जायसवाल
  • कॉपी लिंक

12 जनवरी 2021। शाम के 6 बजकर 58 मिनट। पटना के पुनाईचक इलाके में गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजती है। दो बाइक पर सवार चार अपराधी एक कार को घेरते हैं और अंदर बैठे शख्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देते हैं।

.

उसे गाड़ी से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिलता। छह गोलियां उसके शरीर में उतार दी जाती हैं। कुछ ही मिनटों में अपराधी फरार हो जाते हैं और कार में बैठा शख्स दम तोड़ देता है।

मृतक थे इंडिगो एयरलाइंस के पटना स्टेशन हेड रूपेश कुमार सिंह। एक ऐसा शख्स जिसकी पहचान सिर्फ एयरलाइन मैनेजर के तौर पर नहीं थी। बिहार के IAS-IPS अधिकारियों से लेकर बड़े राजनीतिक चेहरों तक उनकी अच्छी पहुंच थी।

उनकी हत्या ने पूरे बिहार को हिलाकर रख दिया था। मामला इतना हाईप्रोफाइल था कि इसकी गूंज पटना से दिल्ली तक पहुंची। विपक्ष ने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा। पुलिस पर जल्द से जल्द हत्यारों को पकड़ने का दबाव बढ़ता गया।

जांच के लिए SIT बनी। पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी की। 600 मोबाइल नंबरों की पड़ताल हुई और 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। हत्या के 21वें दिन पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की। इसके बाद एक-एक कर चार आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस ने दावा किया कि हत्या की वजह रोडरेज थी। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद करने की बात कही गई।

लेकिन, कहानी का सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब मामला कोर्ट पहुंचा। 6 अगस्त 2024 को पटना सिविल कोर्ट ने पुलिस के पकड़े गए चारों आरोपियों को बरी कर दिया।

कोर्ट में पुलिस की जांच और उसके पेश किए गए सबूतों पर गंभीर सवाल खड़े हुए। यहां तक कि जिस पिस्टल से हत्या करने का दावा किया गया था, उसकी जगह FSL में दूसरा हथियार पहुंच गया। बैलेस्टिक जांच में भी पुलिस का दावा टिक नहीं पाया।

रूपेश की हत्या के करीब 41 महीने बाद पुलिस की पूरी कहानी कोर्ट में बिखर गई। परिवार ने फैसले के खिलाफ पटना हाईकोर्ट में अपील की, लेकिन सुनवाई अब तक शुरू नहीं हो सकी है।

पुलिस ने जिन चार लोगों को हत्यारा बताया था, वे सभी बरी हो चुके हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल आज भी कायम है- अगर इन लोगों ने रूपेश की हत्या नहीं की, तो फिर उनके असली हत्यारे कौन हैं? और पांच साल से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी इस सवाल का जवाब क्यों नहीं मिला?

बिहार फाइल्स में आज कहानी इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह हत्याकांड की। एक ऐसी हत्या, जिसमें पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने का दावा किया, लेकिन अदालत में उसके सबूत ही सवालों के घेरे में आ गए।

तारीख : 12 जनवरी 2021

वक्त : शाम के 6 बजकर 58 मिनट

जगह : पुनाईचक, पटना

यह कोरोना की पहली लहर के बाद का दौर था। ऊपर से कड़ाके की ठंड। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए वैक्सीन की पहली खेप उसी दिन बिहार पहुंची थी। पटना के लोकनायक जयप्रकाश इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा के खास इंतजाम थे।

इसी एयरपोर्ट पर इंडिगो के स्टेशन हेड रूपेश कुमार सिंह भी ड्यूटी कर रहे थे। उस दिन उनसे मिलने वाले लोगों ने उन्हें हंसते-मुस्कुराते देखा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटे बाद उनके साथ क्या होने वाला है।

ड्यूटी खत्म करने के बाद रूपेश अपनी लग्जरी कार खुद चलाकर पुनाईचक स्थित घर के लिए निकले। वह पत्नी और बच्चों के साथ कुसुम विलास अपार्टमेंट में रहते थे।

शाम के करीब 6 बजकर 58 मिनट पर जैसे ही उनकी कार अपार्टमेंट के बाहर पहुंची, दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने बिना कोई मौका दिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। रूपेश कार के अंदर ही थे। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। एक के बाद एक छह गोलियां उनके शरीर में उतार दी गईं।

वारदात को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में रूपेश को बेली रोड स्थित एक बड़े प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जिस इलाके में यह वारदात हुई, वह सचिवालय से महज 500 मीटर की दूरी पर था। राजधानी के सबसे संवेदनशील इलाकों में से एक में हुई इस हत्या ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया।

पुनाईचक का इलाका शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में आता है। जिस दिन रूपेश की हत्या हुई, उसी दिन इंस्पेक्टर रामशंकर सिंह ने थाने की कमान संभाली थी। कोतवाली से तबादला होकर यहां आए थे। यानी थाने में उनकी ड्यूटी का पहला ही दिन था और सामने राजधानी की सबसे बड़ी वारदातों में से एक आ गई।

उस वक्त पटना के SSP IPS उपेंद्र शर्मा थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की पूरी टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच के बाद ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT बना दी। इसकी कमान तत्कालीन सिटी SP सेंट्रल को सौंपी गई।

SIT ने पटना के कई अपराधियों और शार्प शूटर्स को खंगालना शुरू किया। संदिग्धों से लगातार पूछताछ हुई। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मोबाइल नंबरों की पड़ताल की। लेकिन, कई दिनों तक पुलिस को ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला, जिससे हत्यारों तक पहुंचा जा सके।

रूपेश की हत्या के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल था- आखिर उनकी हत्या क्यों की गई?

शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ऐसा ठोस कारण नहीं मिला, जिससे हत्या की वजह स्पष्ट हो सके। इस दौरान कई तरह के एंगल सामने आते रहे।

कभी ठेकेदारी के विवाद की बात कही गई तो कभी आर्म्स लाइसेंस दिलवाने को लेकर दुश्मनी की चर्चा हुई। इसके बाद एयरपोर्ट के रास्ते सोने की तस्करी करने वाले गिरोह से दुश्मनी का एंगल सामने आया। फिर एयरपोर्ट पर पार्किंग के ठेके को लेकर विवाद की बात कही जाने लगी।

यानी पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या की वजह को लेकर नए-नए कयास सामने आते रहे। लेकिन, इनमें से किसी भी एंगल पर पुलिस को तत्काल कोई ठोस कामयाबी नहीं मिली।

पुलिस ने दावा किया था कि वारदात की जगह से लेकर एयरपोर्ट तक के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। 50 से ज्यादा लोगों से व्यक्तिगत तौर पर पूछताछ हुई और करीब 600 मोबाइल नंबरों की डिटेल निकाली गई। कुछ संदिग्ध फुटेज में दिखाई दिए, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी।

रूपेश और उनका परिवार मूल रूप से सारण जिले के जलालपुर का रहने वाला है। हत्या के बाद परिवार गांव में था। SIT की टीम भी जलालपुर पहुंची और परिवार के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस जानना चाहती थी कि क्या रूपेश की किसी से दुश्मनी थी? परिवार ने इस बात से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि रूपेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

इसके बाद पुलिस ने ठेकेदारी से जुड़े एंगल पर जांच शुरू की। इस सिलसिले में टीम दूसरे स्थानों पर भी गई। शुरुआती जांच में मिले लिंक के आधार पर पुलिस गुजरात के सूरत और गोवा तक पहुंची। वहां भी पड़ताल की गई, लेकिन हत्या की वजह और अपराधियों को लेकर कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

जैसे-जैसे वक्त बीत रहा था, पुलिस की जांच पर सवाल बढ़ते जा रहे थे। हत्या के कई दिन बाद भी अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई थी। गिरफ्तारी तो दूर, पुलिस के पास हत्या की वजह को लेकर भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं थी।

उस वक्त बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई में NDA की सरकार थी। विपक्ष ने इस हत्याकांड को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया गया।

कांग्रेस ने तो मुख्यमंत्री को गृह विभाग छोड़ने तक की सलाह दे डाली थी। खास बात यह थी कि सरकार में सहयोगी भाजपा के नेताओं ने भी इस वारदात को लेकर सवाल उठाए। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग कर दी थी।

राजनीतिक दबाव बढ़ता जा रहा था और पुलिस पर जल्द से जल्द हत्यारों को पकड़ने की चुनौती थी।

आखिरकार हत्या के 21वें दिन पुलिस को पहली कामयाबी मिली। 2 फरवरी 2021 को पटना के रामकृष्णा नगर इलाके में छापेमारी कर रितुराज सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उसे रूपेश हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया। इसके बाद 24 मार्च को उसके दूसरे साथी सौरभ उर्फ पवन उर्फ खरहा को गिरफ्तार किया गया। फिर 5 अप्रैल को तीसरे आरोपी पुष्कर उर्फ छोटू ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

चौथे आरोपी आर्यन जायसवाल की गिरफ्तारी हत्या के करीब सात महीने बाद हुई।

बिहार पुलिस का दावा है कि रोडरेज में ही इंडिगो एयरलाइंस के मैनेजर रूपेश सिंह की हत्‍या हुई थी (फाइल फोटो)
बिहार पुलिस का दावा है कि रोडरेज में ही इंडिगो एयरलाइंस के मैनेजर रूपेश सिंह की हत्‍या हुई थी (फाइल फोटो)

पुलिस के मुताबिक, वारदात के वक्त दो बाइक का इस्तेमाल किया गया था। एक बाइक पर रितुराज और आर्यन थे, जबकि दूसरी बाइक पर सौरभ और पुष्कर सवार थे। पुलिस का दावा था कि रितुराज जिस बाइक पर बैठा था, उसे आर्यन चला रहा था। वहीं, दूसरी बाइक सौरभ के साथ पुष्कर चला रहा था।

पुलिस ने बताया था कि आर्यन शातिर बाइक चोर था। उसकी रितुराज से दोस्ती हत्या से महज छह-सात महीने पहले हुई थी। दोस्ती के बाद वह रितुराज के साथ रहने लगा था। वह उसके चमनचक वाले घर में रहता था।

आर्यन की गिरफ्तारी से पहले ही पुलिस रितुराज, सौरभ और पुष्कर के खिलाफ करीब 300 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी थी। बाद में आर्यन के खिलाफ अलग से चार्जशीट दाखिल की गई।

पुलिस की चार्जशीट और केस डायरी में हत्या से जुड़ी एक और कहानी सामने आई थी। इसके मुताबिक, रितुराज को एक जमीन पर कब्जा करना था। इसके लिए वह अपने दोस्त साकेत भूषण से 10 लाख रुपए भी ले चुका था।

साकेत भूषण के लिए उसे परशुराम कॉलोनी में जमीन पर कब्जा करना था। पुलिस के मुताबिक, 12 जनवरी को वारदात से पहले चारों आरोपी अलका कॉलोनी स्थित साकेत भूषण के घर भी गए थे।

रितुराज की गिरफ्तारी के बाद पटना पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया। उस वक्त के SSP उपेंद्र शर्मा ने खुद मीडिया के सामने पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आई कहानी बताई थी।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रितुराज ने हत्या की वजह रोडरेज बताई थी।

उसने बताया था कि नवंबर 2020 में लोजपा कार्यालय से एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते में रूपेश की कार से उसकी बाइक टकराते-टकराते बची थी। यह घटना 28-29 नवंबर के आसपास की थी। इस दौरान दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई थी।

रितुराज ने बताया था कि वह चोरी की बाइक पर सवार था। इसलिए उसने उस वक्त विवाद को आगे बढ़ाना ठीक नहीं समझा। हालांकि, इसके बाद उसने रूपेश का पीछा किया और उनके घर का पता लगा लिया।

पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पुनाईचक मोहल्ले में अपराधियों ने इंडिगो एयरलाइन के मैनेजर रूपेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पुनाईचक मोहल्ले में अपराधियों ने इंडिगो एयरलाइन के मैनेजर रूपेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, इसी घटना के बाद उसने रूपेश की हत्या की साजिश रची और अपने तीन दोस्तों को इसमें शामिल किया। उसने कई बार रूपेश की हत्या करने की कोशिश भी की थी। हर बार उसने पुनाईचक स्थित अपार्टमेंट के पास ही वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई, लेकिन अलग-अलग कारणों से सफल नहीं हो पाया।

पुलिस ने दावा किया कि आखिरकार 12 जनवरी 2021 को चारों ने मिलकर रूपेश की हत्या कर दी।

मामला पुलिस की नजर में सुलझ चुका था। चार आरोपी गिरफ्तार थे। चार्जशीट दाखिल हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह भी सामने आ चुकी थी। लेकिन, अदालत में इस कहानी की परीक्षा अभी बाकी थी।

रूपेश हत्याकांड में पुलिस की कहानी पर सबसे बड़ा सवाल 6 अगस्त 2024 को खड़ा हुआ। पटना सिविल कोर्ट ने इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को बरी कर दिया।

मुख्य आरोपी रितुराज सिंह, सौरभ कुमार उर्फ पवन, जयशंकर उर्फ पुष्कर और आर्यन जायसवाल को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए केस से बरी कर दिया।

ट्रायल के दौरान पुलिस की जांच और उसके पेश किए गए सबूतों में गंभीर खामियां सामने आईं। अदालत में पुलिस की वह कहानी साबित नहीं हो सकी, जिसके आधार पर चारों को गिरफ्तार किया गया था।

इस केस में कुल 18 गवाह थे। इनमें 11 पुलिसकर्मी थे, जिनमें तीन-चार जांच अधिकारी भी शामिल थे। बाकी सात निजी गवाह थे। इनमें रूपेश की पत्नी और भाई भी शामिल थे।

अदालत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी मुश्किल CCTV फुटेज, जब्त हथियार और बैलेस्टिक जांच को लेकर आई।

पहली खामी : CCTV फुटेज में अपराधियों की पहचान ही नहीं हुई

पुलिस ने जांच के दौरान दावा किया था कि शंकर पथ पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई थी। घटना के बाद करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की बात भी कही गई थी।

लेकिन, जब ये फुटेज अदालत में पेश किए गए तो पुलिस का दावा कमजोर पड़ गया। कुल 200 फुटेज में से घटनास्थल से संबंधित महज नौ फुटेज ही कोर्ट में पेश किए गए थे। बाकी फुटेज घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर तक के थे। इनमें संदलपुर की फुटेज भी शामिल थी।

अदालत में पेश किए गए नौ फुटेज में भी न तो अपराधियों का चेहरा स्पष्ट दिखाई दिया और न ही उनकी बाइक या उसका नंबर। पुलिस जिन लोगों को अपराधी बताकर गिरफ्तार कर चुकी थी, उनकी पहचान भी इन फुटेज से नहीं हो सकी।

दूसरी तरफ, कुसुम विलास अपार्टमेंट और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को लेकर भी सवाल उठे।

दूसरी खामी : पिस्टल की जगह FSL पहुंच गया देसी कट्टा

पुलिस ने दावा किया था कि रितुराज की गिरफ्तारी के समय उसके पास से मेड इन USA की 15 इंच लंबी पिस्टल और चार गोलियां बरामद की गई थीं।

  • पुलिस के मुताबिक, जब्त पिस्टल और गोलियों को अदालत के सीलबंद डिब्बों में FSL जांच के लिए भेजा जाना था। इसके लिए कोर्ट ने पुलिस को दो अलग-अलग डिब्बे सौंपे थे। एक में पिस्टल और दूसरे में गोलियां रखी गई थीं।
  • लेकिन, FSL में जांच के लिए जब सामान पहुंचा तो वहां केवल एक ही डिब्बा मिला। उसमें मेड इन USA की पिस्टल की जगह 19 सेंटीमीटर लंबा एक देसी कट्टा और उसकी गोली थी।
  • सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि उस डिब्बे पर अदालत की सील और मुहर भी नहीं थी।
  • यानी पुलिस ने जिस हथियार को बरामद करने का दावा किया था, उसकी जगह FSL तक दूसरा हथियार पहुंच गया था। पिस्टल और देसी कट्टे के बीच का अंतर अदालत में पुलिस की जांच पर बड़ा सवाल बन गया।
5 साल बाद भी न्याय के लिए भटक रहा रूपेश का परिवार। हत्या से पहले की रूपेश की फैमिली के साथ की फोटो।
5 साल बाद भी न्याय के लिए भटक रहा रूपेश का परिवार। हत्या से पहले की रूपेश की फैमिली के साथ की फोटो।

तीसरी खामी : बरामद हथियार से नहीं चली थीं रूपेश को लगी गोलियां

इस केस में सबसे अहम सवाल बैलेस्टिक जांच से जुड़ा था। रूपेश के पोस्टमार्टम के दौरान उनके शरीर से छह गोलियां निकाली गई थीं। पुलिस का दावा था कि रितुराज ने जिस हथियार से फायरिंग की थी, उसे बरामद कर लिया गया है।

  • लेकिन, FSL की जांच में यह साबित नहीं हो सका कि रूपेश के शरीर से निकली गोलियां उसी देसी कट्टे से चलाई गई थीं, जिसे जांच के लिए भेजा गया था। बैलेस्टिक जांच में हथियार और गोलियों का मिलान नहीं हुआ।
  • इस तरह पुलिस की ओर से बरामदगी का दावा किया गया हथियार भी हत्या में इस्तेमाल हथियार साबित नहीं हो पाया।
  • CCTV फुटेज से पहचान नहीं हुई, जब्त पिस्टल की जगह FSL में देसी कट्टा पहुंच गया और बैलेस्टिक जांच में भी हथियार का मिलान नहीं हुआ। इन खामियों के चलते पुलिस की पूरी कहानी अदालत में साबित नहीं हो सकी और चारों आरोपी बरी हो गए।

अदालत से आरोपियों के बरी होने के बाद उनके वकील सूर्यप्रकाश सिंह ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने सवाल किया था कि आखिर पटना पुलिस किसे बचा रही थी?

वकील का दावा था कि पुलिस ने इस मामले में पूरी तरह झूठा केस तैयार किया था। उनका कहना था कि कुसुम विलास अपार्टमेंट के बाहर और घटनास्थल के आसपास आठ से दस CCTV कैमरे लगे हुए थे।

कोर्ट में जांच अधिकारी ने भी स्वीकार किया था कि स्थानीय लोगों ने उन्हें आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालने की सलाह दी थी। लोगों का कहना था कि इससे हत्या से जुड़ा कोई क्लू मिल सकता है। लेकिन, जांच अधिकारी ने उन कैमरों की फुटेज खंगाली ही नहीं।

इस सवाल ने पुलिस की जांच पर और गंभीर संदेह खड़े कर दिए।

पटना सिविल कोर्ट से चारों आरोपियों के बरी होने के बाद रूपेश का परिवार इस फैसले के खिलाफ पटना हाईकोर्ट पहुंचा।

परिवार ने 1 जनवरी 2025 को हाईकोर्ट में अपील दाखिल की। इसके बाद सभी आरोपियों को नोटिस भी जारी किया गया। लेकिन, अब तक इस मामले में सुनवाई शुरू नहीं हो सकी है। केस लिस्ट में भी नहीं आ पा रहा है।

लंबे समय से न्याय का इंतजार कर रहे परिवार की उम्मीदें भी अब कमजोर पड़ती जा रही हैं।

परिवार के सामने आज भी वही सवाल है। जिस पुलिस ने दावा किया था कि रूपेश की हत्या इन्हीं चार लोगों ने की है, वे सभी अदालत से बरी कैसे हो गए? अगर ये चारों हत्यारे नहीं थे, तो फिर रूपेश की हत्या किसने की?

पांच साल से ज्यादा वक्त बीत चुका है। पुलिस की जांच पूरी हुई, चार गिरफ्तारियां हुईं, चार्जशीट दाखिल हुई और अदालत में ट्रायल भी हुआ। लेकिन, रूपेश के असली हत्यारों का पता अब तक नहीं चल सका है।

एक हाईप्रोफाइल हत्या, चार गिरफ्तारियां और फिर चारों आरोपियों की रिहाई। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल आज भी जस का तस है- आखिर इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह का हत्यारा कौन है?

खबर अभी बाकी है!

पूरी खबर पढ़ें दैनिक भास्कर ऐप पर। साथ पाएं तेज अपडेट और बेहतर रीडिंग अनुभव
  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट
पूरी खबर पढ़ें ऐप पर
प्रीमियम मेंबर है तो लॉगिन करें

खबर अभी बाकी है!

पूरी खबर पढ़ें दैनिक भास्कर ऐप पर। साथ पाएं तेज अपडेट और बेहतर रीडिंग अनुभव
Scan QR to download app
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें
Download android app - Dainik BhaskarDownload ios app - Dainik Bhaskar
  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट
प्रीमियम मेंबर है तो लॉगिन करें

Bihar News

Today Weather Update

Our Group Site Links