- Hindi News
- Local
- Bihar
- Patna
- The Foundation Stone Of Pirpainti Transmission Line Will Be Laid.
पीरपैंती ट्रांसमिशन लाइन का शिलान्यास होगा:बिहार को सुदृढ़ बिजली व्यवस्था के लिए 12 हजार करोड़ रूपए की सौगात मिलेगी
- कॉपी लिंक

बक्सर थर्मल प्लांट की दूसरी यूनिट का पीएम मोदी आज लोकार्पण करेंगे
बिहार की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 12,254.50 करोड़ रुपए की ऊर्जा परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने बिहार दौरे में पीएम 8,891.50 करोड़ की लागत से तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 3363 करोड़ की नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। बिजली कंपनी मुख्यालय के मुताबिक उद्घाटन वाली परियोजनाओं में सबसे प्रमुख 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट (660 मेगावाट) है।
इसे 7727 करोड़ की लागत से बनाया गया है। साथ ही आरडीएसएस योजना के तहत 854 करोड़ से बने 79 नए पावर सब-स्टेशनों और बिजली हानि न्यूनीकरण (लॉस रिडक्शन) कार्यों का लोकार्पण होगा। इनमें पटना के 7 पावर सब-स्टेशन भी हैं। वहीं, 92.45 करोड़ से बने 132/33 केवी बगहा ग्रिड उपकेंद्र, 88.37 करोड़ से निर्मित 132/33 केवी चंडी ग्रिड उपकेंद्र का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 69.68 करोड़ से बनी 33 केवी की 60 पीएसएस लाइन का उद्घाटन करेंगे। हरित ऊर्जा के तहत नवादा के फुलवरिया बांध में 60 करोड़ से निर्मित फ्लोटिंग सौर परियोजना भी जनता को समर्पित की जाएगी।
पीरपैंती से बेगूसराय-दरभंगा तक ट्रांसमिशन लाइन
भागलपुर के पीरपैंती में निर्माणाधीन 2,400 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था हो रही है। इसके लिए 3,363 करोड़ की लागत से बेगूसराय और दरभंगा तक ट्रांसमिशन लाइन बिछाई जाएगी। इन दोनों जिलों में 400 केवी के नए ग्रिड उपकेंद्रों के निर्माण का पीएम शिलान्यास करेंगे।
पटना में सात पावर सब-स्टेशन का लोकार्पण
प्रधानमंत्री पटना जिले में 33/11 केवी के सात नए पावर सब-स्टेशन और लॉस रिडक्शन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 307.99 करोड़ की लागत से तैयार इन परियोजनाओं के तहत नारायणा (फतुहा), मंझौली (बख्तियारपुर) और गोपालपुर (नौबतपुर), डीपीएस मोड़ व ब्लॉक ऑफिस (दानापुर) तथा एससीईआरटी कैंपस और छोटी पहाड़ी में सब-स्टेशन बनाए गए हैं। साथ ही 497 किमी केबलिंग और 423 नए ट्रांसफार्मर भी लगाए गए हैं। इससे शहरी व ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिल सकेगी।
गयाजी कृषि बाजार का 90 करोड़ रुपए से आधुनिकीकरण किया गया गयाजी के कृषि बाजार प्रांगण का जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण किया गया है। इस पर 90.02 करोड़ की लागत आई है। पीएम नरेंद्र मोदी इसका भी लोकार्पण करेंगे। यह काम राज्य के कृषि विपणन निदेशालय की ओर से कराया गया है। गयाजी कृषि बाजार में वेंडिंग प्लेटफॉर्म, दुकानें, वे-ब्रिज, जल निकासी, प्रशासनिक भवन, आंतरिक सड़कें, श्रमिक विश्राम गृह, सोलर पैनल, मछली बाजार, कर्मचारी कैंटीन, केला मंडी और अपशिष्ट निपटान के लिए कम्पोस्टिंग संयंत्र विकसित किए गए हैं। इससे किसानों और व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण मिलेगा। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बाजारों को किसान सुविधा, कृषि व्यापार की मजबूती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के केंद्र बनाना सरकार का लक्ष्य है।






















