सरकार बोली-बिलासपुर एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन के लिए 300 करोड़ नहीं:हाईकोर्ट ने कहा- AAI को सौंपने पर विचार करें, वादों से पीछे नहीं हट सकते

बिलासपुर5 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक

बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने ‎का वादा राज्य सरकार हाईकोर्ट में पिछले 9 साल से ‎करती रही है। अब सरकार ने हाईकोर्ट में कहा है कि इसके अपग्रेडेशन के लिए फिलहाल 300 करोड़ रुपए नहीं हैं।

सरकार ने कहा कि अगर एयरलाइन कंपनियां बड़े विमान और उड़ानें शुरू करने की गारंटी देंगी, तभी एयरपोर्ट के विकास पर विचार किया जाएगा।

सरकार के इस रुख पर चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार पहले दिए गए शपथ पत्र और वादों से पीछे नहीं हट सकती।

अगर सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती तो इसे पूरी तरह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को सौंपने पर विचार करे।

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और AAI दोनों से एयरपोर्ट के विकास और संचालन की जिम्मेदारी पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी।

हाईकोर्ट ने कहा कि सरकार सरकार एयरपोर्ट को AAI को सौंपने पर विचार करे।
हाईकोर्ट ने कहा कि सरकार सरकार एयरपोर्ट को AAI को सौंपने पर विचार करे।

2017 से चल रही है जनहित याचिकाओं पर सुनवाई

बिलासा एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन और हवाई सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर 2017 से हाईकोर्ट में जनहित याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है। अब तक की सुनवाई में राज्य सरकार एयरपोर्ट के विकास के लिए लगातार काम करने का दावा करती रही है। हाईकोर्ट ने भी इस संबंध में कई दिशानिर्देश दिए हैं, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हो सका है।

अब सुनवाई के दौरान राज्य सरकार का नया रुख सामने आया है। सरकार ने 300 करोड़ रुपए की कमी बताते हुए एयरलाइन कंपनियों की गारंटी मिलने पर ही अपग्रेडेशन पर विचार करने की बात कही है।

सरकार बोली- यात्री कम, इसलिए हो रहा घाटा

राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या कम होने से घाटा हो रहा है। एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए करीब 300 करोड़ रुपए की जरूरत है, लेकिन फिलहाल सरकार के पास इतनी राशि उपलब्ध नहीं है।

सरकार का कहना है कि एयरलाइन कंपनियां बड़े विमान और नियमित उड़ानें चलाने की गारंटी देंगी, तभी अपग्रेडेशन पर विचार किया जाएगा। ऐसा नहीं होने पर भविष्य में बजट मिलने के बाद काम कराया जाएगा।

अपग्रेडेशन की मांग को लेकर 2017 से हाईकोर्ट में जनहित याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है।
अपग्रेडेशन की मांग को लेकर 2017 से हाईकोर्ट में जनहित याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है।

पहले वादा किया, अब पीछे कैसे हट सकती है सरकार?

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार पहले शपथ पत्र देकर एयरपोर्ट के विकास का भरोसा दे चुकी है। अब पदस्थ अधिकारी अपनी मर्जी से सरकार के पुराने आश्वासनों से पीछे नहीं हट सकते। याचिकाकर्ताओं ने भी 2026 के एक आदेश का हवाला देकर सरकार को उसके पुराने वादे याद दिलाए।

चीफ जस्टिस ने सवाल किया कि जब सरकार पहले ही एयरपोर्ट के विकास का वादा कर चुकी है तो अब अपना रुख कैसे बदल सकती है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में सरकार की ओर से नया शपथ पत्र दाखिल किया जाता है तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हाईकोर्ट ने दस्तावेजों की जांच में पाया कि जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी AAI को नहीं भेजी गई है।
हाईकोर्ट ने दस्तावेजों की जांच में पाया कि जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी AAI को नहीं भेजी गई है।

103 करोड़ के 2 प्रस्ताव पांच महीने से मंत्रालय में लंबित

याचिकाकर्ताओं के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव और अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने सरकार की दलील का विरोध किया।

उन्होंने बताया कि रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ और नए एटीसी टावर के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपए का प्रस्ताव पिछले पांच महीने से मंत्रालय में लंबित है।

दोनों प्रस्ताव मंजूर हो जाते हैं तो 103 करोड़ रुपए में ही 4C श्रेणी के लिए जरूरी आधे से ज्यादा काम पूरे हो सकते हैं।

यात्रियों की संख्या कम होने की दलील को बताया गलत

याचिकाकर्ताओं के वकील ने यात्रियों की संख्या कम होने की सरकार की दलील को गलत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार के शपथ पत्र के पैरा-6 के मुताबिक 2021 में करीब 22 हजार यात्रियों ने बिलासपुर एयरपोर्ट से सफर किया था।

इसके बाद 2022, 2023, 2024 और 2025 में हर साल 35 से 36 हजार यात्रियों ने हवाई यात्रा की। 2023 के बाद उड़ानों की संख्या कम हुई है। एयरपोर्ट का विकास और उड़ानों का विस्तार नहीं होने से भी यात्रियों की संख्या प्रभावित हुई है।

AAI को जमीन का पूरा ब्योरा तक नहीं भेजा

सुनवाई के दौरान सामने आया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने 12 अक्टूबर 2026 को ई-मेल भेजकर एयरपोर्ट की जमीन का क्षेत्रफल, स्वामित्व, विवाद या किसी तरह के भार की स्थिति और रनवे की लंबाई समेत दूसरी जानकारियां मांगी थीं। सरकार ने बताया कि ये जानकारियां 2 नवंबर को भेज दी गई हैं।

हालांकि, हाईकोर्ट ने दस्तावेजों की जांच में पाया कि जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी AAI को नहीं भेजी गई है। इस पर सरकार ने बाकी जानकारी तत्काल भेजने और इस संबंध में शपथ पत्र दाखिल करने का भरोसा दिया।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links