सक्ती में सूने घर से जेवर और कैश चोरी:नाबालिग समेत 3 आरोपी पकड़ाए; इधर घर से 12 लीटर महुआ शराब-100 KG लाहन जब्त

सक्ती2 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोहारडीह में सूने घर का ताला बंद होने का फायदा उठाकर चोरी की गई। घर से सोने के दो माला, चांदी का एक जोड़ी पायल और 30 हजार रुपए नकद चोरी हुए थे।

.

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नाबालिग बालक को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का एक चांदी का पायल बरामद किया है।

मजदूरी करने गई थी महिला, शाम को घर लौटी तो मिली टूटी पेटी

ग्राम बोहारडीह निवासी मालाबाई चौहान (47) ने 25 नवंबर 2026 को डभरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे वह घर में ताला लगाकर मजदूरी करने डभरा गई थी। उसकी मां धीरज बाई चौहान भी दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने खरसिया गई थीं।

शाम करीब 6 बजे मालाबाई घर लौटी तो अंदर रखी टीन की पेटी की कुंडी टूटी मिली। पेटी में रखे सोने के दो माला, एक जोड़ी चांदी का पायल और प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के 30 हजार रुपए गायब थे। सोने के एक माला में 9 और दूसरे में 7 फल लगे थे।

पूछताछ में सागर और बालक ने बताई चोरी की बात

रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थिया और गवाहों के बयान लिए। घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा भी तैयार किया।

जांच के दौरान सागर चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने बताया कि नोबेल चौहान से सूचना मिलने के बाद उन्होंने चोरी की थी। उनकी निशानदेही पर चोरी का एक चांदी का पायल बरामद किया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, बालक की प्रक्रिया पूरी की

इसके बाद पुलिस ने नोबेल चौहान से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने भी चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद ग्राम बोहारडीह निवासी सागर चौहान (18) और नोबेल चौहान (26) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना दोनों आरोपियों के परिजनों को दी। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

घर से 12 लीटर महुआ शराब और 100 किलो लाहन जब्त

सक्ती जिले के ग्राम साजाडेरा में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 12 लीटर महुआ शराब और आंगन में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 100 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

छद्म खरीदार भेजकर की शराब बिक्री की पुष्टि

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर जयश्री जैन के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी रत्नेश मरावी के मार्गदर्शन में 28 नवंबर को आबकारी टीम ने कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ग्राम साजाडेरा पहुंची।

वार्ड क्रमांक 11 निवासी बुद्धेश्वर कंवर (38) के घर से महुआ शराब बेचने की शिकायत मिली थी। इसकी पुष्टि के लिए टीम ने पहले छद्म खरीदार भेजकर शराब खरीदी। बिक्री की पुष्टि होने के बाद आबकारी टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी।

कमरे में पाउच और बोतलों में मिली शराब

तलाशी के दौरान आरोपी के शयनकक्ष से 40 पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिले। इनमें 200-200 मिलीलीटर के हिसाब से कुल 8 लीटर महुआ शराब भरी थी। इसके अलावा दो हरी प्लास्टिक बोतलों में 2-2 लीटर शराब मिली। इस तरह कुल 12 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

आंगन में जमीन के नीचे छिपाया था 100 किलो लाहन

आबकारी टीम को घर के आंगन में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पांच प्लास्टिक डिब्बे भी मिले। इनमें 20-20 किलो के हिसाब से कुल 100 किलो महुआ लाहन भरा था। विभाग ने शराब और लाहन दोनों जब्त कर लिए।

आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

आबकारी विभाग ने बुद्धेश्वर कंवर के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) और 34(2) के तहत केस दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।


LockIcon
Content blocker

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर

DB QR Code
एप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंDownload android app - Dainik BhaskarDownload ios app - Dainik Bhaskar
पूरी खबर पढ़ें ऐप परप्रीमियम मेंबरशिप है तो लॉगिन करें

Local NEWS

Today Weather Update

Our Group Site Links