- Hindi News
- Local
- Haryana
- Gurugram
- Gurugram Trader Naim Khan Murder Case | Crime Investigation Update
गुरुग्राम में ₹74 हजार के लिए हुआ व्यापारी का मर्डर:पुलिस को गुमराह करने के लिए खोदा गड्ढा, 100 मीटर दूर दबाया शव
- कॉपी लिंक

गुरुग्राम में मूंगफली व्यापारी नईम खान की हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने 75 हजार रुपए का उधार चुकाने से बचने और दुकान के गल्ले से ढाई लाख रुपए लूटने के लिए नईम की गला दबाकर हत्या कर दी।
इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने मॉल के पीछे एक गड्ढा खोदा। इसके बाद शव को वहां से करीब 100 मीटर दूर सीवरेज के सूखे गड्ढे में दबा दिया। उन्होंने शव के ऊपर नमक की 12 थैलियां डाल दीं, ताकि लाश जल्दी गल जाए।
आरोपियों ने हिसाब बराबर दिखाने के लिए हत्या के बाद मृतक के मोबाइल में 'खाताबुक' ऐप पर 60 हजार रुपए की फर्जी लेनदारी भी दर्ज कर दी। परिवार ने चार लोगों को संदिग्ध बताया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।

बबलू पर परिजनों के शक की 3 बड़ी वजहें...
- एहसान का बदला कत्ल: मृतक नईम के भाई हनीफ ने बताया कि नईम ने आरोपी बबलू की बहन की शादी के लिए 75 हजार रुपए उधार दिए थे। परिजनों को शक है कि यही रकम वापस न करनी पड़े, इसलिए बबलू ने नईम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
- दुकान के गल्ले से कैश गायब: नईम की दुकान के गल्ले में रखी दो लाख रुपए से अधिक की नकदी भी गायब है। इस वजह से परिजनों को शक है कि बबलू ने ही लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
- खाताबुक में 60 हजार की फर्जी एंट्री: नईम के लापता होने के दो दिन बाद 8 नवंबर की शाम 6 बजे उसके मोबाइल से खाताबुक एप पर 60 हजार रुपए की लेनदारी दर्ज की गई। परिवार को शक है कि हत्या के बाद आरोपियों ने हिसाब बराबर दिखाने के लिए यह फर्जी एंट्री की।

पुलिस की जांच में अब तक ये बातें सामने आईं...
- मॉल के पीछे CCTV में दिखे 4 संदिग्ध: पुलिस ने सेक्टर-63 में CCTV फुटेज खंगाले तो 8 नवंबर की शाम एक मॉल के पीछे चार संदिग्ध खड़े दिखाई दिए। वहां खुदाई के निशान मिलने पर पुलिस ने बुलडोजर से खुदाई करवाई, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद पास ही दूसरी जगह खुदाई के निशान मिले। यहां से नईम का शव और नमक के खाली रैपर बरामद हुए।
- 14 दिन बाद भी ज्यादा डिकंपोज नहीं हुई थी लाश: 14 दिन बाद जब पुलिस ने सीवरेज के गड्ढे से नईम का शव निकाला तो वह ज्यादा डिकंपोज नहीं हुआ था। डॉक्टरों के बोर्ड ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। इसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी परिजनों को नहीं सौंपी गई है।
- ट्रैफिक सिग्नल के पास मिला मोबाइल, कॉल डिटेल्स की जांच: नईम का मोबाइल फोन सेक्टर-65 से सेक्टर-58 जाने वाली सड़क पर एक ट्रैफिक सिग्नल के पास पड़ा मिला। पुलिस ने फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच की है। अब कॉल डिटेल्स (CDR) के जरिए वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
तीन टीमें जांच में जुटीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। संदिग्ध आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। मॉल के पीछे गड्ढा खोदते दिखाई दिए चारों संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।






















