गुरुग्राम में ट्रक में 371 किलो गांजा पकड़ा:वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते ला रहे थे, STF की घेराबंदी; चूरू के 2 तस्कर गिरफ्तार

गुरुग्राम35 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
गुरुग्राम में एसटीएफ कार्यालय, जहां टीम द्वारा पकड़े गए आरोपियों को लाया गया। - Dainik Bhaskar
गुरुग्राम में एसटीएफ कार्यालय, जहां टीम द्वारा पकड़े गए आरोपियों को लाया गया।

गुरुग्राम में स्पेशल टास्क फोर्स की सेंट्रल यूनिट ने बल्लभगढ़-सोहना रोड पर सांचोली गांव के नजदीक राजस्थान नंबर के एक टाटा ट्रक से 371.680 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से ट्रक में सवार राजस्थान के चूरू जिले के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम सज्जन निवासी चांदगोठी, राजगढ़, जिला चूरू तथा कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम रामसिंह निवासी त्रिपाली छोटी, जिला चूरू (राजस्थान) बताया।

मुखबिर की सूचना पर आधे घंटे में की घेराबंदी

STF सेंट्रल यूनिट के प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर नरेन्द्र सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के सदस्य सिपाही ललित, सिपाही संदीप और चालक सिपाही कुलदीप के साथ सरकारी गाड़ी में लाखूवास मोड़ सोहना के पास अपराध की रोकथाम व गश्त पर तैनात थे। टीम अपने साथ मौके पर ही कार्रवाई पूरी करने के लिए निजी लैपटॉप, प्रिंटर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी रखे हुए थी।

25 नवंबर की शाम को 6:00 बजे एक विशेष मुखबिर ने गुप्त सूचना दी कि राजस्थान नंबर का एक टाटा ट्रक नंबर RJ 21GB 4543 वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे से होते हुए सांचोली गांव की तरफ आ रहा है, जिसमें भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ है।

सूचना टीम ने लाखूवास कट की ओर से आते हुए संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस नाका देखकर चालक ने ट्रक को करीब 25-30 कदम पहले ही रोक दिया। पुलिस टीम ने तुरंत ट्रक को घेरकर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया।

नायब तहसीलदार की निगरानी में खुले काले तिरपाल

सूचना मिलने पर बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट सोहना के नायब तहसीलदार बीर सिंह रात करीब 9:50 बजे मौके पर पहुंचे। नियमानुसार पहले ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस टीम की तलाशी ली और फिर उनकी निगरानी में दोनों आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी ली गई, जिसमें उनके कपड़ों से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला।

इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के लिखित आदेश पर जब ट्रक के पिछले डाले को खोलकर जांच की गई, तो अंदर काले पॉलीथीन और तिरपाल से ढके हुए अलग-अलग रंगों के 19 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। कट्टों को खोलकर जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में गांजा भरा पाया गया। आरोपी इस संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके।

19 कट्टों का वजन 371.680 किलो

पीएसआई नरेंद्र सिंह ने बातया कि पुलिस टीम ने मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटे की मदद से सभी 19 कट्टों का अलग-अलग वजन किया। कट्टों का कुल वजन 371.680 किलोग्राम दर्ज किया गया। पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता के लिए सिपाही कुलदीप द्वारा ‘ई-साक्ष्य’ ऐप पर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई।

सदर सोहना में केस दर्ज

बरामद सभी 19 कट्टों और तैयार किए गए दो सैंपल सील किए गए और गांजे की खेप और टाटा ट्रक को बतौर सबूत कब्जे में ले लिया है। पुलिस की शिकायत पर थाना सदर सोहना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। अब पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि तस्कर यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links