- Hindi News
- Local
- Haryana
- Karnal
- Karnal Sugar Mill Crushing Season Inauguration | Farmers Protest Price
करनाल शुगर मिल में पिराई सत्र शुरू, किसानों में रोष:विरोध के चलते एक ट्रॉली गन्ना से शुभारंभ, डीसी बोले- बातचीत कर निकालेंगे समाधान
- कॉपी लिंक

करनाल शुगर मिल के 51वें पिराई सत्र का मंगलवार को शुभारंभ हो गया, लेकिन गन्ने के भाव को लेकर किसानों की नाराजगी ने मिल प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। शुभारंभ के मौके पर मिल में गन्ने की सिर्फ 1 ट्रॉली पहुंची। किसानों के विरोध और ऑनलाइन टोकन व्यवस्था को
एक तरफ डीसी आनंद कुमार किसानों से बातचीत कर समस्याओं का समाधान निकालने की बात कह रहे हैं, वहीं मिल की एमडी अदिति को उम्मीद है कि जल्द ही किसान गन्ना लेकर पहुंचेंगे और पिराई शुरू हो जाएगी। दूसरी तरफ किसानों का कहना है कि 430 रुपए प्रति क्विंटल के भाव में खेती से मुनाफा नहीं हो रहा। किसान जगमीत सिंह ने कहा कि वह मिल प्रबंधन के साथ पुराने भाईचारे के चलते एक ट्रॉली गन्ना लेकर आए हैं, लेकिन वह भी मौजूदा भाव से संतुष्ट नहीं हैं।

भाईचारा निभाने के लिए लाया गन्ना, भाव से संतुष्ट नहीं किसान
पिराई सत्र के शुभारंभ पर गन्ने की ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान जगमीत सिंह ने बताया कि वह पिछले 12-13 वर्षों से हर बार सबसे पहले गन्ना लेकर आते रहे हैं। इस बार उन्होंने भी किसानों के विरोध में शामिल होते हुए गन्ना नहीं लाने का फैसला किया था। उनका कहना है कि सरकार ने गन्ने का जो भाव निर्धारित किया है, उससे किसान संतुष्ट नहीं हैं।
इसके बावजूद मिल प्रबंधन के आग्रह पर वह एक ट्रॉली गन्ना लेकर पहुंचे हैं। जगमीत सिंह ने बताया कि मिल प्रबंधन के साथ उनका पुराना भाईचारा है। पिछले वर्षों में वह ही सबसे पहले गन्ना लेकर आते थे और उनके पहुंचने पर मिल के गेट खुलते थे। इस बार भी प्रबंधन ने उनसे पुरानी परंपरा निभाने का आग्रह किया तो वह गन्ना लेकर आ गए।
उन्होंने साफ कहा कि मौजूदा भाव में किसान को कोई फायदा नहीं है। वह किसानों के विरोध के साथ हैं और आगे गन्ना लेकर आने का फैसला परिस्थितियों के अनुसार करेंगे।

किसान बोले- खर्चे वाली खेती में कर्ज से बाहर निकलना मुश्किल
किसान बल सिंह लोकस ने खेती की लागत पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान अपनी जेब से पैसा खर्च करके खेती कर रहा है, लेकिन उसे उस हिसाब से आमदनी नहीं मिल रही। जब तक खेती बिना खर्चे या कम खर्च में करने की व्यवस्था नहीं बनेगी, तब तक किसान कर्ज से बाहर नहीं निकल सकता।
उन्होंने कहा कि केवल गन्ने का भाव बदलने से समस्या का समाधान नहीं होगा। अगर मिल में उचित भाव नहीं मिलता तो किसान गुड़ बनाकर उत्तर प्रदेश में बेचने का विकल्प अपना सकते हैं। वहां अधिक भाव मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि खेती की लागत और आमदनी के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है।

डीसी बोले- टोकन सिस्टम पर किसानों से बातचीत जारी
डीसी आनंद कुमार ने बताया कि 51वें पिराई सत्र का शुभारंभ कर दिया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों को नए पिराई सत्र की बधाई दी।
डीसी ने कहा कि ऑनलाइन टोकन सिस्टम और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर किसानों की शुरुआती असहमति सामने आई है। इस संबंध में किसानों से बातचीत की जा रही है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उद्देश्य यही है कि किसान अपने निर्धारित मिल में गन्ना लेकर आएं और उन्हें इधर-उधर न भटकना पड़े।
उन्होंने बताया कि गन्ने के पोर्टल पर कुछ किसानों द्वारा धान की फसल का पंजीकरण करवाने के मामले की भी जांच चल रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए मिल में पानी, चाय और कैंटीन की व्यवस्था की गई है। कैंटीन में 10 रुपए में भरपेट खाना उपलब्ध करवाया जाएगा।

एमडी बोलीं- 42 लाख क्विंटल पिराई और 10% रिकवरी का लक्ष्य
शुगर मिल की एमडी अदिति ने बताया कि पिराई सत्र का शुभारंभ हो चुका है। जैसे-जैसे किसान गन्ना लेकर आएंगे, मिल पूरी क्षमता से पिराई शुरू कर देगी। इस सीजन में 42 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई और 10% रिकवरी का लक्ष्य रखा गया है।
पिछले साल करीब 49 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई हुई थी और रिकवरी 9.55% रही थी। इस बार रिकवरी बढ़ाने के साथ गन्ने का रकबा भी बढ़ाने का प्रयास किया गया है। पुराने किसानों से संपर्क कर उन्हें दोबारा गन्ने की बिजाई के लिए प्रेरित किया गया है।
इस साल 430 रुपए, अगले साल 450 रुपए मिलेगा भाव
एमडी ने बताया कि सरकार ने इस साल गन्ने का भाव 430 रुपए प्रति क्विंटल और अगले साल के लिए 450 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया है। उनका कहना है कि दो साल का भाव एक साथ घोषित होने से किसानों को पहले ही जानकारी मिल गई है।
गुड़ बनाने वाले कोल्हुओं की ओर से अधिक भाव दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे सीमित मात्रा में गन्ना खरीदते हैं। इसलिए इससे मिल की पिराई क्षमता पर विशेष असर पड़ने की संभावना नहीं है।
50 एकड़ में केन हार्वेस्टर से होगी कटाई
मिल ने गन्ने की कटाई को आधुनिक बनाने के लिए केन हार्वेस्टर मशीन भी खरीदी है। एमडी के अनुसार, पूरे हरियाणा में फिलहाल केवल 3 केन हार्वेस्टर खरीदे गए हैं। करनाल मिल के करीब 50 एकड़ क्षेत्र में 4 फुट की दूरी पर बोए गए गन्ने की कटाई इस मशीन से की जाएगी।
इससे किसानों को आधुनिक तरीके से गन्ने की खेती और मशीन से कटाई के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















