भोपाल रेलवे स्टेशन की पार्किंग से एक्टिवा चोरी:CCTV में कैद हुआ युवक; कर्मचारियों से कुछ कहता हुआ ले गया गाड़ी

भोपाल1 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की पार्किंग से एक्टिवा चोरी होने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक पार्किंग से स्कूटी ले जाता दिखाई दे रहा है। वह पहले वहां मौजूद कर्मचारियों से बातचीत करता है और फिर स्कूटी लेकर निकल जाता है। मामले में जहांगीराबाद निवासी 27 वर्षीय आदित्य प्रधान ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 22 नवंबर की रात करीब 7 बजे की है। आदित्य रेलवे स्टेशन पर सामान देने आया था। उसने अपनी सफेद रंग की होंडा एक्टिवा (MP04UA8127) आरएमएस के पास बनी पार्किंग में खड़ी की थी। सामान देकर लौटने पर स्कूटी वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला।

डिग्गी में रखे थे आधार-पैन कार्ड और एटीएम

आदित्य ने पुलिस को बताया कि स्कूटी की डिग्गी में ब्राउन रंग का पॉकेट पर्स रखा था। इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और एसबीआई का एटीएम कार्ड था। चोरी गई एक्टिवा की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।

CCTV में कर्मचारियों से बात करता दिखा युवक

पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक युवक स्कूटी ले जाता दिखाई दे रहा है। आशंका है कि उसने स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी की। फुटेज में वह पार्किंग कर्मचारियों से बातचीत करता भी नजर आ रहा है। आरोपी का नाम रईस बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान और घटना में भूमिका की पुष्टि नहीं की है।

पार्किंग संचालक का आरोप- बिना पर्ची आते हैं कई लोग

पार्किंग संचालक राशिदा ने स्टेशन परिसर में अवैध आवाजाही को चोरी की घटनाओं की बड़ी वजह बताया है। उनका आरोप है कि पानी, पार्सल, ढोकले और समोसे बेचने वाले कई लोग बिना पर्ची और शुल्क दिए पार्किंग के रास्ते स्टेशन परिसर में आते-जाते हैं। उन्हें रोकने पर पार्किंग कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता की जाती है।

राशिदा का दावा है कि इस संबंध में आरपीएफ और जीआरपी को पहले भी कई बार शिकायतें दी गई हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि स्टेशन के पिछले हिस्से से भी लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

.

    MP Local News

    Today Weather Update

    Our Group Site Links