- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Bhopal Murder Case | Youth Beaten To Death After Liquor Party Dispute
भोपाल में युवक की डंडे से पीटकर का हत्या:शराब पार्टी के बाद हुआ विवाद, पुरानी रंजिश के चलते शुरू हुई थी बहस
- कॉपी लिंक

भोपाल के रातीबड़ इलाके में शराब पार्टी के बाद दोस्तों के बीच हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश को लेकर दो दोस्तों के बीच गाली-गलौज हो रही थी।
इसी दौरान बीच-बचाव करने आए विक्रम मालवीय ने गोलू को अपना भाई बताते हुए वैभव बामनिया को गाली देने से रोका। इस बात से नाराज वैभव ने बांस के डंडे से विक्रम पर तीन वार कर दिए। दो वार पेट और एक कनपटी के पास लगा। गंभीर चोटों के कारण विक्रम मौके पर ही गिर पड़ा।
दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार शाम को की थी पार्टी
पुलिस के मुताबिक, सूरज नगर निवासी विक्रम मालवीय टाइल्स लगाने का काम करता था। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह पांच दोस्तों के साथ स्टेट डेयरी फार्म के पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान में पहुंचा था। यहां सभी ने मिलकर चिकन बनाया और शाम करीब सात बजे शराब पार्टी शुरू कर दी। रात करीब आठ बजे सभी घर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान बातचीत में पुरानी रंजिश का जिक्र आने पर वैभव ने गोलू को गालियां देना शुरू कर दिया। दोनों के बीच विवाद बढ़ता देख विक्रम ने बीच-बचाव किया और वैभव को गोलू को गाली देने से रोका। इसी बात पर भड़के वैभव ने बांस के डंडे से उस पर हमला कर दिया।
नशे में बेसुध समझते रहे दोस्त
हमले के बाद विक्रम जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोस्त कुछ देर तक उसे नशे में बेसुध समझते रहे। सिर पर चोट लगने के बावजूद खून नहीं निकलने से उन्हें उसकी गंभीर हालत का अंदाजा नहीं हुआ। जब दोस्तों ने उसे उठाने की कोशिश की तो शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
इसके बाद वे उसे सूरज नगर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हमीदिया अस्पताल ले जाने की सलाह दी। रात करीब साढ़े दस बजे जांच के बाद डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी के परिजन कुक्कुट विकास निगम में कार्यरत
सब इंस्पेक्टर गौरव पांडे ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद रातीबड़ पुलिस ने जांच शुरू की। पार्टी में मौजूद दोस्तों से पूछताछ और घटनाक्रम के आधार पर वैभव बामनिया के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। आरोपी के परिजन कुक्कुट विकास निगम में कार्यरत हैं और बुल मदर फार्म के पास बने सरकारी आवास में रहते हैं।






















